
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने गुरुवार को 10वीं (हाईस्कूल) और 12वीं (इंटरमीडिएट) के परीक्षा परिणाम जारी कर दिए हैं, जिसमें छात्राओं ने ही शीर्ष तीन स्थान हासिल कर बाजी मारी है। छात्र यूपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइटों के साथ ही उमंग ऐप और डिजिलॉकर पर भी अपना रिजल्ट देख सकते हैं।
यूपी बोर्डी की 10वीं की परीक्षा में इस साल कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 90.42 दर्ज किया गया, जो कि पिछले साल की तुलना में ज्यादा है। पिछले साल 10वीं में उत्तीर्णता प्रतिशत 90.11 था। अगर 12वीं क्लास की बात करें तो इस वर्ष 80.38 प्रतिशत छात्र-छात्राएं सफल हुए, जो कि पिछले वर्ष के मुकाबले कम है। 2025 में 12वीं में उत्तीर्णता प्रतिशत 81.15 था।
Published: undefined
शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) महेंद्र देव ने बताया कि हाईस्कूल की परीक्षा में प्रथम स्थान सीतापुर की कशिश वर्मा और बाराबंकी की अंशिका वर्मा ने हासिल किया और दोनों ने ही 97.83 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। वहीं, बाराबंकी की अदिति 97.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरे स्थान पर रहीं। उन्होंने बताया कि हाईस्कूल की परीक्षा में सीतापुर की अर्पिता, झांसी के ऋषभ साहू और बाराबंकी की परी वर्मा ने 97.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया है।
Published: undefined
महेंद्र देव ने बताया कि इसी तरह, इंटरमीडिएट की परीक्षा में सीतापुर की शिखा वर्मा ने 97.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि बरेली की नंदिनी गुप्ता और बाराबंकी की श्रिया वर्मा ने 97.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं, बरेली की सुरभि यादव और बाराबंकी की पूजा पाल ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया। उन्होंने बताया कि हाईस्कूल की परीक्षा में कुल 87.30 प्रतिशत बालक और 93.76 प्रतिशत बालिकाएं उत्तीर्ण हुईं, जबकि इंटर की परीक्षा में 75.04 प्रतिशत बालक और 86.32 प्रतिशत बालिकाएं उत्तीर्ण हुईं।
Published: undefined
यूपी बोर्ड के परीक्षा परिणाम चेक करने के लिए छात्र सबसे पहले यूपीएमएसपी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद छात्र अपनी कक्षा के अनुसार रिजल्ट के लिए दिए गए एक्टिव लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद एक नया पेज खुल जाएगा, जहां रोल नंबर और सुरक्षा कोड जैसे लॉगिन क्रेडेंशियल दर्ज करें। फिर परिणाम आपके स्क्रीन पर खुल जाएगा। रिजल्ट को चेक करने के बाद स्कोर कार्ड डाउनलोड कर लें। भविष्य के संदर्भ के लिए स्कोर कार्ड का प्रिंट आउट निकाल लें।
Published: undefined
बता दें कि यूपी बोर्ड 2026 की कक्षा 10वीं (हाईस्कूल) की परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च के बीच आयोजित कराई गई थीं, जबकि 12वीं (इंटरमीडिएट) की परीक्षाएं 18 फरवरी से 24 मार्च के बीच हुई थीं। यूपीएमएसपी की ओर से बोर्ड परीक्षाएं राज्य भर में दो पालियों में संपन्न कराई गई थीं। पहली शिफ्ट सुबह 08:30 से 11:45 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 02:00 से शाम 05:15 बजे तक आयोजित की गई थी। यूपी 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में लगभग 52 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल हुए थे।
Published: undefined