
अगले साल प्रस्तावित उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों के दृष्टिगत भाजपा सरकार की 'जनविरोधी नीतियों' और 'राज्य के ज्वलंत मुद्दों' को जनता के बीच ले जाने के लिए कांग्रेस ने मंगलवार को 22 अक्टूबर से 'न्याय यात्रा' शुरू करने की घोषणा करते हुए उसके लिए अपना रोडमैप जारी किया।
प्रदेश कांग्रेस मीडिया अध्यक्ष राजीव महर्षि ने बताया कि इस यात्रा के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में चार दल विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेंगे और जनता की समस्याएं सुनने के साथ ही उन्हें बेरोजगारी, महंगाई एवं भ्रष्टाचार जैसे जनहित के विषयों को लेकर जागरूक भी करेंगे।
उन्होंने बताया कि यात्रा का पहला दल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के साथ अन्य वरिष्ठ नेताओं के संयुक्त नेतृत्व में अल्मोड़ा के गोलज्यूं मंदिर में पूजा अर्चना के साथ निकलेगा जो अपनी यात्रा का समापन 25 अक्टूबर को हल्द्वानी में करेगा।
महर्षि ने बताया कि दूसरे दल की यात्रा की शुरूआत बदरीनाथ मंदिर में पूजा -अर्चना से होगी जिसकी अगुवाई प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधायक विक्रम सिंह नेगी और लखपत बुटोला करेंगे ।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा अलग-अलग क्षेत्रों से गुजरते हुए 26 अक्टूबर को गैरसैंण पहुंचेगी जहां 27 अक्टूबर को पार्टी का विधानसभा घेराव का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
उन्होंने बताया कि न्याय यात्रा का तीसरा दल प्रदेश की चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष और विधायक प्रीतम सिंह एवं पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला के नेतृत्व में देहरादून के प्रसिद्ध टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद निकलेगा जो राजपुर, मसूरी, सहसपुर एवं विकासनगर, त्यूनी, कैन्ट एवं धर्मपुर होते हुए ऋषिकेश पहुंचेगी ।
कांग्रेस प्रवक्ता के अनुसार न्याय यात्रा के चौथे दल का नेतृत्व प्रदेश की चुनाव प्रबन्धन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत और विधायक काजी निजामुद्दीन सहित अन्य नेता करेंगे । उन्होंने कहा कि इस दल की यात्रा 23 अक्टूबर को हरिद्वार से शुरू होगी और कई विधानसभा क्षेत्रों से गुजरती हुई 30 अक्टूबर को ज्वालापुर में सम्पन्न होगी।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए