
पूर्व केंद्रीय मंत्री और टीएमसी नेता यशवंत सिन्हा ने कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी नंदीग्राम में भारी अंतर से चुनाव जीत रही हैं। उन्होंने कहा कि विरोधी उनके आसपास भी नहीं हैं।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने नंदीग्राम में कहा कि चुनाव आयोग से 63 बार शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने कहा कि मुझे नंदीग्राम नहीं लोकतंत्र की चिंता है।
ममता बनर्जी ने कहा कि मतदान के दिन प्रधानमंत्री रैली क्यों करते हैं। क्या यह आचार संहिता का उल्लंघन नहीं है।
सीएम ममता बनर्जी नंदीग्राम के अलावा किसी और सीट से चुनाव नहीं लड़ेंगी। न्यूज एजेंसी एएनआई ने टीएमसी के सूत्रों के हवाले से ये खबर दी है। टीएमसी सूत्रों का कहना है कि ममता बनर्जी नंदीग्राम में आराम से चुनाव जीत रही हैं और उनके किसी और सीट से चुनाव लड़ने का सवाल ही नहीं उठता।
पश्चिम बंगाल के नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा, “ममता बनर्जी पोलिंग बूथ पर जाकर बैठ गई हैं यह उनकी राजनीतिक दिवालियापन को दर्शाता है और वे नाटक कर रही हैं। उनकी राजनीतिक जमीन खिसक रही है। ममता बनर्जी वोटर का अपमान कर रही हैं।”
पश्चिम बंगाल और असम में बंपर वोटिंग जारी है। दोपहर 3.31 बजे तक बंगाल 71.07 फीसदी वोट डाले गए हैं, जबकि असम में अभी 67.03 फीसदी ही वोट डाले गए हैं
चुनाव आयोग के मुताबिक, विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में दोपहर 3:10 बजे तक असम में 57.89 फीसदी और पश्चिम बंगाल में 60.97 फीसदी मतदान हुए हैं।
पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी नंदीग्राम में पोलिंग बूथ पर ही धरने पर बैठ गई हैं। उनका आरोप है कि यहां पर टीएमसी कार्यकर्ताओं को मतदान नहीं करने दिया जा रहा है। उन्होंने बूथ से ही राज्यपाल जगदीप धनकड़ से फोन पर बात की। ममता ने कहा कि बंगाल में निष्पक्ष चुनाव कराए जाए।
पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने नंदीग्राम के एक मतदान केंद्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि नारे लगाने वाले लोग बाहरी हैं। वे बिहार और यूपी से आए थे, उन्हें केंद्रीय बलों द्वारा संरक्षित किया जा रहा है।
चुनाव आयोग के मुताबिक, विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में दोपहर 1:30 बजे तक असम में 48.26 फीसदी और पश्चिम बंगाल में 58.15 फीसदी मतदान हुए हैं।
टीएमसी नेता डेरेक ओ ब्रायन ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी कार्यकर्ताओं द्वारा बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाया है। उन्होंने पत्र में लिखा, “बीजेपी कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ ने बूथ नंबर 6,7,49,27,162,21,26,13,262,256,163,20 बूथों में प्रवेश किया। बीजेपी कार्यकर्ता ईवीएम को नियंत्रित करने और बूथ पर धांधली का प्रयास कर रहे हैं।”
पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम के कमालपुर में बूथ संख्या 170 के पास मीडिया कर्मियों के वाहन पर हमला किया गया। हमले पर बीजेपी के सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि ये पाकिस्तानियों का काम है, 'जय बंगला' बांग्लादेश का नारा है। उस बूथ पर एक विशेष समुदाय के मतदाता हैं जो ऐसा कर रहे हैं।
चुनाव आयोग के मुताबिक, विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में दोपहर 12 बजे तक असम में 27.45 फीसदी और पश्चिम बंगाल में 37.42 फीसदी मतदान हुए हैं।
देशभर में आज से 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए वैक्सीनेशन शुरू हो गया है। गुजरात के गांधीनगर के शहरी स्वास्थ्य केंद्र पर लोग टीका लगवाते दिखे।
पश्चिम बंगाल के केशपुर के बूथ नंबर 173 पर बीजेपी की एक महिला पोलिंग एजेंट की टीएमसी कार्यकर्ताओं द्वारा कथित रूप से पिटाई की गई है। इसके अलाना स्थानीय बीजेपी नेता तन्मय घोष की कार में तोड़फोड़ की गई।
बदरुद्दीन अजमल ने कहा, “पीएम मोदी और अमित शाह ने कहा है कि वे बांग्लादेशी घुसपैठियों को वापस भेजेंगे। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि अब तक कितने बांग्लादेशियों को वापस भेजा? मैं उन्हें यह बताने की चुनौती देता हूं कि अगर पिछले 5 साल में 100 बांग्लादेशियों को वापस भेजा गया है तो बता दें।”
AIUDF प्रमुख बदरुद्दीन अजमल ने कहा, “पहले चरण में हमारी 30-32 सीटें आ रही हैं और ये हमारा क्षेत्र है तो दूसरे चरण में इसमें बीजेपी के आगे बढ़ने का सवाल ही पैदा नहीं होता। हमारे महागठबंधन की सरकार बनेगी। ये(BJP) बांग्लादेशियों को लाते हैं, हम बंग्लादेशियों को लाने वाले नहीं, भगाने वाले हैं।”
पश्चिम बंगाल के डेबरा के एक मतदान केंद्र के पास हंगामा हुआ है। मौके पर सुरक्षाबल मौजूद हैं। हंगामे के बीच पुलिस ने डेबरा के बीजेपी मंडल अध्यक्ष मोहन सिंह को हिरासत में ले लिया है। एक मतदाता ने बताया, "बाहर से जो पार्टी आई है वो लोग अपने गुंडे को लेकर आए हैं। वो लोग यहां आकर झगड़ा कर रहे हैं। हम लोग तो यहां के वोटर है हम लोग यहां अशांति क्यों करेंगे।"
पश्चिम बंगाल के केशपुर में बूथ संख्या 173 पर कथित रूप से तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बीजेपी के पोलिंग एजेंट की पिटाई की। पोलिंग एजेंट को अस्पताल ले जाया गया है। बीजेपी नेता तन्मय घोष की कार में तोड़फोड़ की गई।
असम के सिलचर में एक महिला मतदान केंद्र पर बड़ी संख्या में महिलाएं मतदान करने पहुंचीं हैं। असम में आज विधानसभा की 39 सीटों पर मतदान हो रहे हैं।
पश्चिम बंगाल के खड़गपुर सदर विधानसभा क्षेत्र से अभिनेता और बीजेपी उम्मीदवार हिरण चटर्जी ने कहा, “यहां के लोग विकास चाहते हैं। हमें यहां एक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और एक महिला कॉलेज की जरूरत है। आज बड़ी संख्या में लोग अपना वोट डालने के लिए निकले हैं।”
पश्चिम बंगाल के मिदनापुर जिले के दादपुर गांव में अज्ञात बदमाशों ने बीती रात एक टीएमसी कार्यकर्ता की धारदार हथियार से हत्या कर दी। एसपी वेस्ट मिदनापुर ने कहा, “हत्या के सिलसिले में 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।”
असम में दूसरे चरण के लिए मतदान जारी है। नगांव में एक मतदान केंद्र पर नंबर 34 पर मतदाता, मतदान करने के लिए लाइन में लगे हुए हैं। असम में आज विधानसभा की 39 सीटों पर मतदान हो रहे हैं।
पश्चिम बंगाल में मतदान जारी है। इस बीच तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि उनके एजेंट के साथ मारपीट की जा रही है।
पश्चिम बंगाल के अलावा असम में भी ईवीएम में गड़बड़ी की खबरें सामने आ रही हैं। जागीरोड पोलिंग बूथ पर दो ईवीएम काम नहीं कर रही हैं। लोगों ने हंगामा किया है।
पश्चिम बंगाल में नंदीग्राम सीट से बीजेपी उम्मीदवार शुवेंदु अधिकारी ने कहा, “बीजेपी और विकास की जीत होगी। पूरे बंगाल में परिवर्तन की लहर चल रही है। ममता बनर्जी की सरकार ने बेरोजगारी दी, इसके खिलाफ मतदान हो रहे हैं। 80 से 85 फीसदी मतदान होने चाहिए और हिंसा नहीं होनी चाहिए।”
ईवीएम में खराबी की वजह से असम के निर्तामोई बालिका विद्यालय में मतदान केंद्र संख्या 146 पर सिलचर वोटिंग अस्थाई रूप से रोक दी गई है।
असम के नगांव में विधानसभा के दूसरे चरण के लिए मतदान जारी है। मतदान केंद्र नंबर 23-26 में लोग मतदान करने के लिए अपनी बारी का इंतजार करते हुए।
पश्चिम बंगाल के दक्षिण-24 परगना में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए मतदान जारी है। मतदाता कतार में लगे हुए हैं और मतदान के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।
पश्चिम बंगाल की 30 और असम की 39 विधानसभा सीटों पर दूसरे चरण के लिए आज वोटिंग हो रही है। बंगाल की 30 सीटों पर 171 प्रत्याशी और असम की 39 सीटों पर 345 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हुई है।
पश्चिम बंगाल की 30 और असम की 39 विधानसभा सीटों पर दूसरे चरण के लिए आज वोटिंग होगी। बंगाल की 30 सीटों पर 171 प्रत्याशी और असम की 39 सीटों पर 345 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू होगी। बंगाल में पूर्वी मेदिनीपुर जिले की 9, बांकुरा की 8, पश्चिमी मेदिनीपुर की 9 और साउथ 24 परगना की 4 सीटों पर वोटिंग होगी। नंदीग्राम समेत कई इलाकों में वोटिंग के दौरान तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
आज की वोटिंग में सबकी नजर नंदीग्राम पर रहेगी, जहां से ममता बनर्जी और शुभेंदु अधिकारी एक दूसरे के आमने-सामने हैं। नंदीग्राम समेत मतदान वाले इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। नंदीग्राम में एहतियातन धारा-144 भी लागू है। नंदीग्राम में सेंट्रल फोर्स की 22 कंपनियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा 22 क्विक रिस्पॉन्स टीम, 3 ऑब्जर्वर्स और 10 सेक्टर ऑफिसर की ड्यूटी भी लगाई गई है।
वहीं, असम में बीजेपी के अगुवाई वाले एनडीए और कांग्रेस गठबंधन के बीच कांटे की टक्कर है कांग्रेस ने 5 साल बाद फिर से जीत हासिल करने के लिए बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट, ऑल इंडिया युनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट और लेफ्ट पार्टियों के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। वहीं, बीजेपी असम गणपरिषद के साथ मैदान में है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 01 Apr 2021, 6:43 AM IST