
बिहार के छपरा में चुनावी रंजिश में हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। इसी बीच पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) में भर्ती घायलों से मिलने सारण से आरजेडी उम्मीदवार रोहिणी आचार्य पहुंची।
बताया जाता है कि छपरा में हुई घटना में एक आरजेडी समर्थक की मौत हुई है और दो घायलों को बेहतर इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच में भेजा गया है।
रोहिणी आचार्य घायलों को देखने के लिए पीएमसीएच पहुंची। रोहिणी आचार्य के साथ भोला यादव भी मौजूद थे। छपरा में चुनाव के बाद हुई हिंसा में चंदन यादव की मौत हुई है।
चंदन यादव के पिता नागेंद्र राय ने घटना के बाद पत्रकारों को बताया कि उनका बेटा अन्य दिनों की तरह मंगलवार को भी पढ़ने निकला था। इस बीच उन्हें खबर मिली कि उनके पुत्र को गोली लगी है, जब तक वह अस्पताल पहुंचे तब तक उसकी मौत हो गई।
इससे पहले छपरा में मंगलवार को दो गुटों में हिंसक झड़प हुई। इस झड़प में एक व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गई। जबकि, दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जाता है कि सोमवार को सारण के कुछ मतदान केंद्रों पर हंगामा और मारपीट की घटना हुई थी। बताया गया था कि आरजेडी की उम्मीदवार रोहिणी आचार्य के एक मतदान केंद्र के पास पहुंचने के बाद बीजेपी के कार्यकर्ता भड़क गए थे। इसके बाद पुलिस ने मामले को निपटा दिया था और शांतिपूर्ण चुनाव कराने का दावा किया।
इस मामले में मंगलवार को एक बार फिर विवाद बढ़ गया। छपरा के भिखारी ठाकुर चौक के पास गोलीबारी हुई, जिसमें एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई और दो व्यक्ति घायल हो गए। घायलों को पटना के पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। पुलिस घटनास्थल पर कैंप कर रही है। क्षेत्र में तनाव व्याप्त है।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए