
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क थाना क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के पिलर नंबर 52 के नीचे एक दर्दनाक हादसे में एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक एक्सप्रेसवे के पिलर के पास पहुंचा, तभी उसे तेज करंट लगा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।
घटना की सूचना मिलते ही शास्त्री पार्क थाना पुलिस, क्राइम टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पिलर में करंट कैसे आया और इसके पीछे क्या वजह रही।
इस हादसे के बाद निर्माण कार्य और विद्युत सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। अधिकारियों की जांच रिपोर्ट के बाद ही हादसे के वास्तविक कारण और जिम्मेदारी स्पष्ट हो सकेगी।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए