हालात

मौसम अपडेट: दिल्ली, यूपी, बिहार, महाराष्ट्र और राजस्थान में बारिश-आंधी का अलर्ट, 19 राज्यों के लिए चेतावनी

देश के 19 राज्यों में अगले 24 घंटे के दौरान आंधी-तूफान और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मुंबई में तेज बारिश जबकि अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।

फोटोः IANS
फोटोः IANS 

देशभर में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अब तेजी से सक्रिय होता दिख रहा है। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से लेकर अरुणाचल प्रदेश के लोअर सुबनसिरी जिले तक बारिश ने हालात बदल दिए हैं। कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है, जबकि मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटों के दौरान 19 राज्यों में आंधी-तूफान और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, कई क्षेत्रों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक, मॉनसून अगले दो-तीन दिनों में गुजरात और मध्य प्रदेश के कुछ और हिस्सों, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के शेष इलाकों तथा उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ सकता है। इस बीच दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, गुजरात, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, पंजाब, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल के लिए मौसम संबंधी अलर्ट जारी किया गया है।

Published: undefined

दिल्ली-एनसीआर, यूपी और बिहार में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली-एनसीआर में 25 से 29 जून के बीच अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने की संभावना है। 25 जून को आंशिक बादल छाए रहेंगे, जबकि 26 और 27 जून को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। 28 जून को बादल रहेंगे लेकिन बारिश की संभावना कम है, वहीं, 29 जून को फिर से बारिश और गरज-चमक का अनुमान है।

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। बुलंदशहर, आगरा, मथुरा, झांसी, फिरोजाबाद, ललितपुर, कानपुर, हमीरपुर, हापुड़, आजमगढ़, पीलीभीत, रायबरेली, वाराणसी, गोरखपुर और प्रयागराज समेत कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। बिहार में पश्चिमी और पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, गया, नालंदा, गोपालगंज, सिवान, सारण, सुपौल, पूर्णिया, सीतामढ़ी, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी और भागलपुर में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है। यहां 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

Published: undefined

महाराष्ट्र, राजस्थान और गुजरात में बारिश के असर

महाराष्ट्र में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। मुंबई में लगातार तेज बारिश का दौर जारी है और मुंबई और पालघर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मुंबई, ठाणे, रायगढ़, पालघर और सिंधुदुर्ग में तेज बारिश, बिजली गिरने और 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

राजस्थान के श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और बीकानेर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि जयपुर, जोधपुर, अजमेर, कोटा, भरतपुर और अलवर समेत कई जिलों के लिए येलो अलर्ट लागू है। गुजरात में दक्षिण-पश्चिम मानसून सूरत तक पहुंच चुका है। दक्षिण गुजरात, उत्तर गुजरात और सौराष्ट्र के कुछ इलाकों में भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

Published: undefined

उत्तराखंड, हिमाचल और अरुणाचल में विशेष सतर्कता

उत्तराखंड के हरिद्वार, ऋषिकेश, नैनीताल, पिथौरागढ़, देहरादून, चंपावत, बागेश्वर और अल्मोड़ा सहित कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है। देहरादून का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। वहीं हिमाचल प्रदेश में बारिश की चेतावनी तो नहीं है, लेकिन सोलन, मंडी, चंबा, कुल्लू, हमीरपुर और बिलासपुर में तेज हवाएं चल सकती हैं। मनाली का अधिकतम तापमान 16 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

अरुणाचल प्रदेश में लगातार बारिश के कारण लोअर सुबनसिरी जिले में फ्लैश फ्लड जैसे हालात बन गए हैं। इसके मद्देनजर असम सरकार ने हाई अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने गुवाहाटी, ईटानगर और याजाली क्षेत्र में भारी बारिश का अनुमान जताया है। बाढ़ का असर सबसे पहले धेमाजी, लखीमपुर, बिस्वनाथ और सोनितपुर जिलों में देखने को मिल सकता है। प्रशासन ने निचले इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

Published: undefined

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

Published: undefined