
बंगाल के कई जिलों में पुलिस कटे हुए नामों वाले वोटरों से दस्तावेज मांग रही है।
जन्म प्रमाण पत्र, जमीन के कागजात और माता-पिता के पुराने वोटर रिकॉर्ड मांगे जा रहे हैं।
CEO कार्यालय ने ऐसे किसी अभियान का आदेश देने से इनकार किया है।
सीपीआईएम और कांग्रेस ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।
पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब राज्य में एक नया मामला सामने आया है, जहां आरोप है कि जिन लोगों के नाम पिछले साल की प्रक्रिया के दौरान वोटर लिस्ट से हटा दिए गए थे, पुलिस उनसे नागरिकता और पहचान से जुड़े दस्तावेज मांग रही है। इसके लिए कई जिलों में पुलिस कैंप लगा रही है, जबकि कुछ जगहों पर पुलिसकर्मी नागरिक वालंटियर्स के साथ लोगों के घर पहुंच रहे हैं।
विपक्षी दलों के मुताबिक, मंगलवार से मुर्शिदाबाद, जलपाईगुड़ी, उत्तर दिनाजपुर, पूर्वी बर्धमान, हावड़ा और पूर्वी मेदिनीपुर समेत कई जिलों में यह अभियान चलाया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की पुष्टि की है। उनका कहना है कि पुलिस उनसे जन्म प्रमाण पत्र, जमीन के दस्तावेज और दूसरे पहचान संबंधी कागजात मांग रही है। इतना ही नहीं, लोगों से यह भी पूछा जा रहा है कि उनके माता-पिता के नाम वर्ष 2002 की मतदाता सूची में दर्ज थे या नहीं।
इस मामले ने इसलिए भी गंभीर रूप ले लिया है क्योंकि राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) के कार्यालय ने साफ कहा है कि उसने पुलिस को इस तरह के दस्तावेज मांगने या सत्यापन करने का कोई निर्देश नहीं दिया है। एडिशनल CEO अरिंदम नियोगी के मुताबिक, कार्यालय को ऐसे किसी अभियान की जानकारी नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें नहीं पता कि चुनाव आयोग ने पुलिस को मतदाता सूची से हटाए गए लोगों के दस्तावेजों की जांच करने के लिए कहा है या नहीं।
'इंडियन एक्सप्रेस' की रिपोर्ट के मुताबिक, पश्चिम बंगाल पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम सार्वजनिक नहीं करने की शर्त पर बताया कि मंगलवार को जलपाईगुड़ी, उत्तर दिनाजपुर, हावड़ा और पूर्वी मेदिनीपुर में यह अभियान शुरू हुआ था। गुरुवार तक इसे मुर्शिदाबाद में भी बढ़ा दिया गया। पुलिसकर्मी अपने साथ एक फॉर्म लेकर चल रहे हैं, जिसमें संबंधित व्यक्ति का नाम, पता, विधानसभा क्षेत्र और EPIC नंबर दर्ज किया जा रहा है। इसके अलावा जन्म या स्कूल प्रमाण पत्र, जमीन के दस्तावेज और 2002 की मतदाता सूची में माता-पिता के नाम की स्थिति से जुड़ी जानकारी भी मांगी जा रही है।
हालांकि, इस पूरी कार्रवाई को लेकर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट जवाब नहीं दिया है। पश्चिम बंगाल के DGP सिद्धिनाथ गुप्ता ने 'इंडियन एक्सप्रेस' से कहा, ''हम आमतौर पर कई निर्देश और आदेश जारी करते हैं, जिन्हें मैं आपके साथ साझा नहीं कर सकता। लेकिन मैं इतना जरूर कह सकता हूं कि मुझे किसी फॉर्म के भरे जाने के बारे में कोई जानकारी नहीं है।'' दूसरी तरफ, राज्य प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि पुलिस यह जांच कर सकती है कि कोई व्यक्ति भारतीय नागरिक है या नहीं। अगर पुलिस ने ऐसा अभियान शुरू किया है तो इसमें हैरानी की बात नहीं है।
पुलिस की इस कथित कार्रवाई पर सीपीआईएम और कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जताई है। सीपीआईएम के राज्य सचिव मोहम्मद सलीम ने सवाल किया कि पुलिस आखिर किस कानून के तहत लोगों से ऐसे दस्तावेज मांग रही है। उन्होंने नागरिक वालंटियर्स को इस प्रक्रिया में शामिल किए जाने पर भी चिंता जताई। सलीम का कहना है कि जब पुलिस पर ही भरोसा नहीं किया जा सकता तो इस बात की क्या गारंटी है कि लोगों के दस्तावेज सुरक्षित रहेंगे और उनका गलत इस्तेमाल नहीं होगा?
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने इसे बीजेपी सरकार का नया ड्रामा बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता अधिकारों को लेकर विपक्ष के आंदोलन के दबाव में सरकार इस तरह की कार्रवाई कर रही है। चौधरी ने चेतावनी दी कि अगर असली मतदाताओं को डिटेंशन कैंप में भेजने की कोशिश की गई तो कांग्रेस कोलकाता तक मार्च करेगी और सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएगी।
इस बीच, मालदा के मारुपुर गांव के लोगों ने भी पुलिस के सामने दस्तावेज जमा करने की बात कही है। गांव के रहने वाले मोहम्मद मुर्सलिन ने 'इंडियन एक्सप्रेस' को बताया कि पुलिस ने स्थानीय स्कूल में कैंप लगाया था, जहां उनसे जानकारी और दस्तावेज मांगे गए। उन्होंने आधार और पैन कार्ड जमा किए। जब उन्होंने पुलिस से इसकी वजह पूछी तो उन्हें बताया गया कि उनका काम हो जाएगा। मुर्सलिन का नाम हटाई गई मतदाता सूची में है और उन्होंने इस फैसले के खिलाफ ट्रिब्यूनल में आवेदन भी किया है।
इसी गांव के जमशेद मोमिन ने बताया कि उनका और उनके बेटे समीम अख्तर का नाम भी हटाई गई सूची में शामिल है। उन्हें अभी तक ट्रिब्यूनल से कोई जवाब नहीं मिला है। उनका कहना है कि पुलिस ने दस्तावेजों की जांच क्यों की, इसकी कोई वजह नहीं बताई। गांव के दो अन्य लोगों मोहम्मद मसीकुल मोमिन और समीद मोमिन ने भी पुष्टि की कि उनसे दस्तावेज जमा करने के लिए कहा गया था। फिलहाल इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ऐसे किसी निर्देश से इनकार कर रहा है तो पुलिस किस आदेश और किस कानूनी आधार पर मतदाता सूची से नाम हटाए गए लोगों के दस्तावेज जुटा रही है?
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए