
बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन सोमवार शाम तक चक्रवाती तूफान बन सकता है।
आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी है।
समुद्र में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
दिल्ली में धुंध, यूपी में घना कोहरा और उत्तराखंड में बारिश की संभावना है।
देश के मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव आने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन तेजी से ताकतवर हो रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज की शाम तक इसके चक्रवाती तूफान में बदलने की प्रबल संभावना है। इसके बाद 17 नवंबर की शाम तक यह गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। अगले दो दिनों में इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए आंध्र प्रदेश के तट की ओर जाने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, यह मौसमी सिस्टम पिछले कुछ घंटों में करीब 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा है। 15 नवंबर की रात 11:30 बजे यह 10.6 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 86.7 डिग्री पूर्वी देशांतर के पास केंद्रित था। उस समय इसकी दूरी चेन्नई से लगभग 760 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व और विशाखापत्तनम से 870 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पूर्व थी।
चक्रवाती सिस्टम िके प्रभाव से दक्षिण भारत के तटीय इलाकों में मौसम सबसे ज्यादा प्रभावित हो सकता है। आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। वहीं, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में 55 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इनके झोंके 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। मध्य बंगाल की खाड़ी में भी तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 19 और 20 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की भी आशंका है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 18 और 19 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। ओडिशा में 18 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है, जबकि 19 से 21 नवंबर के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका है।
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में सोमवार को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। यहां गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। हवा के झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। मौसम विभाग ने मछुआरों को अंडमान सागर और आसपास के समुद्री इलाकों में नहीं जाने की सलाह दी है।
पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में कुछ स्थानों पर हल्की से छिटपुट बारिश हो सकती है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी कुछ जगहों पर बारिश के आसार हैं। इसके अलावा केरल, माहे, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और तटीय आंध्र प्रदेश में हल्की बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी इलाकों और सिक्किम में भी कुछ स्थानों पर बारिश का अनुमान है। गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में 19 और 20 नवंबर को भारी बारिश हो सकती है।
उत्तर भारत के राज्यों में भी मौसम का मिजाज बदल रहा है। दिल्ली में सोमवार सुबह हल्की धुंध और कोहरा छाने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी में अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। बारिश को लेकर कोई विशेष चेतावनी नहीं है। 17 नवंबर को भी सुबह हल्की धुंध या कोहरा देखने को मिल सकता है।
उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, लेकिन सुबह और रात के समय कोहरा परेशान कर सकता है। मौसम विभाग ने 16 और 17 नवंबर को प्रदेश के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाने की आशंका जताई है। इससे सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है। बिहार में पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, भागलपुर और पूर्णिया समेत कई इलाकों में बारिश का कोई विशेष अलर्ट नहीं है। हालांकि, सुबह के समय धुंध और कोहरा छाया रह सकता है।
उत्तराखंड के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कहीं-कहीं गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा भी है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम बदलने के साथ ठंड का असर बढ़ सकता है।
झारखंड के लिए बारिश या तापमान को लेकर कोई अलग विशेष चेतावनी नहीं दी गई है। केरल और माहे में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी इलाकों और सिक्किम में भी छिटपुट बारिश के आसार हैं। पूर्वोत्तर के अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। दक्षिण भारत में चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की आशंका है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए