हालात

भारत बायोटेक का दिल्ली को और वैक्सीन देने से इनकार, मोदी सरकार के निर्देशों का दिया हवाला, सिसोदिया का दावा

दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बताया कि वैक्सीन निर्माता भारत बायोटेक ने दिल्ली को और कोवैक्सीन देने से इनकार कर दिया है। सिसोदिया ने बताया कि कंपनी ने कहा है कि केंद्र सरकार ने जितनी वैक्सीन देने के लिए कहा है, उससे अधिक वैक्सीन नहीं दे सकते।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया 

राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस से बचाव के लिए 100 से अधिक नये टीकाकरण केंद्रों पर 18 से 45 वर्ष के बीच के लोगों को देने के लिए कोवैक्सीन का कोई स्टॉक नहीं बचा है। केजरीवाल सरकार ने कहा कि फिलहाल, इस बारे में कोई अनुमान नहीं है कि कोवैक्सीन दिल्ली में कब तक उपलब्ध होगी, क्योंकि वैक्सीन निर्माता कंपनी भारत बायोटेक ने दिल्ली को वैक्सीन की आपूर्ति करने से इनकार कर दिया है।

दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बुधवार को दावा किया कि वैक्सीन निर्माता भारत बायोटेक ने दिल्ली को कोरोना संक्रमण के खिलाफ टीकाकरण अभियान के लिए कोवैक्सीन की अतिरिक्त डोज देने से इनकार कर दिया है। कंपनी ने दिल्ली सरकार को भेजे पत्र में कहा है कि उसके पास वैक्सीन उपलब्ध नहीं है।

मनीष सिसोदिया ने बताया कि दिल्ली सरकार को लिखित जवाब में भारत बायोटेक ने कहा है कि दिल्ली द्वारा मांगी गई अतिरिक्त सप्लाई वो नहीं दे सकते हैं। कंपनी ने कहा कि केंद्र सरकार ने जितनी वैक्सीन देने के लिए कहा है, हम उससे अधिक वैक्सीन नहीं दे सकते। सिसोदिया के मुताबिक कंपनी ने कहा है कि वह केंद्र सरकार के निर्देशों के अनुसार ही राज्यों को वैक्सीन दे रही है।

बता दें कि दिल्ली सरकार ने मंगलवार को ही वैक्सीन की कमी को लेकर आवाज उठाई थी। दिल्ली सरकार ने दिल्ली के सभी लोगों को वैक्सीन लगाने के लिए एक करोड़ 34 लाख वैक्सीन का आर्डर दिया था। जिसमें कोवैक्सीन के 67 लाख डोज के लिए भारत बायोटेक को और सीरम इंस्टीट्यूट को 67 लाख कोविशील्ड के डोज के लिए आर्डर दिया गया था। जिसमें से कोवैक्सीन ने सप्लाई से अब इनकार कर दिया है। हालांकि, दिल्ली में कोविशिल्ड का टीका जारी रहेगा क्योंकि दिल्ली सरकार को बुधवार को कोविशिल्ड की 2,67,690 खुराक मिल जाएगी।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

Published: 12 May 2021, 5:16 PM IST

  • बड़ी खबर LIVE: मेदांता अस्पताल के बाहर वांगचुक से मिलने पहुंचे विपक्षी सांसदों को पुलिस ने रोका, गेट पर ही धरने पर बैठे

  • ,
  • मुकेशः दर्द भरे नगमों के बेताज बादशाह, आज भी संगीत प्रेमियों के दिलों में गूंजती है उनकी आवाज

  • ,
  • जंतर-मंतर प्रदर्शनः अन्ना हजारे ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखा, कहा- मंत्री का इस्तीफा एक मजबूत संदेश देगा

  • ,
  • दुनिया की खबरें: ट्रंप की चेतावनी, 'होर्मुज स्ट्रेट में जहाज रोके, तो तेहरान के पुल और बिजलीघर उड़ा देंगे'

  • ,
  • अमेर‍िकी सैन्‍य व‍िमानों में ईंधन भरने को तैयार नहीं इजरायल, कहा- बेन गुरियन एयरपोर्ट की क्षमता खत्म