
बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने तीनों को 'विमल इलायची' के विज्ञापन को लेकर शो-कॉज नोटिस जारी किया है। FDA का आरोप है कि यह विज्ञापन असल में 'विमल पान मसाला' के लिए सरोगेट एडवरटाइजिंग यानी अप्रत्यक्ष विज्ञापन हो सकता है। 'विमल पान मसाला' राज्य में प्रतिबंधित है। इसी मामले में अब तीनों अभिनेता FDA की जांच के दायरे में आए हैं और उनसे विज्ञापन में अपनी भूमिका को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
FDA का मानना है कि 'विमल इलायची' का विज्ञापन 'विमल पान मसाला' ब्रांड के साथ जुड़ाव बनाता है और इसे पान मसाला ब्रांड के अप्रत्यक्ष प्रचार के तौर पर देखा जा सकता है। विभाग गुटखा और पान मसाला, खासकर उन उत्पादों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर रहा है जिनमें तंबाकू या निकोटीन होता है। प्रतिबंधित उत्पादों के कारोबार से जुड़े नेटवर्क के मामलों में पुलिस के साथ मिलकर महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट (MCOCA) के तहत भी कार्रवाई की जा रही है। इसी कार्रवाई के बीच तीनों अभिनेताओं को नोटिस भेजकर विज्ञापन में उनकी भूमिका पर जवाब मांगा गया है।
तीनों अभिनेताओं को उनके संबंधित ठिकानों के जरिए नोटिस भेजे गए हैं। अजय देवगन को उनके जुहू स्थित घर, शाहरुख खान को बांद्रा स्थित 'मन्नत' और टाइगर श्रॉफ को उनके प्रोडक्शन हाउस 'टाइगर श्रॉफ प्रोडक्शंस LLP' के जरिए नोटिस भेजा गया है। हालांकि, अभी तक तीनों एक्टर्स की तरफ से इस मामले में कोई जवाब या प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। FDA की कार्रवाई के बाद अब नजर इस बात पर है कि शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ विज्ञापन में अपनी भूमिका और 'विमल इलायची' ब्रांड को लेकर क्या स्पष्टीकरण देते हैं।