
कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग की प्रमुख सुप्रिया श्रीनेत ने सोमवार को बीजेपी के सोशल मीडिया विभाग की नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए चुनौती भी दे डाली। कांग्रेस नेता ने कहा कि बीजेपी की नई सोशल मीडिया टीम के लिए लड़ाई बेहद कठिन होने वाली है और वे हारने के लिए तैयार रहें।
सुप्रिया श्रीनेत ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘नई टीम को शुभकामनाएं, आपकी लड़ाई बेहद कठिन होने वाली है। हारने के लिए तैयार रहें। हम आपकी हर हरकत पर नजर बनाए हुए हैं, आपको करारा जवाब देने, आपके झूठ का पर्दाफाश करने और लोगों के हक की बात करने!’’
उन्होंने बीजेपी के पूर्व सोशल मीडिया प्रमुख अमित मालवीय को बेहद नाकारा सोशल मीडिया प्रमुख बताते हुए उन पर फर्जी खबरें फैलाने का आरोप लगाया। श्रीनेत ने कहा, ‘‘बीजेपी की फेक न्यूज फैक्ट्री के एक सरगना अमित मालवीय की विदाई आज हो ही गई। बेहद नाकारा सोशल मीडिया हेड थे- जिन्होंने फर्जी खबरें चला कर गंध फैलाई। कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर लगातार इनके फेक नैरेटिव को रौंदा, सच कहा, इनके झूठ का पर्दाफाश किया- जिसका नतीजा है युवा हमसे जुड़ते गए और आज सारे प्लेटफॉर्म्स पर कांग्रेस इंगेजमेंट और पहुंच दोनों में बीजेपी से मीलों आगे है।’
उन्होंने बीजेपी की सेाशल मीडिया टीम पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘अब नई सोशल मीडिया टीम आई है...एक से एक गालीबाजों और नफरतियों को भरा गया है। फिलहाल सब अपने अपने अकॉउंट लॉक करके सफाई में लगे हैं। इन लोगों के पुराने पोस्ट इतने गंदे, वाहियात और अश्लील हैं कि अकाउंट लॉक करना पड़ा।’’ श्रीनेत ने कहा कि खैर, नई वाली टीम को शुभकामनाएं, आपकी लड़ाई बेहद कठिन होने वाली है. हारने को तैयार रहें। हम आपकी हर हरकत पर नजर बनाए हुए हैं, आपको करारा जवाब देने, आपके झूठ का पर्दाफाश करने और लोगों के हक की बात करने!
इसे भी पढ़ेंः योगी राज में बदहाल शिक्षा व्यवस्था पर बवाल! राजधानी लखनऊ में 3 दिन में दूसरी बार छात्राओं का जोरदार प्रदर्शन
बता दें कि बीजेपी के अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को अपनी नई टीम की घोषणा की। पार्टी ने सोशल मीडिया प्रकोष्ठ के प्रमुख अमित मालवीय के स्थान पर दीपक महस्के को नया प्रमुख नियुक्त किया। इसके साथ ही पार्टी के कोषाध्यक्ष, राष्ट्रीय महासचिव, उपाध्यक्ष समेत कई अन्य पदाधिकारियों की नियुक्ति भी की गई है।
इसे भी पढ़ेंः राम मंदिर चढ़ावा विवाद: सुप्रीम कोर्ट ने SIT की स्टेटस रिपोर्ट सार्वजनिक करने से किया इनकार
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए