बिहार: नालंदा में रेप का विरोध करने पर दबंगों ने महिला को जिंदा जलाया, हालत गंभीर, इलाज के लिए पटना भेजा गया
बिहार के नालंदा जिले में रेप में नाकाम दबंगों ने महिला को जिंदा जला दिया। दबंगों ने महिला के घर में घुसकर उस पर केरोसिन तेल डालकर आग लगा दी, जिससे महिला गंभीर रूप से जल गई।
By नवजीवन डेस्क
फोटो: सोशल मीडिया बिहार के नालंदा में रेप का विरोध करने पर दबंगों ने महिला को जिंदा जलाया
बिहार के नालंदा जिले में रेप में नाकाम दंबगों ने महिला को जिंदा जला दिया। घटना के बाद गंभीर रूप से झुलसी महिला को गंभीर हालत में परिजनों ने सदर अस्पताल बिहार शरीफ में भर्ती कराया जहां से उसे पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया गया। पीड़िता ने बताया कि उसका पति शंकर मांझी रोजी रोटी कमाने के लिए तमिलनाडु में रहता है इसी का फायदा उठाकर गांव के ही रंजीत चौधरी पिछले कुछ दिनों से उसका पीछा किया करता था।
ये पूरी घटना गिरियक थाना क्षेत्र के पूरनविगहा गांव की है। पीड़िता ने बताया कि बीते दिन रंजीत अपने दो सहयोगियों के साथ जबरन उसके घर में घुस आया और उसके साथ रेप करने की कोशिश करने लगा, जब उसने शोर मचाया तो उन लोगों ने उसके मुंह में कपड़ा बांधकर शरीर पर केरोसिन तेल डालकर जिंदा जला दिया और वहां से फरार हो गए। पीड़िता किसी तरह घर से बाहर निकली तब पड़ोसियों की उस पर नजर पड़ी और आग को बुझाया गया। तब तक वह बुरी तरह झुलस चुकी थी।
दबंगों से महिला और उसका परिवार इतना डरा सहमा है कि अभी तक लोगों ने पुलिस को इस घटना की जानकारी नहीं दी है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए