हालात

मौसम अपडेट: उत्तराखंड में रेड अलर्ट, यूपी-बिहार में भारी बारिश, दिल्ली, राजस्थान समेत कई राज्यों का जानिए हाल

मौसम विभाग ने यूपी, बिहार, राजस्थान समेत 14 राज्यों में आंधी-बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
प्रतीकात्मक तस्वीर 

उत्तर भारत में पिछले कुछ दिनों से मॉनसून की बारिश अब कुछ कमजोर पड़ती नजर आ रही है। दिल्ली-एनसीआर में बारिश थम गई है, जबकि राजस्थान के कई हिस्सों में मॉनसून के बावजूद गर्मी का असर बना हुआ है। हालांकि, मौसम विभाग (IMD) ने देश के 14 राज्यों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। अगले 12 घंटे के दौरान कुछ इलाकों में 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं, पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल और बिहार में अगले 2 से 3 दिनों तक तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले 4 से 5 दिनों के दौरान भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

IMD के अनुसार, मॉनसून की रेखा फिलहाल हरियाणा, उत्तर प्रदेश और मणिपुर तक फैली हुई है। इसके अलावा उत्तरी बांग्लादेश और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से करीब 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। दूसरी ओर, मौसम विभाग ने 15 जुलाई तक मध्य-पूर्वी अरब सागर के कुछ हिस्सों में 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी करते हुए मछुआरों को समुद्र में जाते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। साथ ही अगले 6 से 7 दिनों तक उत्तर-पश्चिम, पश्चिम-मध्य और दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत में मॉनसून कमजोर रहने का पूर्वानुमान भी जताया गया है।

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, पंजाब, छत्तीसगढ़ और असम में भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली-NCR में 17 जुलाई तक बारिश के आसार कमजोर

दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल बारिश के आसार कमजोर बने हुए हैं। 13 से 16 जुलाई तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि 17 जुलाई को हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इसके बाद 18 और 19 जुलाई को बादल छाए रहने का अनुमान है, लेकिन बारिश की संभावना कम है। 20 जुलाई को राजधानी और आसपास के इलाकों में फिर अच्छी बारिश लौट सकती है।

उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में अगले 24 घंटे के दौरान कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। उत्तर-पूर्वी जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। संभल, एटा, हाथरस और फिरोजाबाद में अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं पीलीभीत, गौतमबुद्ध नगर, शामली और मैनपुरी में सामान्य से कम बारिश दर्ज होने के आसार हैं।

बिहार में आंधी-बारिश का अलर्ट

बिहार के मुंगेर, अररिया, भागलपुर, किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, बक्सर, लखीसराय, शेखपुरा, भोजपुर, सिवान, औरंगाबाद, गया, नवादा और पटना में आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पटना में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

उत्तराखंड में भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट

उत्तराखंड के लिए IMD ने भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। मंडी, मनाली, सराहन, रोहड़ू और शिमला के लिए विशेष चेतावनी जारी की गई है। वहीं, पिछले तीन दिनों से भूस्खलन के कारण बंद स्यानाचट्टी स्थित यमुनोत्री राजमार्ग को खोलने का काम लगातार जारी है।

राजस्थान के एक सप्ताह तक कमजोर रहेगा मॉनसून

राजस्थान में अगले एक सप्ताह तक मॉनसून कमजोर रहने की संभावना है और अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क बना रह सकता है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में बारिश की संभावना कम है। हालांकि 14 और 15 जुलाई को बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। इसी अवधि में शेखावाटी, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में भी हल्की बारिश होने की संभावना है।

ओडिशा के कई जिलों में आंधी-तूफान का येलो अलर्ट

ओडिशा में अगले चार दिनों तक कई जिलों में बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है। बालासोर, भद्रक, केंद्रपाड़ा, सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, बरगढ़, संबलपुर, क्योंझर, मयूरभंज, कालाहांडी, कंधमाल और रायगढ़ा में भारी बारिश का अनुमान है। वहीं गजपति, गंजाम, पुरी, खुर्दा और नयागढ़ के लिए गरज-चमक, बिजली और तेज सतही हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

पश्चिम बंगाल में बहुत भारी बारिश की चेतावनी 

कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल में अगले सात दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। उत्तर 24 परगना, हावड़ा, हुगली, दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, झाड़ग्राम और पुरुलिया में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश और तेज हवाओं का असर रहेगा। 16 जुलाई से दक्षिण बंगाल में बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं।

तमिलनाडु में कहीं बारिश तो कई इलाकों में बढ़ेगी गर्मी और उमस

तमिलनाडु के पश्चिमी घाट से लगे जिलों में 16 जुलाई तक मध्यम बारिश की संभावना है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, तमिलनाडु और पुडुचेरी में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 3 डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है, जिससे गर्मी और उमस बढ़ेगी। पुडुचेरी और कराईकल के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की भी संभावना है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए