
असम के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग गोयल ने बुधवार को बताया कि असम विधानसभा के 126 क्षेत्रों के लिए चार मई को मतगणना हेतु लगभग 8,500 अधिकारी तैनात किए जाएंगे।
उन्होंने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग मतगणना प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी तरीके से संचालित करने के लिए पूरी तरह से तैयार है।
गोयल ने कहा, “असम के 35 जिलों में 40 मतगणना केंद्र होंगे। अधिकतर जिलों में एक ही केंद्र होगा जिसमें उनके अधिकार क्षेत्र के सभी निर्वाचन क्षेत्र शामिल होंगे।”
TMC नेता कुणाल घोष ने कहा, "पहले चरण के मतदान में TMC की सेंचुरी हो गई थी। दूसरे चरण के मतदान के बाद हम बोल रहे हैं कि इस बार बंगाल में बीजेपी को 50 सीटें भी नहीं मिलेंगी। TMC को 235 से ज्यादा सीटें मिलेंगी... हम माताओं, बहनों को धन्यवाद देते हैं। जितना ज्यादा मतदान हुआ, उतने ज्यादा वोटों से TMC जीतेगी। भाजपा को पता है कि TMC जीतेगी इसलिए सेंट्रल फोर्स के जरिए गुंडागर्दी की गई... बच्चों और महिलाओं को मारा गया। जानबूझकर पोलिंग धीमी की गई, लोगों को कतार में रखकर परेशान किया गया... आप कितना ही हमला करें बंगाल जीतेगा..."
पश्चिम बंगाल में शाम 5 बजे तक 88.99 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। जिलों की बात करें तो हुगली में 90.34%, हावड़ा में 89.44%, कोलकाता नॉर्थ में 87.77% और कोलकाता साउथ में 86.11% मतदान हुआ। वहीं नादिया में 90.28%, नॉर्थ 24 परगना में 89.74%, पूर्व बर्धमान में सबसे ज्यादा 92.46% और साउथ 24 परगना में 89.57% वोटिंग दर्ज की गई। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सीट भवानीपुर में 85.51% मतदान हुआ।
भवानीपुर से TMC उम्मीदवार और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, "CRPF इस तरह लोगों को परेशान नहीं कर सकती। यहां राज्य पुलिस नहीं है, इन्हें सीमा की रक्षा करनी चाहिए लेकिन इसकी जगह वे एक राजनीतिक दल की रक्षा कर रहे हैं। मैं 1984 से चुनाव लड़ रही हूं और इस बार इतना अत्याचार हो रहा है... इन्होंने महिलाओं, बच्चों को मारा... राणाघाट, कल्याणी, आरमबाग़, घोघाट, कैनिंग, इन सभी जगहों पर इन्होंने एजेंट को बाहर कर दिया। क्या यह स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव है?"
पश्चिम बंगाल में बुधवार को दूसरे चरण के मतदान के दौरान दक्षिण 24 परगना के भांगर और उसके आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल रहा, जहां इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) ने तृणमूल कांग्रेस पर मतदान एजेंटों को डराने और मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण का मतदान जारी रहने के बीच, कम से कम सात विधानसभा क्षेत्रों में राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) के अधिकारियों को तैनात किया गया है। निर्वाचन आयोग ने शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए एनआईए अधिकारियों की तैनाती का निर्देश दिया था।
टीएमसी की राज्यसभा सांसद ममता ठाकुर ने आरोप लगाया है कि चुनाव आयोग बंगाल में तांडव कर रहा है। ममता ठाकुर ने कहा, 'बीती रात मुझे एक फोन आया, जिसमें मुझे बताया गया कि चुनाव आयोग ने बागदा विधानसभा में पैसे बांटने के आरोप में मेरे खिलाफ शिकायत दर्ज की है जबकि मैं अपने घर पर थी। केंद्रीय सुरक्षा बल कई नेताओं को धमका रहे हैं। ऐसा पहली बार हुआ है। भाजपा चुनाव आयोग के साथ मिलकर बंगाल में तांडव कर रही है। हमने ऐसा पहले कभी नहीं देखा। जनता ये साफ करेगी कि वे क्या चाहते हैं।'
चुनाव आोग के आंकड़ों के अनुसार, बंगाल में दोपहर तीन बजे तक 79 प्रतिशत मतदान हुआ है।
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा है कि बंगाल में चुनाव हिंसा-मुक्त होंगे, ऐसी उम्मीद करना नामुमकिन है. हमें सत्ताधारी पार्टी की तरफ से ऐसी ही उम्मीद थी. फिर भी, बड़ी संख्या में लोग चुनावों में हिस्सा ले रहे हैं. आम लोगों को लगता है कि वे वोट डाल पाएंगे, क्योंकि यहां बड़ी संख्या में केंद्रीय बलों को तैनात किया गया है. आम लोग बिना किसी डर के चुनावों में हिस्सा ले रहे हैं.
चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, पश्चिम बंगाल में दोपहर 1 बजे तक 61.11 प्रतिशत मतदान हुआ है।
चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, सुबह 11 बजे तक पश्चिम बंगाल में करीब 40 फीसदी मतदान हो चुका है। इन आंकड़ों को देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि दूसरे चरण में भी बंगाल में मतदान प्रतिशत काफी ज्यादा रहेगा।
पश्चिम बंगाल के होगली जिले के खानाकुल स्थित राजहाटी-1 पंचायत के अंतर्गत रामचंद्रपुर के बूथ नंबर 147 पर टीएमसी और आईएसएफ समर्थकों के बीच झड़प हो गई। यह तनाव कथित तौर पर फर्जी पोलिंग एजेंट नियुक्त करने के आरोपों को लेकर भड़का।
पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण का मतदान जारी है। बारानगर के वार्ड नंबर 72 में ईवीएम में खराबी के कारण मतदान रोक दिया गया है। नाराज़ मतदाताओं का आरोप है कि मशीन को पाँच बार बदला गया, फिर भी मतदान प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी।
एक मतदाता मिथु गराई ने कहा, “हम सुबह 7 बजे से लाइन में खड़े हैं। वे कह रहे हैं कि ईवीएम खराब हो गई है। अब हम वापस जा रहे हैं।”
पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण की 142 सीटों पर मतदान जारी है। सुबह 9 बजे तक का मतदान का आंकड़ा सामने आया है। राज्य में 9 बजे तक 18.39 फीसदी वोटिंग हुई है।
ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण की वोटिंग के दौरान हिंसा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि BJP जबरदस्ती चुनाव में धांधली करना चाहती है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे एवं अंतिम चरण का मतदान शुरू होने के बाद बुधवार को राज्य के मतदाताओं से निडर होकर प्रगतिशील मूल्यों और विकास के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आह्वान किया।
पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के तहत 142 विधानसभा सीटों के लिए मतदान हो रहा है। बीते 23 अप्रैल को पहले चरण में 152 सीटों के लिए मतदान हुआ था। राज्य में विधानसभा की कुल 294 सीटें हैं।
हावड़ा के बाली विधानसभा क्षेत्र में मतदान के दौरान उस समय तनाव फैल गया जब डॉन बॉस्को लिलुआ सहनलाल विद्यालय के मतदान केंद्र पर ईवीएम मशीन खराब हो गई. मशीन में गड़बड़ी की वजह से वोटिंग प्रक्रिया बाधित होने पर मतदाता उत्तेजित हो उठे और स्थिति बिगड़ गई. हालात को नियंत्रित करने के लिए तैनात केंद्रीय सुरक्षा बलों को लाठीचार्ज करना पड़ा. इस घटना में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को अपने भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के कई बूथों का दौरा किया, जहां मतदान चल रहा है। भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र बनर्जी का राजनीतिक गढ़ है, जहां उनका मुकाबला विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी से है। यह मुकाबला प्रतिष्ठा की लड़ाई है। पिछले विधानसभा चुनाव में शुभेंदु ने ममता बनर्जी को हराया था। टीएमसी प्रमुख आमतौर पर मतदान के दिन दोपहर में अपने कालीघाट आवास से निकलकर मित्रा इंस्टीट्यूशन स्कूल में अपना वोट डालने जाती हैं। हालांकि, इस बार वे सुबह 8 बजे से पहले ही अपने आवास से निकल गईं और भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के कई पोलिंग स्टेशनों का दौरा किया, जिनमें दक्षिण कोलकाता के चेतला इलाके के बूथ भी शामिल हैं।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में आज 142 विधानसभा सीटों पर वोटिंग हो रही है और 3.2 करोड़ से ज्यादा मतदाता कुल 1448 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण का मतदान आज होगा। इस चरण में 142 विधानसभा सीटों पर वोटिंग होगी और 3.2 करोड़ से ज्यादा मतदाता कुल 1448 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। दूसरे चरण के 142 निर्वाचन क्षेत्रों में से, तृणमूल कांग्रेस ने पिछले चुनाव में 123 सीटें जीती थीं, जबकि बीजेपी ने मात्र 18 सीटें हासिल की थीं। एक सीट पर अन्य ने जीत दर्ज की थी।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, इन 142 सीटों पर कुल 3,21,73,837 पंजीकृत मतदाता हैं। इनमें 1,64,35,627 पुरुष, 1,57,37,418 महिला और 792 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। सभी मतदाताओं को फोटो पहचान पत्र (एपिक) उपलब्ध करा दिए गए हैं। मतदाताओं में 100 वर्ष या उससे अधिक आयु के 3,243 वोटर हैं, जबकि 85 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं की संख्या 1,96,801 है। इसके अलावा 146 एनआरआई वोटर और 39,961 सर्विस वोटर भी इस चरण में मतदान करेंगे।
इस चरण में कुल 1,448 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 1,228 पुरुष और 220 महिला उम्मीदवार शामिल हैं। किसी भी सीट पर थर्ड जेंडर उम्मीदवार नहीं है। 142 सीटों में से 107 सामान्य श्रेणी की हैं, जबकि 34 सीटें अनुसूचित जाति (एससी) और एक सीट अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित है। दक्षिण 24 परगना जिले की भांगर सीट पर सबसे ज्यादा 15 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जबकि हुगली जिले की एक सीट पर सबसे कम पांच उम्मीदवार हैं। कोलकाता के अलावा जिन जिलों में मतदान होगा उनमें नदिया, पूर्व बर्धमान, हुगली, दक्षिण 24 परगना, उत्तर 24 परगना और हावड़ा शामिल हैं।
कुल 41,001 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 39,301 मुख्य और 1,700 सहायक मतदान केंद्र हैं। सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। मतदान शांतिपूर्ण कराने के लिए अभूतपूर्व सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। केंद्रीय बलों की 2,407 कंपनियां तैनात की गई हैं। इनके अलावा पश्चिम बंगाल पुलिस और कोलकाता पुलिस के जवान भी सुरक्षा में लगाए जाएंगे। मतगणना 4 मई को होगी।
आज हुगली (18), हावड़ा (16), कोलकाता (11), नदिया (17), उत्तर 24 परगना (33), पूर्वी बर्धमान (16) और दक्षिण 24 परगना (31) जिलों में वोटिंग होगी। दूसरे चरण में कुल 1448 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें 218 महिला उम्मीदवार हैं। 266 मुस्लिम उम्मीदवार हैं, जिनमें से 25 महिलाएं हैं। तृणमूल कांग्रेस ने इस चरण में 21 सीटों पर मुस्लिम उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि बीजेपी ने एक सीट पर मुस्लिम उम्मीदवार उतारा है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 29 Apr 2026, 6:32 AM IST