
कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी एक बार फिर कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई हैं। यह जानकारी कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने दी। जयराम रमेश ने ट्वीट में लिखा, ''आज कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की कोविड-19 टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह सरकार द्वारा जारी प्रोटोकॉल का पालन करते हुए आइसोलेशन में रहेंगी।''
सोनिया गांधी इससे पहले दो जून को वह कोविड पॉजिटिव पाई गई थीं और दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती रही थीं।
बता दें कि तीन दिन पहले ही कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई थीं। उन्होंने अपने आधिकारिक हैंडल से ट्वीट कर जानकारी दी थी। उन्होंने लिखा था कि वह फिर कोरोना से संक्रमित हो गई हैं और घर में प्रोटोकॉल का पालन करते हुए खुद को पृथक रख रही हैं। इससे पहले तीन जून को उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
देश में कोरोना कहर जारी है। देश की राजधानी दिल्ली में तो कोरोना अब बेलगाम होने लगी है। बीते 24 घंटे में देश में कोरोना वायरस के 15,815 नए मामले दर्ज किए गए है। इस दौरान 68 लोगों की जान गई है और 20,018 लोग ठीक हुए हैं।
देश में अब कोरोना वायरस के सक्रिय मरीजों की संख्या 1,19,264 पहुंच गई है। दैनिक पॉजिटिविटी दर 4.36 फीसदी है। देश में कोरोन वायरस संक्रमण से ठीक होने वालों का कुल आंकड़ा 4,35,93,112 तक पहुंच गया।
इससे पहले शनिवार 12 अगस्त को कोरोना के 16,561 नए मामले सामने आए थे। वहीं, 49 लोगों की कोरोना वायरस से मौत हुई थी।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए