
केंद्र सरकार द्वारा जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35 ए हटाने के बाद पाकिस्तान बौखला गया है। एक और पाकिस्तान सरकार ने संसद की आपातकालीन बैठक बुलाई तो दूसरी ओर पाकिस्तान के पीएम इमरान खान पर विपक्षी पार्टियों ने हमला बोला है। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की बेटी मरियम नवाज ने इमरान खान को खरी खोटी सुनाई है।
उन्होंने कहा, “अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कश्मीर के मुद्दे पर मध्यस्थता की बात करके प्रधानमंत्री इमरान खान को मूर्ख बनाया और वे अनुमान नहीं लगा पाए कि भारत में क्या योजना चल रही है।”
इमरान खान पर तीखा हमला बोलते हुए मरियम ने कहा कि उन्हें पाकिस्तान के लोगों को यह बताना चाहिए कि आखिर अमेरिका ने आपसे क्या वादा किया था। क्या हस्तक्षेप का प्रस्ताव एक जाल था, जिसमे आप फंस गए, या फिर आपको हर बार की तरह इस बारे में कोई जानकारी ही नहीं थी कि भारक क्या योजना बना रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि इमरान खान इस बात का अंदाजा लगाने में पूरी तरह से विफल रहे कि क्या होने वाला है, यही नहीं वह पूरी तरह से इस बात से अनभिज्ञ थे कि भारत सरकार किस चीज की तैयारी कर रही थी।
गौरतलब है कि गृहमंत्री अमित शाह ने सोमवार को राज्यसभा में जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35 ए को हटाने का संकल्प पेश किया, जो मत विभाजन के जरिए 61 के मुकाबले 125 मतों से पास हो गया। इसके साथ राज्य को दो भागों जम्मू कश्मीर और लद्दाख के रूप में विभाजित होगा, केंद्र शासित प्रदेश होगा। आज लोकसभा में इस पर बहस जारी है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 06 Aug 2019, 1:06 PM IST