
तीन दिन पहले प्रधानमंत्री जी साढ़े बारह वर्षों में पहली बार उद्योगपतियों पर खूब गरजे-बरसे। मैंने तुम्हारा कॉरपोरेट टैक्स घटाया, तुम्हारे लिए मैं, मेक इन इंडिया का तोहफा लाया, विदेशों से तुम्हारे हित में बढ़िया-बढ़िया व्यापार समझौते किए, भारत की अर्थव्यवस्था को विश्व की सबसे तेज गति से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बनाकर दिखा दिया, आत्मनिर्भरता का संदेश तुम्हें दिया, जो गांधी जी भी तुम्हें सौ साल पहले दे चुके थे, मगर तुम तब भी नहीं सुधरे हो। मेरी बात भले न मानते मगर गांधी जी की तो मानते मगर तुम्हारी तो भूख इतनी ज्यादा है कि तुम्हें कितना ही खिलाओ, पेट नहीं भरता। हमेशा दो, और दो, करते रहते हो। तुमने इस बीच खूब मुनाफा कूटा है मगर अपने कर्मचारियों को उसमें से कितना दिया? रोजगार कितने दिये? सबकुछ मोदी जी करें, तुम तो बस देखते रहो। नालायक, स्वार्थी, खाऊ आदि नहीं कहते हुए भी मोदी जी ने कह दिया!
इतना बोल्ड, इतना साहसी होना और वह भी उद्योगपतियों के सामने प्रधानमंत्री के बस में नहीं है मगर अपने चरित्र के खिलाफ जाते हुए आखिरकार वह ऐसा कह गए। उन्हें लगा होगा कि विपक्षी दल राजनीतिक तापमान बढ़ाते जा रहे हैं, सोशल मीडिया पर उन्हें अडानी-अंबानी का नौकर कहा जा रहा है, मोदी नहीं, मोडानी कहा जा रहा है तो इसे ठंडा करने के लिए कुछ टेढ़ा-मेढ़ा बोलना आवश्यक है। आम आदमी शायद सोचे कि प्रधानमंत्री अब काफी बदल गए हैं। अब तो वह पूंजीपतियों की भी खबर लेने लगे हैं तो विपक्ष की जरूरत क्या? सत्ता पक्ष-विपक्ष सब मोदी जी में समाहित हैं! जय जय मोदी, घर-घर मोदी!
वैसे मोदी जी को देश के इन अडानियों-अंबानियों से बेहतर कोई नहीं जानता। किसी को मुगालता हो तो हो, इन्हें अच्छी तरह मालूम है कि हमारे ही बनाए ये प्रधानमंत्री बने हैं। इन्हें पहले हमने प्रधानमंत्री चुना, फिर धनबल और मीडिया बल से हमने इन्हें जनता से चुनवाया। इन्हें मालूम है कि हम इनके साथ खड़े न हुए होते तो ये गुजरात के मुख्यमंत्री रहते ही हमेशा के लिए राजनीतिक रूप से गायब हो जाते। ये कितनी ही उछल-कूद मचाते मगर कुछ न हो पाता!
इसलिए अपनी राजनीतिक जरूरत के लिए ये बोलें कुछ भी मगर हमेशा की तरह ये करेंगे वही, जो हम चाहते हैं। जुबान से इन्हें कभी-कभी छप्पन इंची होना पड़ता है मगर कर्म से ये मात्र आधा इंची हैं! इसलिए हम पूंजीपति इनसे कभी डरे नहीं और डरेंगे भी नहीं। बस इन्हें चंदा चढ़ाते जाओ और सरकारी माल मात्र एक रुपया में खींचते जाओ। ऐसा मौका फिर कहां मिलेगा, मोदी जैसा पीएम फिर कहां मिलेगा!
हां जनता पर और थोड़ा सा विपक्ष पर इन्हें रौब जमाना है तो प्रधानमंत्री आजकल कुछ कड़ी-सी बातें कर रहे हैं। कुछ उद्योगपति मन ही मन इनसे गुस्साए भी कि हमारी ही बिल्ली अब हमीं से म्याऊं-म्याऊं करने लगी है, मगर पुराने खिलाड़ी जानते हैं कि ऐसा कुछ नहीं है। ये वो वाली बिल्ली नहीं है। ये भी इनका एक तरह का रोड शो है। जनता न भी हो, खाली हवा हो, पेड़ हो, पहाड़ हो, तो उन्हें देखकर भी ये हाथ हिलाने लगते हैं तो इन्हें हाथ हिलाने दो। हवा को, पेड़ को, पहाड़ को ये जनता समझना चाहते हैं तो समझने दो। खुश हो लेने दो।
इन्हें हाय जनता, हाय जनता कर लेने दो। राज्यों के चुनाव करीब हैं, हमारी कीमत पर हमारा बंदा थोड़ा बोल्ड दिखना चाहता है तो दिख लेने दो! हर दूसरा आदमी इन्हें आजकल कायर कह रहा है, इसलिए इन्हें साहसी दिख लेने दो। की फरक पेंदा! इन्हें जनता-जनता खेल लेने दो। होशियार होने का ड्रामा कर लेने दो। झूठ और बोल लेने दो। अल्टीमेटली तो ये आदमी हमारा है। ये हमसे दूर नहीं जानेवाला।
चिंता करने की जरूरत नहीं। सब रहेगा जस का तस। अपने लाडले बेटे या बिटिया को भी कभी-कभी खूब जोर से डांटना पड़ जाता है मगर इसका मतलब यह नहीं होता कि उससे लाड -प्यार कम हो गया है, मां-बाप ने उसे अपनी संतान मानना बंद कर दिया है। थोड़ी देर दोनों पक्ष मुंह फुलाकर रहते हैं।उसके बाद या तो बच्चा खुद सॉरी कह देता है या मां-बाप को अपराध बोध होने लगता है कि बच्चे को फालतू में इतना डांट दिया, इतनी बड़ी उसकी गलती नहीं थी। फिर उसे गले लगा लेते हैं, उसके सिर पर प्यार से हाथ फेरने लगते हैं, उसे मनाने लगते हैं और पुरस्कार स्वरूप उसकी वह हर मांग पूरी कर देते हैं, जिस पर महीने भर से वे गौर नहीं कर रहे थे। ऐसा गुस्सा इसके शिकार के लिए लाभप्रद होता है।
तो इतना नकली गुस्सा करने के बाद हो सकता है मोदी जी को इन पूंजीपतियों पर इतना लाड आ जाए कि वे इनका कॉरपोरेट टैक्स और घटा दें! पहले ही वे इसे तीस प्रतिशत से बाइस प्रतिशत पर ले आए हैं, अब और पांच या सात या दस प्रतिशत घटा सकते हैं। ज्यादा ही लाड आ गया तो हो सकता है इनका सारा टैक्स माफ कर दें! नेहरू जी बच्चों की आंखों में देश का भविष्य देखते थे, ये अपना भविष्य उद्योगपतियों की आंखों में देखते हैं, इसलिए ये देश का भविष्य तो बिगाड़ सकते हैं मगर अपना नहीं!
इसके बाद जय माता दी।