यूपी-बिहार समेत देशभर से ईवीएम और वीवीपैट की अदला बदली से जुड़ी खबरों के बीच विपक्षी दल के नेता सकते में है। इन खबरों के बीच विपक्षी दल के नेता और कार्यकर्ता अपने अपने क्षेत्रों में स्ट्रांग रुम की कड़ी निगरानी कर रहे हैं। ऐसा ही मामला मेरठ में सामने आया है। मेरठ में एसपी-बीएसपी गठबंधन प्रत्याशी याकूब कुरैशी के समर्थन में कार्यकर्ता मतगणना स्थल पर टेंट लगाकर दिन में सीसीटीवी कैमरों से और रात में दूरबीन से निगेहबानी कर रहे हैं।
इसके लिए तीन शिफ्ट में कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई गई है। जिला प्रशासन की ओर से इसके लिए उन्हें पास भी जारी किए हैं। स्ट्रांग रूम के बाहर याकूब के समर्थकों ने तंबू लगा रखा है। दूरबीन के अलावा इसमें कंप्यूटर लगाए गए हैं। इस कंप्यूटर पर स्ट्रांग रूम के सीसीटीवी की लाइव फीड आती है।
खबरों के मुताबिक, अगर सीसीटीवी की लाइव फीड़ आनी बंद हो जाती है तो समर्थक तत्काल चुनाव अधिकारी से बात करते हैं। इसकी जानकारी देते है। प्रशासन ने प्रत्याशियों को सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीड देखने की अनुमति दे रखी है।
ऐसा इसलिए है कि देश भर में ईवीएम के साथ छेड़छाड़ और बदले की खबरें सामने आ रही है। इससे पहले उत्तर प्रदेश के चंदौली और गाजीपुर से भी ईवीएम बदले जाने की खबरें सामने आई थी। सोमवार शाम को चंदौली में करीब डेढ़ सौ ईवीएम से लदा एक ट्रक स्ट्रांग रूम के पास पहुंचा था और इन मशीनों को अंदर रखा जाने लगा था। सूचना पाकर कांग्रेस कार्यकर्ता और दूसरे दलों के सदस्य मौके पर पहुंचे इसका विरोध किया था।
वहीं गाजीपुर में भी इसी तरह का मामला सामने आया था। सूचना पाकर यहां से गठबंधन के उम्मीदवार अफजाल अंसारी अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे थे और इसका विरोध किया था। उन्होंने इस कार्यवाही के खिलाफ वहां धरना भी दिया था।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 22 May 2019, 11:19 AM IST