
पश्चिम बंगाल की बीजेपी सरकार ने टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी की ‘जेड प्लस’ सुरक्षा वापस लेने का फैसला लिया है। टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी को अब अतिरिक्त सुरक्षा और विशेष पायलट कार की सुविधा भी नहीं मिलेगी। अब उन्हें केवल एक सांसद को मिलने वाली सुरक्षा ही मिलेगी।
Published: undefined
पिछले 10 वर्षों से अधिक समय से अभिषेक बनर्जी को जेड प्लस सुरक्षा मिली हुई थी। हालांकि, पश्चिम बंगाल में सरकार बदलने के तुरंत बाद उनकी सुरक्षा में कटौती शुरू हो गई। सबसे पहले उनके घर के बाहर से पुलिस जवानों को हटाया गया। अब नई राज्य सरकार ने उनकी 'जेड प्लस' सुरक्षा पूरी तरह वापस लेने का निर्णय लिया है। इस संबंध में सोमवार दोपहर प्रशासनिक आदेश जारी कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, न सिर्फ अभिषेक बनर्जी की अतिरिक्त सुरक्षा हटाई जा रही है, बल्कि उन्हें मिलने वाली पायलट कार सुविधा भी वापस ले ली गई है।
Published: undefined
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को नबन्ना में कई बैठकें कीं। पहले उन्होंने प्रशासनिक समीक्षा बैठक की और उसके बाद जिला मजिस्ट्रेटों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में नेताओं की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट संदेश दिया कि यदि किसी नेता को वास्तविक सुरक्षा खतरा नहीं है तो उसे अनावश्यक सुरक्षा नहीं दी जाएगी।
Published: undefined
इसके फौरन बाद अभिषेक बनर्जी की सुरक्षा श्रेणी बदल दी गई। अभी तक अभिषेक बनर्जी पायलट कार के साथ यात्रा करते नजर आते थे, लेकिन अब नई सरकार के निर्देश के बाद यह सुविधा उन्हें नहीं मिलेगी। अब उन्हें केवल वही सुरक्षा दी जाएगी जो एक सांसद को सामान्य रूप से मिलती है। प्रशासनिक सूत्रों का दावा है कि अभिषेक की सुरक्षा व्यवस्था अब केंद्रीय गृह मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार होगी। अतिरिक्त सुरक्षा बल और विशेष सुविधाएं चरणबद्ध तरीके से हटाई जाएंगी।
Published: undefined
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद से ही अभिषेक बनर्जी की सुरक्षा धीरे-धीरे कम की जा रही थी। तृणमूल सरकार के दौरान उनके कार्यालय के आसपास भारी पुलिस सुरक्षा रहती थी, लेकिन सरकार बदलने के बाद सबसे पहले वहां से पुलिस हटाई गई। इसके बाद हरिश मुखर्जी रोड स्थित उनके आवास के बाहर की सुरक्षा भी कम कर दी गई। उनके घर ‘शांतिनिकेतन’ से पुलिस सुरक्षा व्यवस्था और सुरक्षा उपकरण भी हटा दिए गए। इसके अलावा, पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के घर के बाहर की सुरक्षा भी कम कर दी गई। ममता बनर्जी हरिश चटर्जी स्ट्रीट में रहती हैं। सरकार बदलने के 24 घंटे के भीतर ही उनके घर के बाहर लगे बैरिकेड्स हटा दिए गए थे और बाद में कोलकाता पुलिस ने अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों को भी वापस बुला लिया।
Published: undefined