
फैक्ट्री में रखरखाव संबंधी कार्य के दौरान तीन कर्मचारियों की दम घुटने से मौत
तीनों कर्मचारी सोमवार शाम पानी के ट्रीटमेंट टैंक की सफाई का काम कर रहे थे
जिला प्रशासन के अलावा एप्पल ने भी हादसे की जांच शुरू कर दी है
फैक्ट्री में आईफोन की सप्लाई चेन में इस्तेमाल होने वाले पुर्जे बनाए जाते हैं
तमिलनाडु में मौजूद आईफोन के पार्ट्स बनाने वाली टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स की फैक्ट्री में रखरखाव संबंधी कार्य के दौरान तीन कर्मचारियों की मौत से हड़कंप मच गया है। शुरुआती जांच में इन मौतों की वजह जहरीली गैस बताई जा रही है। इस बीच एप्पल ने भी हादसे की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा सोमवार को तमिलनाडु के होसुर में टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स की फैक्ट्री में एक एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ईटीपी) में हुआ। तीनों कर्मचारी सोमवार शाम पानी के ट्रीटमेंट टैंक की सफाई और रखरखाव का काम कर रहे थे। इसी दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से उनका दम घुट गया। मृतकों की पहचान बी. अकमल (28), एम. सारथिकुमार और पी. कावेरी के रूप में हुई है।
तीनों कर्मचारी एक चार सदस्यीय मेंटेनेंस टीम का हिस्सा थे। बताया जा रहा है कि सबसे पहले अकमल टैंक के अंदर देखने के लिए पहुंचे और गैस की चपेट में आने से बेहोश होकर गिर गए। उन्हें बचाने के लिए सारथिकुमार टैंक के पास पहुंचे, लेकिन वह भी बेहोश हो गए। इसके बाद कावेरी ने दोनों को बचाने की कोशिश की और वह भी गैस की चपेट में आ गए। टीम के चौथे सदस्य ने तुरंत मदद के लिए सूचना दी।
इन कर्मचारियों को बाहर निकालकर होसुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच से पता चलता है कि मौत जहरीली गैस के कारण हुई हो सकती है, हालांकि मौत का असली कारण अंतिम पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। इस बीच प्लांट में उत्पादन पर कोई असर नहीं पड़ा, क्योंकि यह हादसा उस समय हुआ जब फैक्ट्री त्योहारों की छुट्टियों के कारण बंद थी।
टाटा की इस फैक्ट्री में एप्पल के आईफोन की सप्लाई चेन में इस्तेमाल होने वाले पुर्जे बनाए जाते हैं। इस घटना के बाद एप्पल की एक टीम ने मौके का दौरा किया, ताकि मौतों से जुड़ी परिस्थितियों का आकलन किया जा सके। इसके अलावा, जिला प्रशासन ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है। साथ ही, स्थानीय अधिकारी यह भी जांच रहे हैं कि क्या रखरखाव के काम के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे या नहीं।
एक अन्य घटनाक्रम में, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स को निर्देश दिया गया है कि वह एफ्लुएंट ट्रीटमेंट फैसिलिटी के रखरखाव के लिए जिम्मेदार एजेंसियों के सुरक्षा और प्रदर्शन मानकों की व्यापक समीक्षा करे। तमिलनाडु के उद्योग मंत्री ने कहा, "हर कर्मचारी की सुरक्षा और सम्मान सबसे ऊपर होना चाहिए।" उन्होंने यह भी कहा कि इस घटना की गहन जांच की जाएगी और जांच के नतीजों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।