
यूपी के फिरोजाबाद जनपद के थाना नगला खंगर क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर दिल्ली से गोरखपुर जा रही एक डबल डेकर बस डिवाइडर से टकराकर खाई में जा गिरी जिससे उसमें सवार 36 यात्री घायल हो गए । इनमें से 28 यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि बाकी को मामूली उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अखिलेश नारायण ने बताया कि गोरखपुर के प्राइवेट ट्रैवल्स की बस दिल्ली से बृहस्पतिवार की रात साढ़े आठ बजे सवारी लेकर गोरखपुर के लिए रवाना हुई । जैसे ही बस जनपद फिरोजाबाद के थाना नगला खंगर क्षेत्र में आगरा–लखनऊ एक्सप्रेस वे पर पहुंची, वह असंतुलित होकर मार्ग विभाजक (डिवाइडर) से टकराई और खाई में जा गिरी । उन्होंने बताया कि इसमें सवार सभी यात्रियों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस से सैफई अस्पताल भेजा गया जहां उनका उपचार चल रहा है।
श्याम लाल गोला की एक प्राइवेट बस नंबर यूपी53 FT 4523 दिल्ली के कश्मीरी गेट से रात को 8:00 बजे गोरखपुर के लिए रवाना हुई थी, जिसमें 36 सवारी बैठी हुई थी. रात करीब 1 बजे सिरसागंज के पास अचानक बस चालक को झपकी आ गई, जिसमें बस रेलिंग तोड़ती हुई सड़क के नीचे उतर गई. तुरंत ही सिरसागंज और नगला खंगर की पुलिस मौके पर पहुंची।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए