हालात

हेट स्पीच मामले में सुप्रीम कोर्ट की दिल्ली पुलिस पर तल्ख टिप्पणी, जांच की प्रगति पर मांगी रिपोर्ट

शीर्ष अदालत तुषार गांधी द्वारा दायर अवमानना याचिका पर सुनवाई कर रही थी। इसमें हेट स्पीच मामले में दिल्ली पुलिस और उत्तराखंड सरकार पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए दिल्ली और उत्तराखंड के पुलिस प्रमुखों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया 

सुप्रीम कोर्ट ने आज दो साल पहले धार्मिक सभाओं में दिए गए आपत्तिजनक भाषणों (हेट स्पीच) के मामलों की जांच की प्रगति के संबंध में पुलिस से रिपोर्ट देने को कहा है। प्रधान न्यायाधीश डी.वाई. चंद्रचूड़ ने सुनवाई के दौरान तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि मामले की जांच में कोई खास प्रगति नहीं हुई है। शीर्ष अदालत ने एएसजी को दो सप्ताह के भीतर एक हलफनामा दायर करने को कहा, जिसमें दिल्ली पुलिस को मामले की जांच में अब तक हुई प्रगति का ब्योरा देना होगा।

पीठ ने कहा कि एक घटना दिसंबर 2021 में हुई थी और इस मामले में प्राथमिकी मई 2022 में दर्ज की गई। मामले में अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल (एएसजी) के.एम. नटराज दिल्ली पुलिस का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। कोर्ट ने उनसे पूछा, आपको प्राथमिकी दर्ज करने के लिए पांच महीने क्यों लगे, कितनी गिरफ्तारियां हुई हैं?

इस पर एएसजी ने कहा कि देरी जानबूझकर नहीं की गई और सत्यापन की प्रक्रिया चल रही है। पीठ ने आगे सवाल किया, प्राथमिकी दर्ज होने के बाद क्या कदम उठाए गए हैं और कितने लोगों की जांच की गई है? मई 2022 में प्राथमिकी दर्ज किए जाने का हवाला देते हुए पीठ ने कहा कि आठ महीने हो गए हैं और इस दौरान कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है।

शीर्ष अदालत तुषार गांधी द्वारा दायर एक अवमानना याचिका पर सुनवाई कर रही थी। इस याचिका में हेट स्पीच मामले में दिल्ली पुलिस और उत्तराखंड सरकार पर निष्क्रियता का आरोप लगाया गया था। याचिका में शीर्ष अदालत के पहले के फैसले का उल्लंघन करने वाले मामलों में कथित निष्क्रियता के लिए दिल्ली और उत्तराखंड के पुलिस प्रमुखों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।

शीर्ष अदालत ने पिछले साल नवंबर में उत्तराखंड सरकार और राज्य के पुलिस प्रमुख को अवमानना याचिका में पक्षकारों की सूची से मुक्त कर दिया था। फैसले में, शीर्ष अदालत ने मॉब लिंचिंग सहित घृणित अपराधों में आवश्यक कार्रवाई के संबंध में दिशानिर्देश भी निर्धारित किए थे।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • हरियाणाः हिसार कोर्ट के बाहर गैंगस्टर विनोद पन्नू की गोली मारकर हत्या, ताबड़तोड़ गोलीबारी से थर्राया इलाका

  • ,
  • छात्रों पर हो रहे हमलों के लिए BJP-RSS की मानसिकता जिम्मेदार, लेकिन युवाओं को अब रोका नहीं जा सकताः राहुल गांधी

  • ,
  • बड़ी खबर LIVE: जंतर-मंतर समेत देशभर में प्रदर्शनों के दौरान हुई हिंसा पर SC सख्त, जांच के लिए बनाई हाई पावर कमेटी

  • ,
  • बाढ़ से बेहाल असम: टूटी सड़कें, बहे स्कूल, कांग्रेस ने मांगा ₹10,000 करोड़ का पैकेज, गौरव गोगोई की PM मोदी से अपील

  • ,
  • दुनिया की खबरें: रूस की ड्रोन कार्रवाई पर भड़के रोमानिया के राष्ट्रपति और ईरान पर ट्रंप की आर्थिक नीति से चीन नाराज