
उत्तर भारत इस समय मौसम के सबसे कठिन दौर से गुजर रहा है। एक ओर शीतलहर और घना कोहरा लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित कर रहा है, तो दूसरी ओर अब बारिश, तेज हवा और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की चेतावनी ने चिंता बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे को बेहद अहम बताते हुए देश के 10 राज्यों में अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, इस सिस्टम के गुजरने के बाद उत्तर भारत के कई हिस्सों में 2 से 3 दिन तक कड़ाके की ठंड पड़ सकती है। खास तौर पर सुबह और देर रात यात्रा करने वालों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, 22 से 24 जनवरी के बीच मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान उत्तर भारत के कई राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। हवा की रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जिससे ठंड का असर और बढ़ जाएगा।
मौसम विभाग के अनुसार, 22 से 24 जनवरी के बीच उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिमी राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में गरज के साथ बारिश हो सकती है।
वहीं, 24 जनवरी को पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी इसी तरह के मौसम की आशंका जताई गई है।
देश की राजधानी दिल्ली में अगले 48 घंटे के भीतर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक, तेज हवा के साथ बारिश दस्तक दे सकती है। इस दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
दिल्ली में ग्रैप-4 हटने के बाद कई पाबंदियां जरूर खत्म हुई हैं, लेकिन मौसम की नई चुनौती सामने है।
अधिकतम तापमान: 21°C
न्यूनतम तापमान: 8°C
उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए भी अगले 24 घंटे बेहद अहम हैं। राज्य के 10 से अधिक जिलों में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।
इसके अलावा अयोध्या, प्रयागराज, कानपुर, झांसी, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, आगरा, मथुरा, टुंडला, अलीगढ़ और गौतमबुद्ध नगर में रात 10 बजे से सुबह 9 बजे तक घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है।
बिहार में अगले 24 घंटे के भीतर तेज हवा का असर दिख सकता है। हवा की रफ्तार करीब 40 किमी प्रति घंटा रह सकती है।
गया, जहानाबाद, सारण, सिवान, बक्सर, भोजपुर, औरंगाबाद, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, अररिया, कटिहार, किशनगंज और खगड़िया में शीतलहर का असर दोबारा तेज होगा। कुछ इलाकों में हल्की बूंदा-बांदी की भी संभावना है।
पटना का तापमान:
अधिकतम: 21°C
न्यूनतम: 12°C
मौसम विभाग के अनुसार, 22 से 24 जनवरी के बीच एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जबकि दूसरा 26 से 28 जनवरी के बीच असर दिखाएगा।
22 जनवरी: जोधपुर, शेखावाटी क्षेत्र और बीकानेर संभाग में हल्की से मध्यम बारिश
23 जनवरी: बीकानेर, जयपुर, भरतपुर और अजमेर संभाग के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना
मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में ठंड से थोड़ी राहत जरूर मिली है, लेकिन शहडोल, खजुराहो, सतना, रीवा और छतरपुर में फिर से शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है।
सुबह के समय न्यूनतम तापमान 7°C तक गिर सकता है, जबकि रात में घना कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है।
भोपाल का अनुमानित तापमान:
अधिकतम: 23°C
न्यूनतम: 12°C
मौसम विभाग ने उत्तराखंड में 23 से 25 जनवरी के बीच भारी बारिश और तेज हवा की चेतावनी जारी की है। इस दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है।
21 जनवरी को भी सुबह के समय तेज हवा और शीतलहर बनी रहेगी।
नैनीताल, चमोली, पिथौरागढ़, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में 23 जनवरी को भारी बारिश का अलर्ट है। यह सिलसिला लगातार 72 घंटे तक चल सकता है।
धर्मशाला, मनाली, मंडी, बिलासपुर, हमीरपुर, कुफरी और शिमला में तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।
मनाली का तापमान:
अधिकतम: -1°C
न्यूनतम: -16°C
मौसम कार्यालय के मुताबिक 22 से 24 जनवरी और 26 से 28 जनवरी के बीच पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर को प्रभावित करेगा। इससे कुछ इलाकों में भारी बारिश और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। सोनमर्ग घाटी का गांदरबल जिला कश्मीर का सबसे ठंडा इलाका रिकॉर्ड किया गया।
श्रीनगर का तापमान:
अधिकतम: 7°C
न्यूनतम: -2°C
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए