
एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने सऊदी अरब की उड़ानें 20 अक्टूबर तक रद्द कीं।
इंडिगो ने रियाद, जेद्दा, दम्माम और मदीना की उड़ानें 24 अक्टूबर तक रद्द कीं।
अकासा एयर ने रियाद की उड़ानें 24 अक्टूबर और जेद्दा की उड़ानें 21 अक्टूबर तक निलंबित कीं।
प्रभावित यात्रियों को रिफंड या री-शेड्यूलिंग का विकल्प दिया गया है।
सऊदी अरब में सुरक्षा स्थिति को देखते हुए भारतीय एयरलाइंस ने कई उड़ानों को रद्द करने की अवधि बढ़ा दी है। एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने रियाद, जेद्दा और दम्माम के लिए तथा वहां से संचालित होने वाली उड़ानें 20 अक्टूबर 2026 तक निलंबित रखने का फैसला किया है। वहीं, इंडिगो ने इन शहरों के साथ मदीना की उड़ानों को भी 24 अक्टूबर तक रद्द करने की घोषणा की है। अकासा एयर ने भी रियाद और जेद्दा की उड़ानों पर रोक की अवधि बढ़ाई है।
एयरलाइंस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी यात्रा परामर्श में यात्रियों को सेवाओं में बदलाव की जानकारी दी है। कंपनियों का कहना है कि वे स्थिति पर लगातार नजर रख रही हैं और यात्रियों तथा चालक दल की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परिचालन से जुड़े फैसले ले रही हैं।
एयर इंडिया ने बताया कि सऊदी अरब में विकसित हो रही स्थिति के मद्देनजर रियाद, दम्माम और जेद्दा के लिए तथा वहां से संचालित होने वाली उसकी सभी उड़ानें 20 अक्टूबर तक रद्द रहेंगी। एयरलाइन ने प्रभावित यात्रियों को पूरा रिफंड देने की बात कही है।
एयर इंडिया ने अपने संदेश में कहा कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। वहीं, एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी दम्माम, जेद्दा और रियाद की उड़ानों का निलंबन 20 अक्टूबर तक बढ़ा दिया है। एयरलाइन के मुताबिक, प्रभावित यात्रियों को मुफ्त में यात्रा की तारीख बदलने या पूरा रिफंड लेने का विकल्प दिया जा रहा है।
कंपनी ने कहा कि वह स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर अपने परिचालन की समीक्षा कर बदलाव करेगी। प्रभावित यात्रियों की सहायता के लिए उसकी टीमें भी काम कर रही हैं।
इंडिगो ने गुरुवार को स्थिति का आकलन करने के बाद रियाद, जेद्दा, दम्माम और मदीना के लिए तथा वहां से संचालित उड़ानों को 24 अक्टूबर तक रद्द करने की घोषणा की थी। इससे सऊदी अरब आने-जाने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना में बदलाव करना पड़ सकता है।
अकासा एयर ने भी रियाद के लिए और वहां से संचालित उड़ानों का निलंबन 24 अक्टूबर तक बढ़ा दिया है। वहीं, जेद्दा की उड़ानें 21 अक्टूबर तक निलंबित रहेंगी। एयरलाइन ने प्रभावित यात्रियों को पूरा रिफंड या बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के यात्रा की तारीख बदलने का विकल्प दिया है।
सभी संबंधित एयरलाइंस ने कहा है कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है। उड़ान सेवाएं दोबारा शुरू करने का फैसला स्थिति की लगातार समीक्षा के बाद लिया जाएगा।
यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी उड़ान का स्टेटस जरूर जांच लें। साथ ही, यह भी सुनिश्चित करें कि एयरलाइन के पास उनका संपर्क विवरण अपडेट हो, ताकि उड़ान में किसी बदलाव की स्थिति में उन्हें समय पर सूचना मिल सके।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए