
तमिलनाडु में नई सरकार के गठन को लेकर चल रहा सस्पेंस अब खत्म होता दिखाई दे रहा है। टीवीके प्रमुख विजय राज्य के अगले मुख्यमंत्री बनने की दिशा में एक और बड़ा कदम बढ़ा चुके हैं। गुरुवार (7 मई) को उन्होंने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विजय ने राज्यपाल को भरोसा दिलाया कि उनके पास सरकार बनाने के लिए जरूरी समर्थन मौजूद है और शपथ ग्रहण के बाद वे विधानसभा में आसानी से बहुमत साबित कर देंगे।
न्यूज एजेंसी IANS के अनुसार, विजय ने राज्यपाल को उन दलों और विधायकों के समर्थन की जानकारी भी दी जो उनकी सरकार के पक्ष में हैं। बैठक के दौरान उन्होंने सरकार को स्थिर बनाए रखने का भरोसा भी जताया। खबरों के मुताबिक, राज्यपाल अर्लेकर विजय की प्रस्तुति और उनके दावों से संतुष्ट नजर आए। इसके बाद उन्होंने विजय को औपचारिक रूप से सरकार बनाने का न्योता दे दिया।
Published: undefined
राज्यपाल के इस फैसले के बाद तमिलनाडु की राजनीति में चल रही अटकलों पर काफी हद तक विराम लग गया है। अब माना जा रहा है कि नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह जल्द आयोजित किया जा सकता है। खबरों के मुताबिक, यह समारोह शुक्रवार या शनिवार को चेन्नई में आयोजित हो सकता है।
बताया जा रहा है कि शपथ ग्रहण समारोह में टीवीके के वरिष्ठ नेता, सहयोगी दलों के प्रतिनिधि और देशभर के कई बड़े राजनीतिक नेताओं के शामिल होने की संभावना है। राजनीतिक हलकों में अब नई सरकार के गठन और मंत्रिमंडल को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
Published: undefined
इससे पहले बुधवार (6 मई) को भी विजय ने सरकार बनाने का दावा पेश करते हुए राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से लोक भवन में मुलाकात की थी। उस दौरान उन्होंने टीवीके और कांग्रेस विधायकों की समर्थन सूची राज्यपाल को सौंपी थी।
हालांकि उस समय राज्यपाल ने सरकार गठन और शपथ ग्रहण को लेकर कोई फैसला नहीं लिया था। इसी वजह से विजय का गुरुवार (7 मई) को प्रस्तावित शपथ ग्रहण समारोह रद्द हो गया था। अब राज्यपाल की ओर से सरकार बनाने का निमंत्रण मिलने के बाद तमिलनाडु में नई सरकार के गठन का रास्ता लगभग साफ माना जा रहा है।
Published: undefined
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined