
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने गुरुवार शाम अगले दो से तीन घंटों के लिए उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में आंधी, वज्रपात और बारिश को लेकर तत्काल (नाउकास्ट) चेतावनी जारी की है। यूपी के 14 जिलों में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और पंजाब के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर, आजमगढ़, बहराइच, बांदा, चित्रकूट, हरदोई, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, लखीमपुर खीरी, लखनऊ, श्रावस्ती, सीतापुर और उन्नाव में तेज गरज-चमक, वज्रपात, करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और प्रति घंटे 15 मिमी से अधिक भारी बारिश की संभावना जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया है।
आईएमडी ने उत्तर प्रदेश के अमेठी, औरैया, अयोध्या, बदायूं, बलिया, बलरामपुर, बाराबंकी, बरेली, बस्ती, फर्रुखाबाद, फतेहपुर, गाजीपुर, गोंडा, गोरखपुर, हमीरपुर, मऊ, रायबरेली, रामपुर, संभल, संत कबीर नगर और शाहजहांपुर जिलों में गरज-चमक, वज्रपात, 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और मध्यम बारिश की संभावना जताई है।
आईएमडी ने उत्तर प्रदेश के अलावा छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, बिहार, गुजरात, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और पंजाब के कई जिलों के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार, बलरामपुर, बेमेतरा, बिलासपुर, दुर्ग, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, जांजगीर-चांपा, जशपुर, कबीरधाम, कोरबा, कोरिया, मुंगेली, रायगढ़, रायपुर, सूरजपुर और सरगुजा में तेज हवाएं चलने और मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है।
इसके अलावा मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश के अनूपपुर, दमोह, डिंडोरी, जबलपुर, मंडला, रीवा, सागर, शहडोल, सीधी, सिंगरौली और विदिशा, बिहार के पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, शिवहर और सीतामढ़ी, गुजरात के कच्छ, मोरबी, राजकोट और सुरेंद्रनगर, पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम और पश्चिम मेदिनीपुर, ओडिशा के सुंदरगढ़ तथा पंजाब के तरनतारन जिले में गरज-चमक, वज्रपात, 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और 5 से 15 मिमी प्रति घंटे की मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है। आईएमडी ने सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान पेड़ों या कमजोर संरचनाओं के नीचे शरण न लें, अनावश्यक यात्रा से बचें, सड़क और यातायात की स्थिति की जानकारी लेते रहें तथा स्थानीय प्रशासन और संबंधित एजेंसियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।