
उत्तर प्रदेश में तीसरे चरण के तहत 16 जिलों की 59 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है। सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ जो शाम 6 बजे तक चलेगा। 59 सीटों के लिए कुल 627 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। 2.15 करोड़ से ज्यादा मतदाता इन उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे।
इस बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान सलमान खुर्शीद और उनकी पत्नी ने फर्रूखाबाद में एक मतदान केंद्र में मतदान किया। वोट डालने के बाद सलमान खुर्शीद ने कहा, “हमें उत्तर प्रदेश में पहले काफी दिक़्क़तें हुईं हैं लेकिन हमारी नेता प्रियंका गांधी ने कांग्रेस को मजबूती दी है और हमें जनता से अच्छा बहुमत मिलेगा। कांग्रेस उत्तर प्रदेश में यहां की राजनीति के परिदृश्य में अपना नाम दर्ज कराने आई है।”
सलमान खुर्शीद की पत्नी लुईस खुर्शीद फर्रुखाबाद सदर से कांग्रेस पार्टी की उम्मीदवार हैं। वोट डालने के बाद उन्होंने कहा, “उत्साहित हूं। प्रियंका गांधी की वजह से मैं हर जगह गई और महिलाओं ने मतदान में दिलचस्पी दिखाई।”
उत्तर प्रदेश की जिन 59 विधानसभा सीटों के लिए आज मतदान होना है, उनमें हाथरस, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज, मैनपुरी, फर्रुखाबाद, कन्नौज, इटावा, औरैया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, जालौन, झांसी, ललितपुर हमीरपुर और महोबा जिले शामिल हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए