
एमएसपी की कानूनी गारंटी समेत किसानों की मांगों को लेकर राकेश टिकैत ने आंदोलन की चेतावनी दी।
गन्ने का भाव 500 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग महापंचायत में उठाई गई।
किसानों ने जमीन के सर्किल रेट बढ़ाने और कृषि भूमि की सुरक्षा की मांग भी की।
केंद्र और यूपी सरकार को 16 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा गया।
मुजफ्फरनगर के जीआईसी ग्राउंड में गुरुवार रात किसान महापंचायत का आयोजन किया गया। खास बात यह रही कि भाकियू की यह महापंचायत पहली बार रात में आयोजित हुई। इसमें बड़ी संख्या में किसानों ने हिस्सा लिया और विभिन्न मांगों को लेकर चर्चा की।
भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने केंद्र सरकार से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को कानूनी गारंटी देने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि किसानों की यह मांग लंबे समय से चली आ रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कानून नहीं बनाया गया है।
महापंचायत में उत्तर प्रदेश सरकार से नए पेराई सत्र के लिए गन्ने का मूल्य बढ़ाकर 500 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग की गई। टिकैत ने कहा कि किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिलना चाहिए और सरकार को इस मांग पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
किसानों ने जमीन के सर्किल रेट में बढ़ोतरी और कृषि भूमि की सुरक्षा से जुड़े मुद्दे भी उठाए। महापंचायत में इन मांगों को लेकर भी सरकार का ध्यान आकर्षित किया गया।
राकेश टिकैत के मुताबिक, महापंचायत के बाद जिला स्तरीय अधिकारियों के माध्यम से केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार को 16 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन भेजा गया। इसमें किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को शामिल किया गया है।
राकेश टिकैत ने कहा कि यदि केंद्र और राज्य सरकार किसानों की मांगों पर सकारात्मक कदम नहीं उठाती हैं तो किसान आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। उन्होंने कहा कि किसानों के अधिकारों के लिए संघर्ष करना ही उनके पास विकल्प है।
महापंचायत में भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत, राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत समेत संगठन के अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने किसानों को संबोधित किया। इस दौरान किसान हितों से जुड़े मुद्दों पर सरकार की नीतियों को लेकर चर्चा की गई।
सरकारी बयान के मुताबिक, पेराई सत्र 2025-26 के लिए उत्तर प्रदेश में गन्ने के राज्य परामर्शित मूल्य (SAP) में 30 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई थी। इसके बाद अगेती प्रजाति के गन्ने का मूल्य 400 रुपये प्रति क्विंटल, जबकि सामान्य प्रजाति के गन्ने का मूल्य 390 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया था।
पीटीआई के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए