हालात

मौसम अपडेट: दिल्ली, यूपी, बिहार समेत 17 राज्यों में भारी बारिश-आंधी का अलर्ट, महाराष्ट्र में 62 मौतें

दिल्ली से मुंबई तक बारिश का दौर जारी है। IMD ने 17 राज्यों में भारी बारिश, आंधी और 65 किमी/घंटा तक तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।

फोटो: IANS
फोटो: IANS 

देशभर में मॉनसून का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। दिल्ली से लेकर मुंबई तक भारी बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। कई जगहों से जलभराव, बाढ़ और बारिश से जुड़ी दर्दनाक घटनाओं के वीडियो सामने आ रहे हैं। भारत मौसम विभाग (IMD) ने 17 राज्यों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। विभाग के मुताबिक कई इलाकों में 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। उधर, महाराष्ट्र में 1 जून से अब तक बारिश और आंधी-तूफान से जुड़ी घटनाओं में 62 लोगों और 200 पशुओं की मौत हो चुकी है।

दिल्ली-NCR में आज रेड और येलो अलर्ट

दिल्ली-एनसीआर में पिछले 24 घंटों से रुक-रुक कर लगातार बारिश हो रही है। 9 जुलाई के लिए कई इलाकों में रेड और कुछ स्थानों पर येलो अलर्ट जारी किया गया है। आज हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार 10 और 11 जुलाई को भी गरज-चमक के साथ बारिश जारी रहेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 12 और 13 जुलाई को बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आने के संकेत हैं।

उत्तर प्रदेश: नोएडा-गाजियाबाद समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर, नोएडा, गाजियाबाद, प्रयागराज, कानपुर, आगरा, अयोध्या, बाराबंकी, रायबरेली, सीतापुर, शामली, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, मैनपुरी, इटावा और बांदा में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

बिहार: 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

बिहार में मॉनसून ने रफ्तार पकड़ ली है। पटना, मधुबनी, वैशाली, भागलपुर, बेगूसराय, मुंगेर, गोपालगंज, सिवान, सुपौल और खगड़िया में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने इन इलाकों में 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अलर्ट दिया है। पटना का अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

महाराष्ट्र: मूसलाधार बारिश से हालात गंभीर, 62 लोगों की मौत

महाराष्ट्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से कई इलाकों में अचानक बाढ़, नदियों के उफान और इमारतों के ढहने जैसी गंभीर स्थिति पैदा हो गई है। 1 जून से अब तक बारिश और आंधी-तूफान से जुड़ी घटनाओं में 62 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 200 पशुओं की भी मौत हुई है।

राजस्थान: 11 जुलाई तक सक्रिय रहेगा मॉनसून

राजस्थान में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के सक्रिय होने से कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई है। अगले दो-तीन दिन तक मॉनसून सक्रिय रहने का अनुमान है। 10 जुलाई को भरतपुर संभाग और आसपास के जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। हालांकि 11 जुलाई से अगले एक सप्ताह तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में कमी आने के आसार हैं।

उत्तराखंड के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट

उत्तराखंड के नैनीताल, देहरादून, कालाढूंगी, डंगोली, भीमताल, नरेंद्रनगर, पौड़ी, चोरगलिया, कौसानी, देवप्रयाग और कोश्याकुटोली समेत कई इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को नदी-नालों और बरसाती नालों से दूर रहने की सलाह दी गई है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने जिलाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने, राहत और बचाव दलों को तैयार रखने, सड़कों की निगरानी और आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

असम और तमिलनाडु में अगले कुछ दिन भी बारिश का दौर जारी

असम में अगले 3 से 4 दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अनुमान है। कामरूप (ग्रामीण), धुबरी, बारपेटा, कोकराझार, नागांव, सोनितपुर, लखीमपुर, डिब्रूगढ़, तिनसुकिया, कछार और दिमा हसाओ में अलर्ट जारी किया गया है। गुवाहाटी में पूरे सप्ताह बादल छाए रहने और बीच-बीच में बारिश होने की संभावना है।

वहीं, तमिलनाडु के पश्चिमी घाट से जुड़े जिलों में अगले दो दिनों तक मध्यम बारिश का अनुमान है। कई स्थानों पर गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिणी गुजरात से मध्य केरल तक फैले निम्न दबाव (लो-प्रेशर) के ट्रफ के कारण पश्चिमी घाट के इलाकों में अगले 48 घंटे तक मौसम अस्थिर बना रहेगा।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए