हालात

मध्य प्रदेश के गृहमंत्री के दामाद बने भोपाल के कलेक्टर, कांग्रेस ने कसा तंज- अब ससुर गृहमंत्री और दामाद कलेक्टर

शिवराज सरकार ने गुरुवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की नई पदस्थापना की, जिसमें अविनाश लवानिया को भोपाल का जिलाधिकारी बनाया गया है। लेकिन इस पर विवाद खड़ा हो गया है, क्योंकि लवानिया राज्य के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के दामाद हैं।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया 

मध्य प्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार ने गुरुवार को राजधानी भोपाल का कलेक्टर बदल दिया। मौजूदा जिलाधिकारी तरुण पिथोड़े को हटाकर अविनाश लवानिया को जिम्मेदारी सौंपी गई है। लेकिन बीजेपी सरकार के इस फैसले पर विवाद खड़ा हो गया है। दरअसल अविनाश लवानिया शिवराज सरकार में गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के दामाद हैं।

कांग्रेस ने भी अविनाश लवानिया को भोपाल का कलेक्टर बनाए जाने पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस ने इस पर तंज कसते हुए कहा है कि राज्य के गृहमंत्री ससुर हैं और दामाद बनाए गए भोपाल के कलेक्टर, बढ़िया है। प्रदेश कांग्रेस की मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष ने ट्वीट कर कहा, "लीजिए शिवराज सिंह चौहान, आपके दिन आ गए। भोपाल कलेक्टर तरुण पिथौड़े को हटाकर आपने नरोत्तम मिश्रा के दामाद को कलेक्टर बना दिया.. बढ़िया है। गृहमंत्री ससुर और दामाद कलेक्टर.. अब चलाइए अपना राज, पिटठू कलेक्टर के साथ।"

कांग्रेस नेता जाफर ने अपने ट्वीट के साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के उस भाषण का वीडियो भी साझा किया है, जो चौहान ने विपक्ष में रहते हुए एक सभा में दिया था। इस बयान में चौहान ने तत्कालीन कलेक्टर पिथौड़े को 'पिटठू' बताते हुए कहा था, "अरे भाई, सत्ता के मदद में ऐसे चूर मत हो पिटठू कलेक्टर! सुन ले रे, हमारे भी दिन आएंगे, तब तेरा क्या होगा।"

बता दें कि शिवराज सरकार ने गुरुवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की नई पदस्थापना की है, जिसमें अविनाश लवानिया को भोपाल का जिलाधिकारी बनाया गया है। लवानिया वर्तमान में संचालक खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण तथा राज्य भंडार गृह निगम भोपाल (अतिरिक्त प्रभार) के पद पर पदस्थ थे। वहीं निवर्तमान जिलाधिकारी तरुण पिथौड़े को लवानिया के स्थान पर पदस्थ किया गया है।

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined