
नीट पेपर लीक और दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों की पिटाई के मामले पर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे और मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोला है। दोनों नेताओं ने कहा कि छात्रों पर जो दबाव डाला जा रहा है और उन्हें जिस तरह पीटा जा रहा है, उसका असर पूरे देश में दिख रहा है।
उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि वे प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस की कथित ज्यादतियों और नीट प्रश्नपत्र लीक को लेकर छात्रों एवं उनके अभिभावकों की चिंता को व्यक्त करने के लिए 26 जुलाई को मुंबई में मोर्चा निकालेंगे।
उद्धव ने संवाददता सम्मेलन में कहा कि सरकार निष्ठुर हो गई है लेकिन छात्र अब किसी से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा, ‘‘क्या प्रधानमंत्री उन पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी लेंगे जिन्होंने छात्रों से मारपीट की और महिला प्रदर्शनकारियों के कपड़े फाड़े?’’
उद्धव ने कहा कि उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से इस प्रदर्शन के बारे में बात की है और कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के नेता इस प्रदर्शन में शामिल होंगे। राज्य में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) और कांग्रेस विपक्षी गठबंधन ‘महा विकास आघाडी’ का हिस्सा हैं।
राज ठाकरे ने कहा कि मोर्चा शिवाजी पार्क से शुरू होकर सिद्धिविनायक मंदिर तक जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान किसी भी राजनीतिक दल का झंडा नहीं दिखाया जाएगा।
मनसे के अध्यक्ष ने कहा कि छात्रों के आंदोलन ने बड़ा रूप ले लिया है इसलिए सरकार बचाव की मुद्रा में आ गई है। उन्होंने कहा, ‘‘26 जुलाई को मुंबई में हमारे शांतिपूर्ण प्रदर्शन में अगर किसी ने बाधा डालने की कोशिश की तो हम उसकी पिटाई करेंगे।’’
उन्होंने प्रधानमंत्री के ट्वीट को बेअसर बताते हुए कहा कि अगर छात्रों को बुलाकर उनकी बात सुनी जाती तो मामला इतना नहीं बढ़ता। उन्होंने किसान आंदोलन, मणिपुर और आदिवासी आंदोलन का जिक्र करते हुए सरकार पर अहंकार का आरोप लगाया।
उद्धव ठाकरे का कहना है कि सीजीआई धृतराष्ट्र की तरह काम कर रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट के पास कुत्तों-कबूतरों के लिए वक्त है, छात्रों के लिए नहीं। देश के युवाओं के लिए कोर्ट के पास समय नहीं है।
दोनों नेताओं ने कहा कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कथित पुलिस अत्याचार और राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) प्रश्नपत्र लीक को लेकर छात्रों एवं उनके अभिभावकों की चिंता को व्यक्त करने के लिए यह मोर्चा निकालने की घोषणा की गई है।
नयी दिल्ली में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के नेतृत्व वाले छात्र आंदोलन के समर्थन में मुंबई में भी प्रदर्शन हो रहे हैं।
दिल्ली पुलिस ने सोमवार को मानसून सत्र के पहले दिन संसद की ओर मार्च कर रहे हजारों प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया।
पीटीआई के इनपुट के साथ