
हमारी दुनिया चतुरों से भर गई है। चतुरों ने संसार की सूरत बदल कर रख दी है। इस बदली हुई सूरत में मासूम और भोले लोगों पर हर दिन आघात हो रहे हैं। चतुरों में बड़े-बड़े नाम हैं। कोई समूचे संसार को अपने अहंकार की जद में ले आने के लिए व्याकुल है, तो कोई अपने ही मजहब के दूसरे समुदाय के देश पर बम बरसा रहा है। कोई सबको समान मानने के विचारों के सर्वोच्च शिखर से लुढ़क कर एक छोटे से देश को काबू करने में सालों से हलाकान हो रहा है। कोई अनंत सत्ता के लिए सारी संवैधानिक संस्थाओं का कचूमर निकाले पड़ा है, तो कोई बैंकों से हजारों करोड़ रुपये उड़ा कर मजे से बांसुरी बजा रहा है। कोई राम जी का धनुष ही चुरा कर चंपत हो गया है, तो कोई न्याय की देवी की आंखों पर बंधी हुई पट्टी की असली व्याख्या करने में जुटा हुआ है। साइबर फ्राड के आकाओं से भयभीत हैं लोग और एआई के आदमी के हाथों से बाहर चले जाने के अंदेशे ने डर का घटाटोप फैला रखा है।
ऐसी भीषण हो गई दुनिया में बच्चा हो जाने की हसरत कुलबुला रही है। बच्चों की दुनिया फरिश्तों की दुनिया कही जाती है। उनकी निर्दोष हंसी हजारों दुनियावी तकलीफों पर भारी हो जाती है। बच्चे जब हमारी दुनिया में आते हैं, तब वे पूरी तरह से मासूम और भोले होते हैं। उस वक्त उन पर हमारी मतलबी, क्रूर, झूठी, कपटी तथा बुराइयों से भरी-पूरी दुनिया का कोई प्रभाव नहीं होता। वे प्रेम और कोमलता से लबरेज होते हैं। जहां से भी उन्हें प्रेम और कोमलता मिलती है, वे उसी तरफ बढ़ जाने में विलंब नहीं करते। इसीलिए वे पशु-पक्षियों और हम-उम्र बच्चों की ओर ज्यादा खिंचाव महसूस करते हैं।
हम और हमारी नकली दुनिया उन्हें धीरे-धीरे अपने रंग में रंगने की कोशिशों में लग जाती है। हम खुद जैसे होते हैं, अपने बच्चों को भी वैसा ही बना डालने पर आमादा हो जाते हैं। अक्सर यह कोशिश भी किया करते हैं कि हम जैसे नहीं हैं या हम जैसा नहीं हो पाए, अपने बच्चे को वैसा बना डालें। इस तरह, बच्चों के स्वाभाविक विकास के लिए उपयुक्त, सहज और नैसर्गिक वातावरण उपलब्ध कराने की बजाय, हम अपने आप को और अपनी मान्यताओं को उन पर लादने लगते हैं।
एक पौधे के स्वतंत्र और सरल-रेखिक विकास के विपरीत हमारी मानसिकता उसे ‘बोनसाई’ में बदल डालने की होती है। एक कटा-छंटा, हमारी मन-मर्जी से तोड़ा-मोड़ा गया अपने विकास तथा कद को गवां चुका, ठिगना-सा पौधा हमें प्यारा और दर्शनीय लगता है। हमारी बैठक के कोने में रखे गमले में जब वह अपने अपाहिजपने पर बिसूर रहा होता है, ठीक उसी समय हम गर्वित हो रहे होते हैं कि देखो यह है मेरी कृति। प्रकृति ने इसे जो रूप, आकार और स्वच्छंदता अता की थी, वह तो नितांत अवांछित ही थी। अपनी चुतुराई, विद्वता और कला से काट-छांट कर मैंने उसे अपने और दूसरे लोगों के अनुरूप बना लिया।
बना लिया? बनाना तो सृजन है। निर्माण है। रचना है। काट-छांट, तोड़-मरोड़ और उसे उसकी स्वच्छंदता से विलग कर डालने का अपराध, सृजन कैसे हो सकता है? पर हम तो परिभाषाओं को भी तोड़ने-मरोड़ने को तैयार हैं। यह सृजन नहीं, ध्वंस है। प्रकृति के विरुद्ध कृत्रिमता का उत्सव है। नैसर्गिकता के प्रति आदर के खिलाफ, कतर डालने की कुंठा का प्रदर्शन है।
अति चैतन्य, सजग और शिक्षित होने के कारण हम अपने बच्चों के साथ अक्सर यही सब करते हैं। नतीजा यह निकलता है कि हमारे हाथों बच्चों की स्वतंत्रता, विकास और खुशियों को तिलांजलि मिल जाती है। हम अपने ही अर्थों में बच्चे के निर्माण में लगे रहते हैं। इसी तरह किताबों, अखबारों तथा बाल-चिकित्सकों की व्यवसायिक-सलाहों पर अमल करने के लिए जब हम, कमर कसकर पिल पड़ते हैं, तब इस परम-सत्य को भुला बैठते हैं कि बच्चा भी अपनी इच्छाओं, रुचियों, समय और भावनाओं का उतना ही स्वामी होता है, जितना कि एक वयस्क।
जरा इस बात पर गौर कीजिए कि क्या बुद्ध, महावीर, ईसा, पैगंबर या गांधी माता-पिता अथवा समाज के द्वारा ‘निर्मित’ किए गए? सत्य इसके उलट है, इन महापुरुषों ने ही समाज को शिक्षित किया। उसे दृष्टि दी, आदर्श दिए और उसे गढ़़ने का काम किया। जरा गिनकर तो देखिए कि हमने अपने तरीकों से कितने बुद्ध, महावीर, ईसा या पैगंबर निर्मित किए? महापुरुषों का निर्माण तो बहुत बड़ी बात है, हम तो अपने राष्ट्र के लिए बेहतर नागरिक तक गढ़़ने में असमर्थ होते जा रहे हैं। उल्टे हमने ऐसे राजनेता गढ़े जो संविधान से बड़े हो गए। ऐसे आईएएस रचे जो भ्रष्टाचार में आकंठ डूब गए। यहां तक कि हमारे गढ़े रामों ने दशरथों को ही वनवास पहुंचा दिया। हत्यारों, लोभियों, हिंसकों और देशद्रोहियों की फसलें अगर लहलहाती हुई नज़र आ रही हैं, तो उसकी जिम्मेदारी भी हमीं को लेनी होगी। शिवाजी को रचने वाली जीजाबाई और गलत निर्मिति हो जाने पर अपने ही पुत्र पर बंदूक चला देने वाली मदर-इंडिया को तो हम अस्वीकृत ही कर चुके हैं।
असल में हमें बच्चे का निर्माता बनने की बजाय उसका अध्येयता बनना होगा। हमने अपने आप को निर्माता की ग़लत भूमिका में डाल रखा है। उसका जन्मदाता होने के कारण ही इस भूमिका को हमने ओढ़ लिया है। जबकि हम बच्चे के लिए ऐसी भूमि हो सकते थे, जहां से उसके विकास के लिए उपयुक्त वातावरण उपज सकता। उसकी रुचियां खिल सकतीं। उसकी प्रतिभा का प्रस्फुटन हो पाता। वह अपने इर्द-गिर्द की दुनिया को समझने के औजारों की पहचान करने की क्षमता का अर्जन कर सकता। पर हमने उसके माता-पिता होने के दंभ में उसकी नैसर्गिकता को नष्ट कर दिया।
हमने पेड़ों से फल तोड़े और उसके लिए न पेड़ से अनुमति ली और न ही उस पर जीवित रहने वाले पक्षियों से। पर हम चोर न कहलाए। हमने नदियों-तालाबों से पानी का जी भरकर दोहन किया। मछलियों, मेंढकों, घड़ियालों से अनुमति की दरकार तक न समझी। फिर भी चोर न हुए। जंगलों, पहाड़ों, भूमियों को अपने स्वार्थ के लिए मिटाने पर तुले हुए हैं, पर चोर की बजाय महाजन कहलाते हैं। बच्चे ने माखन खा लिया है और वह चोर हो गया। अपराधी हो गया। हमने उसके मन में अपराध-बोध बो दिया। वह हमें इससे भी बड़े-बड़े अपराध करते देखता है और असमंजस में पड़ जाता है। हमारा द्वैत-भाव उसके मन में प्रश्न उत्पन्न करता है। हम उनके जवाब नहीं देते। उसे अपनी तरह बनाने में जुटे रहते हैं।
बालक कृष्ण के रूप में माखन-चोरी का कृत्य, अपनी प्रिय वस्तु को हासिल करके चख लेने का एक जोखम भरा खेल भर है। कौतुक। खाने की वस्तु है और छींके पर टांगकर पहुंच से दूर कर दी गई है। कृष्ण ने अपने मित्रों के साथ मिलकर उसे सबके लिए सुलभ बनाया। मिल-बांटकर खाया। बाद में होने वाली क्रांतियों ने भी यही किया। जो संपत्ति पहुंच से दूर महलों-दुर्गों में टंगी हुई थी, उसे सर्व-सुलभ बनाया। इसके लिए इतिहास ने गांधी, लेनिन या हो ची मिन्ह को चोर नहीं कहा। वे नायक कहलाए। पर कृष्ण की, यानी एक बच्चे की इसी काम के लिए शिकायत हुई। सज़ा दिए जाने के लिए उन्हें ओखली से बांधा गया। ओखली से बंधे बच्चे ने यमलार्जुन को शाप मुक्त किया। यह एक प्रतीक है। तो बच्चा यहां सीख रहा है या सिखा रहा है? मिट्टी खाकर सृष्टि का दिग्दर्शन कराने वाला बच्चा, अपनी माता का अनुगामी है या पथ-प्रदर्शक? तो सोचना होगा कि सीखने की ज़रूरत किसे है? किसे अपनी भूमिका के नकली खोल से बाहर आना है? बच्चे को या माता, पिता और गुरु को?
सत्य यही है। बच्चा हमारी कक्षा नहीं, हमारा गुरु है। वह एक किताब है। एक रहस्य है। बच्चा एक संसार है। हम वयस्कों को ही उसे पढ़ने, समझने और जानने के काबिल बनना होगा। एक बच्चा जिस दिन हमारे जीवन में पदार्पण करता है, उसी दिन हमें अपना ‘गुरु’ उपलब्ध हो जाता है। तभी हमें हमारा अर्थ भी मिल जाता है। हम अपना अस्तित्व अर्जित करते हैं। उसी दिन से अपने को जानने की पाठशाला मे हमें प्रवेश मिलता है। हमारे कवच खुलते हैं। जीवन का पुनरारंभ होता है। उम्र के उत्तरोत्तर पड़ावों और अहंकार के पहाड़ों से नीचे उतरकर, जीवन के शीतल जल में पांव डालने पर, जो आत्मिक-अहसास होता है, उसे समझने का उपक्रम है।
आइए, थोड़ा सा बच्चा हो जाएं! आइए! थोड़ी सी नादानियां करें! आइए! थोड़े से नटखट बनें ताकि बचपन को बचाने की काबिलियत पैदा हो सके। चतुरों ने तो संसार को विकृत बनाने में कसर न छोड़ी। बच्चों से ही बचेगी दुनिया। जहां सरल और भोला होना गुनाह हो गया हो, उसे सरलता और भोलापन ही उपलब्धि बनाएगा। बच्चे उम्मीद हैं। बच्चे भरोसा हैं। बच्चे भवितव्य हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए