हालात

मौसम अपडेट: तूफान 'अकवन' का असर, 12 राज्यों में बारिश का अलर्ट, दिल्ली में बढ़ेगी ठंड, जानें UP-बिहार-राजस्थान का हाल

चक्रवाती तूफान 'अकवन' के असर से आज ओडिशा, बंगाल, बिहार समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट है। दिल्ली-NCR में ठंड और घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया 

  • बंगाल की खाड़ी में उठे गंभीर चक्रवाती तूफान 'अकवान' के असर से देश के 12 राज्यों में मौसम बिगड़ने की चेतावनी जारी की गई है।

  • पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार, झारखंड, तमिलनाडु, केरल और आंध्र प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट है।

  • कुछ इलाकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।

  • उत्तर भारत में पहाड़ों की बर्फबारी का असर दिखने लगा है। दिल्ली-NCR समेत मैदानी इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान 'अकवन' उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के सुबह 8 बजे जारी बुलेटिन के मुताबिक, यह तूफान सुबह 2:30 बजे तक गंभीर चक्रवाती तूफान से कमजोर होकर चक्रवाती तूफान में बदल गया था। सुबह 5:30 बजे यह आंध्र प्रदेश के कलिंगपट्टनम से करीब 70 किलोमीटर पूर्व और ओडिशा के गोपालपुर से 110 किलोमीटर दक्षिण में केंद्रित था। फिलहाल आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटों इसका लैंडफॉल जारी है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, चक्रवात के प्रभाव से ओडिशा में अत्यधिक भारी बारिश की आशंका है। तटीय आंध्र प्रदेश, गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड और छत्तीसगढ़ में भी भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं, पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों में भी बारिश और गरज-चमक की चेतावनी जारी की गई है।

इन राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

मौसम विभाग के बुलेटिन के अनुसार, चक्रवाती तूफान का सबसे ज्यादा असर ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में देखने को मिल सकता है। ओडिशा में कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश का अनुमान है। तटीय आंध्र प्रदेश में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंकों की गति 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

इसके अलावा पश्चिम बंगाल और झारखंड में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। बिहार, छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भी मौसम बदल सकता है। त्रिपुरा, मिजोरम, मणिपुर और नगालैंड में बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं का अनुमान है। अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है।

मौसम विभाग ने समुद्र में खराब परिस्थितियों को देखते हुए मछुआरों को बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में नहीं जाने की सलाह दी है। चक्रवात के तट पार करने के दौरान आंध्र प्रदेश और ओडिशा के निचले तटीय इलाकों में समुद्री पानी भरने का भी खतरा जताया गया है।

दिल्ली-NCR में गिरेगा पारा, छाएगा घना कोहरा

देश के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में जहां बारिश और चक्रवात का असर दिख रहा है, वहीं उत्तर भारत में ठंड का असर बढ़ने लगा है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के बाद मैदानी क्षेत्रों के तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। दिल्ली-NCR में भी सुबह और रात के समय ठंड बढ़ रही है।

मौसम विभाग ने 20 से 22 नवंबर के बीच हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाने की आशंका जताई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 21 से 23 नवंबर और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 22 से 23 नवंबर के दौरान घने कोहरे की चेतावनी है। ऐसे में सुबह के समय सड़कों पर वाहन चलाने वालों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होगी।

बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम?

बिहार में 21 और 22 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 21 नवंबर को दक्षिण-पूर्वी बिहार में भारी बारिश की संभावना जताई है। झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।

राजस्थान के लिए दिए गए पूर्वानुमान में सवाई माधोपुर, बीकानेर, डूंगरपुर, भीलवाड़ा, कोटा, अजमेर, बूंदी और भरतपुर में कोहरे की आशंका जताई गई है। वहीं, मध्य प्रदेश के इंदौर, मंडला, कटनी, ग्वालियर, गुना, नीमच, छिंदवाड़ा, सतना, मुरैना, रीवा और पन्ना में ठंड और कोहरे का असर देखने को मिल सकता है।

छत्तीसगढ़ में 20 और 21 नवंबर को कई स्थानों पर बारिश की संभावना है। कुछ इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं। कुल मिलाकर 20 नवंबर को देश के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में चक्रवात और बारिश, जबकि उत्तर भारत में गिरते तापमान और कोहरे का असर देखने को मिलेगा।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए