हालात

'धर्मेंद्र प्रधान की वजह से हजारों लोग सड़क पर', पैलेट गन से घायल युवक को लेकर राहुल ने की PC, टी-शर्ट उठाकर घाव दिखाए

राहुल गांधी ने कहा कि छात्र की एक आंख गंभीर रूप से घायल हो गई है और उसे उस आंख से दिखाई नहीं दे रहा। उन्होंने कहा कि इन छात्रों की कोई गलती नहीं थी, फिर भी उनके खिलाफ कार्रवाई की गई।

पैलेट गन से घायल युवक को लेकर राहुल ने की PC, टी-शर्ट उठाकर घाव दिखाए
पैलेट गन से घायल युवक को लेकर राहुल ने की PC, टी-शर्ट उठाकर घाव दिखाए 

NEET पेपर लीक मामले को लेकर देश भर में विरोध प्रदर्शन जारी है। वहीं 20 जुलाई को दिल्ली पुलिस द्वारा छात्रों की पिटाई का मामला भी गरमाता जा रहा है। विपक्ष और प्रदर्शनकारी इस घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इसी बीच शुक्रवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रदर्शन के दौरान घायल हुए छात्रों के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ बल प्रयोग किया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।

घायल हुए छात्रों के साथ प्रेस के सामने आए राहुल गांधी

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने प्रदर्शन में घायल हुए छात्रों की तस्वीरें साझा कीं। उनका दावा था कि एक छात्र हाथ में तिरंगा लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहा था, तभी उसे पैलेट गन का निशाना बनाया गया। राहुल गांधी ने कहा कि छात्र की एक आंख गंभीर रूप से घायल हो गई है और उसे उस आंख से दिखाई नहीं दे रहा। उन्होंने कहा कि इन छात्रों की कोई गलती नहीं थी, फिर भी उनके खिलाफ कार्रवाई की गई।

सरकार से तीन मांग

कांग्रेस सांसद ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को भी निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था में आई गिरावट और इस पूरे विवाद की जिम्मेदारी से केंद्रीय शिक्षा मंत्री बच नहीं सकते। राहुल गांधी ने कहा कि मौजूदा शिक्षा व्यवस्था की विफलताओं की जवाबदेही तय होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जानी चाहिए। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस और प्रदर्शनकारी छात्रों की तीन प्रमुख मांगें हैं। पहली, जिस वजह से पेपर लीक हुआ, उसके लिए जिम्मेदार व्यक्ति को हटाया जाए। दूसरी, छात्रों पर गोली चलाने और लाठीचार्ज करने वालों के खिलाफ कार्रवाई हो। तीसरी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के हजारों छात्रों से माफी मांगें।

छात्रों के न्याय मिलना चाहिए

राहुल गांधी ने यह भी कहा कि घायल छात्रों को बेहतर इलाज, उचित मुआवजा और न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्रों को डराने-धमकाने के बजाय उनकी मांगों को सुना जाना चाहिए।

राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष छात्रों की मांगों के साथ खड़ा है और प्रश्नपत्र लीक जैसे मामलों में युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

शनिवार को देश के सभी जिले और ब्लॉक में सड़कों पर उतरेंगे कार्यकर्ता

उधर, कांग्रेस ने शनिवार को देश के सभी जिलों में बड़ा आंदोलन करने का ऐलान किया है। पार्टी ने जिला स्तर पर कैंडल मार्च और सत्याग्रह करने का फैसला किया है। इसमें प्रदेश कांग्रेस से लेकर जिला, ब्लॉक और फ्रंट संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल होंगे। कांग्रेस ने छात्रों, युवाओं, अभिभावकों और सिविल सोसायटी के लोगों को भी आंदोलन से जोड़ने के निर्देश दिए हैं।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने शुक्रवार को सभी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षों को इस संबंध में सर्कुलर जारी किया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के निर्देश पर यह कार्यक्रम देशभर में आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में मध्य प्रदेश के प्रत्येक जिले में भी विरोध प्रदर्शन होगा।

पार्टी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटियों के नेतृत्व में कैंडल मार्च निकाला जाएगा। मार्च का समापन महात्मा गांधी या डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर होगा, जहां कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता सत्याग्रह करेंगे।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए