
सुप्रीम कोर्ट द्वारा अनुसूचित जाति (SC) और जनजाति (ST) आरक्षण में क्रीमीलेयर पर दिए गए फैसले के खिलाफ आज भारत बंद है। कई संगठनों ने भारत बंद का आह्वान किया है। बीएसपी और आरजेडी जैसी पार्टियों ने भी बंद का समर्थन किया है।
‘नेशनल कॉन्फेडरेशन ऑफ दलित एंड आदिवासी ऑर्गेनाइजेशन्स’ (एनएसीडीएओआर) ने मांगों की एक सूची जारी की है, जिसमें अनुसूचित जातियों (एससी), अनुसूचित जनजातियों (एसटी) और अन्य पिछड़े वर्गों (ओबीसी) के लिए न्याय और समानता की मांग शामिल हैं।
संगठन ने हाल में उच्चतम न्यायालय की सात न्यायाधीशों की पीठ द्वारा सुनाए गए फैसले के प्रति विपरीत दृष्टिकोण अपनाया है, जो उनके अनुसार, ऐतिहासिक इंदिरा साहनी मामले में 9 न्यायाधीशों की पीठ द्वारा लिए गए फैसले को कमजोर करता है, जिसने भारत में आरक्षण की रूपरेखा स्थापित की थी।
एनएसीडीएओआर ने सरकार से अपील की है कि इस फैसले को खारिज किया जाए क्योंकि यह अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों के संवैधानिक अधिकारों के लिए खतरा है। संगठन एससी, एसटी और ओबीसी के लिए आरक्षण पर संसद द्वारा एक नए कानून को पारित करने की भी मांग कर रहा है, जिसे संविधान की 9वीं सूची में समावेश के साथ संरक्षित किया जाए।
बंद के चलते कई जगहों पर सार्वजनिक परिवहन सेवा प्रभावित हो सकती है। एंबुलेंस, हॉस्पिटल और चिकित्सा सेवाओं समेत इमरजेंसी सेवाएं खुली रहेंगी। सरकारी दफ्तर, बैंक, पेट्रोल पंप, स्कूल और कॉलेज में सामान्य रूप से काम-काज होगा।
झारखंड के गिरिडीह में भारत बंद का व्यापक असर देखा जा रहा है। सुबह से ही झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकर्ता बंद कराने के लिए सड़कों पर उतर गए। वाहनों का परिचालन पूरी तरह से प्रभावित हुआ है। गिरिडीह बस स्टैंड से लंबी दूरी की चलने वाली गाड़ियां नहीं खुली। इसकी वजह से यात्रियों को वापस लौटना पड़ा है।
भारत बंद की वजह से राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के सरकारी और गैर सरकारी स्कूल, कॉलेज बंद हैं। इंटरनेट सेवाएं भी बंद हैं। साथ ही आज कोचिंग संस्थानों से लेकर आंगनबाड़ी और लाइबेरी भी बंद रहेंगे। लेकिन सरकारी शिक्षकों और कार्मिकों का संस्थान में मौजूद रहने जरूरी होगा। भारत बंद के ऐलान को देखते हुए अतिरिक्त जिला कलेक्टर जगदीश आर्य ने आदेश जारी किए हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 21 Aug 2024, 8:33 AM IST