
30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र, सत्र के दौरान प्रश्नकाल, शून्यकाल और गैर-सरकारी कामकाज नहीं होगा।
परिसीमन के तहत लोकसभा की सीटें 543 से बढ़ाकर 850 करने की चर्चा है।
सरकार 2029 के चुनाव से पहले महिला आरक्षण के तहत 33% आरक्षण से जुड़ा विधेयक ला सकती है।
लोकसभा और राज्यसभा सचिवालयों ने 30 नवंबर से शुरू होने वाले चार दिवसीय संसदीय सत्र को लेकर अलग-अलग बुलेटिन जारी किए हैं। इनके अनुसार, इस दौरान सदन में प्रश्नकाल, शून्यकाल और गैर-सरकारी कामकाज नहीं होगा।
इससे पहले केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को जानकारी दी थी कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन से दोनों सदनों की बैठक दोबारा बुलाने का अनुरोध किया है।
लोकसभा सचिवालय की ओर से जारी बुलेटिन के मुताबिक, 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हुई लोकसभा की कार्यवाही 30 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे फिर से शुरू होगी। गौरतलब है कि सरकार ने मानसून सत्र का औपचारिक रूप से सत्रावसान नहीं किया था।
बुलेटिन में स्पष्ट किया गया है कि इस अवधि में प्रश्नकाल, शून्यकाल और निजी सदस्यों के कामकाज से संबंधित कार्यवाही नहीं होगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से शुरू होकर 3 दिसंबर तक चल सकती है।
वहीं, राज्यसभा सचिवालय के बुलेटिन में बताया गया है कि उच्च सदन की कार्यवाही 2 दिसंबर को सुबह 11 बजे दोबारा शुरू होगी। संसदीय कामकाज की आवश्यकता को देखते हुए राज्यसभा का सत्र भी 3 दिसंबर को समाप्त हो सकता है।
संसद की कार्यवाही दोबारा शुरू होने की घोषणा के बाद राजनीतिक गलियारों में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
माना जा रहा है कि सरकार इस सत्र में इन मुद्दों पर महत्वपूर्ण कदम उठा सकती है। प्रस्तावित परिसीमन के तहत लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 किए जाने की चर्चा है।
वहीं, महिला आरक्षण से जुड़े प्रावधानों के तहत 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले संसद में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का लक्ष्य है।
बता दें कि 13 अगस्त को लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी। हालांकि, मानसून सत्र का औपचारिक सत्रावसान नहीं हुआ था, जिसके चलते यह तकनीकी रूप से जारी रहा।
इस तरह यह सत्र 100 दिनों से अधिक समय तक चल चुका है और 2008 में बने 87 दिनों के पिछले रिकॉर्ड को भी पार कर गया है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए