
शारजाह जा रहे एयर अरेबिया के एक विमान को सोमवार को उड़ान भरने से ठीक पहले दो बाज के बाएं इंजन से टकराने की वजह से कोयंबटूर में उतारना पड़ा। विमान के उतरते ही सभी 164 यात्रियों को उससे उतारा गया और विमान को हुए नुकसान की जांच की गई।
मिली जानकारी के अनुसार शारजाह जा रही फ्लाइट रनवे से गुजर रही थी, तभी उस दौरान दो बाज इंजन से टकरा गए। इनमें से एक की इंजन ब्लेड से टकराने से मौत हो गई। कोयंबटूर से उड़ान भरने वाले विमान से पक्षी टकराते रहते हैं, लेकिन पिछले सात वर्षों में यह पहली बार है कि विमान को हुए नुकसान की जांच के लिए सभी यात्रियों को विमान से उतारा गया।
मीडिया को संबोधित करते हुए कोयंबटूर हवाईअड्डे के निदेशक एस. सेंथिल वलावन ने कहा कि पक्षियों के विमान से टकराने के मामले पर काबू पाने के लिए बर्ड केयर गन्स, बर्ड चेजर और पौधों की वृद्धि को नियंत्रित करने समेत कई उपाय किए जाते हैं। घास की ऊंचाई को न्यूनतम स्तर पर बनाए रखा जाता है क्योंकि पक्षी आम तौर पर इसे प्रजनन स्थल के रूप में उपयोग करते हैं।
कोयंबटूर हवाईअड्डे के सूत्रों ने बताया कि हवाईअड्डे के पास कचरा डंप करने पर सख्ती से प्रतिबंध लगा दिया गया है, क्योंकि पक्षी आमतौर पर डंपिंग स्थलों पर अपना बसेरा डालते हैं।
कोयंबटूर हवाई अड्डे के अधिकारी अधिक पक्षी नियंत्रण उपायों को लागू करने की योजना बना रहे हैं और खतरे का अध्ययन करने के लिए अनुसंधान संस्थानों को तैनात किया गया है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए