
दिल्ली की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और आम आदमी पार्टी (आप) की नेता आतिशी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने महिलाओं से किए गए वादों और हालिया राजनीतिक घटनाक्रमों को लेकर केंद्र सरकार और बीजेपी को घेरा।
दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने सोमवार को प्रेसवार्ता कर कहा कि जनवरी 2025 में दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह वादा किया था कि 8 मार्च 2025 को दिल्ली की हर महिला के खाते में 2500 रुपये भेजे जाएंगे। इसे उन्होंने “मोदी की गारंटी” बताया था।
Published: undefined
आतिशी ने आरोप लगाया कि अब 8 मार्च 2026 भी बीत चुका है, लेकिन महिलाओं के खातों में एक भी पैसा नहीं पहुंचा। उन्होंने कहा कि यह दिल्ली की महिलाओं के साथ धोखा है और भाजपा ने झूठे वादों के जरिए वोट हासिल किए।
उन्होंने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे अन्य राज्यों, विशेषकर पश्चिम बंगाल में जाकर महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के वादे कर रही हैं, जबकि दिल्ली की महिलाओं को अब तक कोई लाभ नहीं मिला। आतिशी ने सवाल उठाया कि आखिर दिल्ली की महिलाओं को उनका वादा किया गया पैसा कब मिलेगा।
Published: undefined
इसके साथ ही आतिशी ने दिल्ली में महिलाओं से जुड़ी सुविधाओं में कटौती का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पहले महिलाएं डीटीसी बसों में मुफ्त यात्रा का लाभ लेती थीं, लेकिन अब उन्हें ‘पिंक कार्ड’ के लिए लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा सरकार ने 100 से 150 मोहल्ला क्लीनिक बंद कर दिए हैं, जिससे महिलाओं और आम लोगों को मुफ्त इलाज और दवाओं के लिए भटकना पड़ रहा है।
वहीं, आप के सात राज्यसभा सांसदों के भाजपा में जाने के मुद्दे पर भी आतिशी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने राज्यसभा सचिवालय की ओर से जारी अधिसूचना को गैर-कानूनी और असंवैधानिक बताया। उनके अनुसार, संविधान और सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद इस तरह का विलय संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि दलबदल विरोधी कानून के तहत इस प्रकार का कदम गलत है।
Published: undefined
आतिशी ने भाजपा पर लोकतंत्र और संविधान को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी किसी भी तरह से सत्ता हासिल करना चाहती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित करते हुए कहा कि इतिहास गवाह है कि अत्याचार ज्यादा समय तक नहीं टिकते और उनका अंत निश्चित होता है।
Published: undefined
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined