शख्सियत

हम हैं कामयाब-21: ‘आधार’ बनवाने के लिए 4 घंटे के इंतजार ने बदल दी अनीस साहिल की जिंदगी, खड़ी कर दी अपनी कंपनी

अनीस साहिल ने कोरोना के दौर को याद करते हुए कहा कि “लॉकडाउन खुलने के बाद जब दुकान देखने पहुंचा, तो शटर का ताला टूटा हुआ था और वहां रखे गए 2 कंप्यूटर और पंखे आदि गायब थे।”

‘हाई टेक प्रिंटर्स एंड एडवर्टाइजिंग’ के संस्थापक अनीस साहिल और कहकशां सिद्दीकी
‘हाई टेक प्रिंटर्स एंड एडवर्टाइजिंग’ के संस्थापक अनीस साहिल और कहकशां सिद्दीकी  

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले या उसके आसपास की सड़कों और गलियों से गुजरते हुए आपको राजनीतिक दलों और निजी कंपनियों के कई फ्लेक्स बोर्ड, बैनर, पोस्टर और होर्डिंग नजर आ जाएंगे। इनमें कुछ बोर्ड और बैनर अपनी आकर्षक बनावट के कारण लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचते दिखाई देते हैं। ऐसे बोर्ड और बैनरों की बड़ी संख्या ‘हाई टेक प्रिंटर्स एंड एडवर्टाइजिंग’ द्वारा तैयार की गई है, जिसने खूबसूरत डिजाइनिंग के कारण आसपास के इलाकों में अपनी एक खास पहचान बना ली है। यही वजह है कि पंचायत चुनाव या विधानसभा और लोकसभा चुनाव के समय ‘हाई टेक प्रिंटर्स एंड एडवर्टाइजिंग’ के कार्यालय में भीड़ लगी रहती है। यह भीड़ उस समय भी दिखाई देती है, जब स्कूलों में नया शैक्षणिक सत्र शुरू होता है और सभी निजी स्कूल अपने प्रचार के लिए बोर्ड, बैनर या पर्चे छपवाते हैं।

आपको यह जानकर हैरानी होगी कि अपने डिजाइन से लोगों को आकर्षित करने वाली इस कंपनी में डिजाइनरों की कोई टीम नहीं है, बल्कि अकेले एक व्यक्ति अनीस साहिल ने पूरी जिम्मेदारी अपने कंधों पर उठा रखी है। फ्लेक्स बोर्ड का डिजाइन हो या वॉल पेंटिंग, पर्चे का डिजाइन हो या स्टीकर का, इन्हें बनाते समय ‘की-बोर्ड’ पर अनीस की उंगलियां इस प्रकार चलती हैं कि देखने वाला कभी उनकी उंगलियों को देखता है और कभी स्क्रीन पर बन रहे डिजाइन को। सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात यह है कि ‘हाई टेक प्रिंटर्स एंड एडवर्टाइजिंग’ के संस्थापक अनीस साहिल ने केवल तीसरी कक्षा तक पढ़ाई की है। जी हां, एक अशिक्षित व्यक्ति ने अपने जुनून और लगन से ऐसी ऊंचाई हासिल कर ली है, जहां पहुंचना किसी अशिक्षित के लिए आसान नहीं है। यह जुनून उन्हें उस कंप्यूटर सेंटर से मिला, जहां वे ‘आधार कार्ड’ बनवाने गए थे और इसके लिए उन्हें 4 घंटे तक इंतजार करना पड़ा था। हालांकि, अनीस साहिल के संघर्ष की कहानी उससे बहुत पहले ही शुरू हो गई थी।

4 अप्रैल 1994 की बात है, जब मुजफ्फरनगर के मीरापुर गांव में मोहम्मद नफीस के घर अनीस साहिल का जन्म हुआ था। पहले बेटे के जन्म से घर में खुशियों का माहौल बन गया था, लेकिन आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि इन खुशियों को ‘जश्न’ का रूप दिया जा सके। मोहम्मद नफीस घर-घर जाकर मजदूरी किया करते थे। इसके बदले उन्हें कभी पैसे मिल जाते थे और कभी कुछ अनाज मिल जाता था। गरीबी की हालत में कोई जश्न मनाने की कल्पना कैसे कर सकता है, इसलिए खुशी के दिन यूं ही गुज़र गए। इसके बाद अनीस के 2 भाई और 2 बहनें भी पैदा हुईं, जिनका पालन-पोषण मोहम्मद नफीस के लिए आसान नहीं था। इन मुश्किल हालात के कारण अनीस को तीसरी कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़नी पड़ी। उस समय उनकी उम्र 9-10 साल रही होगी। स्कूल छूटने के बाद वे घर के कामों में हाथ बंटाने लगे। खाली समय में दोस्तों के साथ घूमते और आस-पड़ोस के लोगों के भी कुछ काम कर देते। दिन, महीने और साल इसी तरह गुजरते रहे, लेकिन अनीस साहिल की जिंदगी में कोई बदलाव नहीं आया। वे कुछ करना तो जरूर चाहते थे, लेकिन कोई रास्ता नजर नहीं आता था।

2009 की बात है, जब अनीस साहिल ‘आधार कार्ड’ बनवाने एक सेंटर पर गए। वहां उन्हें 4 घंटे तक लंबे इंतजार से गुजरना पड़ा, जिससे वे बहुत परेशान हुए। उन्हें इतना गुस्सा आया कि खुद कंप्यूटर सीखकर कंप्यूटर सेंटर खोलने का संकल्प कर लिया। उन्होंने अपना इरादा पिता मोहम्मद नफीस के सामने जाहिर किया, लेकिन समस्या यह थी कि तीसरी कक्षा तक पढ़ाई करने वाला व्यक्ति कंप्यूटर कैसे सीख सकता था! पिता ने सोचा कि कुछ दिन गुजरने के बाद बेटे की जिद अपने आप खत्म हो जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। बार-बार आग्रह करने के बाद मोहम्मद नफीस यह सोचने पर मजबूर हुए कि बेटे को कंप्यूटर सीखने के लिए कहां भेजा जाए। काफी सोच-विचार के बाद एक रास्ता नजर आया और वे अनीस को लेकर मीरापुर में ही मौजूद ‘मेवाती कंप्यूटर सेंटर’ पहुंचे, जिसे उनके दूर के रिश्तेदार आफताब आलम चलाते थे। उन्होंने भी अनीस से यही सवाल किया कि “तीसरी कक्षा तक पढ़े हो, कंप्यूटर कैसे सीखोगे?” जवाब में अनीस ने कहा, “मैं सीख जाऊंगा, बस मुझे काम पर रख लो।”

अनीस साहिल की जिद देखकर आफताब आलम ने उन्हें अपने पास रख तो लिया, लेकिन कई महीनों तक उन्हें यही समझ नहीं आया कि कंप्यूटर कैसे सिखाया जाए। अनीस खुद बताते हैं कि “आफताब भाई ने बहुत कोशिश की कि मैं दोबारा पढ़ाई शुरू करूं, लेकिन मेरा मन इस ओर लगा ही नहीं। मुझे सिर्फ कंप्यूटर सीखने और डिजाइनिंग करने का जुनून था।” उन्होंने यह भी कहा कि “करीब 2 साल तक तो मैं दुकान खोलने और बंद करने के अलावा सिर्फ साफ-सफाई का ही ध्यान रखता था। दूर खड़े होकर जब लोगों को कंप्यूटर चलाते देखता, तो मन में एक उमंग जरूर पैदा होती थी कि एक दिन मैं भी इसी तरह कंप्यूटर चलाऊंगा।” अनीस की जिंदगी में बदलाव की लहर तब पैदा हुई, जब उन्होंने तस्वीरें खींचनी शुरू कीं। फिर आफताब आलम ने उन्हें फोटोशॉप की बारीकियों के बारे में भी थोड़ा-बहुत बताना शुरू किया। अनीस ने इस अवसर का खूब फायदा उठाया और मन लगाकर डिजाइनिंग का हुनर सीखना शुरू कर दिया। समय तेजी से गुजरता गया और साथ ही अनीस के जुनून का असर भी दिखाई देने लगा। फिर वह समय आया, जब अनीस फ्लेक्स बोर्ड, बैनर और पोस्टर आदि खुद डिजाइन करके उनकी छपाई कराने मुजफ्फरनगर शहर जाने लगे। इस तरह एक ओर वे कंप्यूटर पर डिजाइनिंग की बारीकियां सीख रहे थे और दूसरी ओर प्रिंटिंग सेक्टर से जुड़े लोगों के साथ उनके संपर्क भी बढ़ रहे थे।

2017 की बात है, जब अनीस साहिल ‘मेवाती कंप्यूटर सेंटर’ से अलग होकर मुजफ्फरनगर शहर में फ्लेक्स बोर्ड बनाने वाली एक कंपनी से जुड़ गए। शुरुआत में उनका वेतन 1500 रुपये प्रति माह तय किया गया और फिर डिजाइनिंग का हुनर देखकर 7-8 महीने में ही वेतन बढ़ाकर 3000 रुपये प्रति माह कर दिया गया। फिर उनके जीवन में एक ऐसा मोड़ आया, जिसने उनकी पूरी जिंदगी बदलकर रख दी। इस कंपनी में उनकी मुलाकात अकाउंटेंट कहकशां सिद्दीकी से हुई, जो इंटरमीडिएट की परीक्षा पास कर चुकी थीं। एक ओर कहकशां को अनीस की डिजाइनिंग देखकर हैरानी होती थी और दूसरी ओर अनीस भी कहकशां की शैक्षणिक योग्यता से बेहद प्रभावित थे। इस तरह दोनों के दिलों में एक-दूसरे के प्रति सम्मान और स्नेह पैदा हुआ, जो जल्द ही प्यार में बदल गया। बिना देर किए दोनों ने विवाह के बंधन में बंधने का फैसला भी कर लिया, क्योंकि एक उज्ज्वल भविष्य की रूपरेखा पहले ही तैयार हो चुकी थी।

शादी के तुरंत बाद अनीस और कहकशां ने योजना के अनुसार अपनी नई कंपनी स्थापित करने की तैयारियां शुरू कर दीं। अनीस ने 2018 के अंत में नौकरी छोड़कर एक दुकान की तलाश शुरू की, जहां कंप्यूटर आदि लगाए जा सकें। काफी मेहनत के बाद 2019 के मध्य में ‘हाई टेक फ्लेक्स’ के नाम से दुकान खुली, जिसके लिए अनीस को दोस्तों और परिचितों से 2 लाख रुपये का कर्ज लेना पड़ा। कहकशां ने भी दूसरी जगह की नौकरी छोड़कर ‘हाई टेक फ्लेक्स’ का लेखा-जोखा संभालना शुरू कर दिया। पति-पत्नी दोनों तेजी से आगे बढ़ रहे थे कि अचानक कोरोना ने जोरदार झटका दिया। अनीस कहते हैं कि “2020 की शुरुआत में लॉकडाउन की घोषणा होते ही ऐसा लगा जैसे सब कुछ खत्म हो गया। राजनीतिक दलों और निजी कंपनियों के कई काम पूरे हो चुके थे, जिनके पैसे नहीं मिले थे। कई काम हाथ में थे, जो रद्द हो गए। बाजार में 8-9 लाख रुपये फंस गए, जिनमें से केवल 2-3 लाख रुपये ही मिल सके।” उस मुश्किल दौर को याद करते हुए अनीस बताते हैं कि “दुकान बंद करके हम सभी अपने घर आ गए थे। 2-3 महीने बाद जब पहली बार लॉकडाउन खुला, तो मैं दुकान देखने पहुंचा। दुकान के शटर का ताला टूटा हुआ था और वहां रखे गए 2 कंप्यूटर और पंखे आदि गायब थे।”

उस मुश्किल समय में कहकशां ने अपने पति अनीस का हौसला टूटने नहीं दिया। दोनों ने मिलकर नई शुरुआत करने का फैसला किया और किस्तों पर कंप्यूटर खरीदकर दोबारा मेहनत शुरू कर दी। बार-बार लॉकडाउन लगने और फ्लेक्स बोर्ड व बैनर का काम ठप पड़ने के बावजूद दोनों का संघर्ष रंग लाया। कोरोना महामारी खत्म होते ही कंपनी एक बार फिर तेजी से आगे बढ़ने लगी, जिसमें राजनीतिक आयोजनों की अहम भूमिका रही। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और भाजपा सभी दलों के स्थानीय नेता और कार्यकर्ता अपने कार्यक्रमों के फ्लेक्स बोर्ड और बैनर बनवाने पहुंचने लगे। अनीस साहिल ने बातचीत के दौरान बताया कि आज स्थानीय स्तर पर समाजवादी पार्टी के 70 प्रतिशत काम ‘हाई टेक प्रिंटर्स एंड एडवर्टाइजिंग’ को ही मिलते हैं।

यहां मन में एक सवाल उठना स्वाभाविक है कि अनीस साहिल ने अपनी कंपनी ‘हाई टेक फ्लेक्स’ के नाम से शुरू की थी, फिर यह ‘हाई टेक प्रिंटर्स एंड एडवर्टाइजिंग’ कैसे बन गई। संभवतः 2024 की बात है, जब अनीस साहिल ने अपनी जीवनसंगिनी और सहकर्मी कहकशां सिद्दीकी को एक उपहार दिया। यह उपहार था ‘हाई टेक प्रिंटर्स एंड एडवर्टाइजिंग’ का मालिकाना हक कहकशां के नाम करना। अनीस कहते हैं कि “कंपनी मेरे नाम से रहे या कहकशां के नाम से, कोई फर्क नहीं पड़ता। हम दोनों का उद्देश्य कंपनी को ऊंचाइयों तक ले जाना है और आने वाले दिनों में हम साथ मिलकर सफलता की नई ऊंचाइयों को छुएंगे।” कहकशां सिद्दीकी भी अनीस का समर्थन करती हैं और कहती हैं कि “पहले मैं उनकी डिजाइनिंग से प्रभावित थी और अब उनसे मिलने वाले स्नेह से प्रभावित हूं। हमारा आपसी तालमेल बहुत अच्छा है, इसलिए घर और कार्यालय दोनों जगह का माहौल बहुत खुशनुमा रहता है।”

बहरहाल, अनीस साहिल बताते हैं कि 6 महीने पहले उन्होंने आधुनिक तकनीक से लैस एक प्रिंटिंग मशीन खरीदी है, जिसकी कीमत लगभग 17 लाख रुपये है। इस मशीन को खरीदने में सरकार की ओर से सब्सिडी भी मिली है और 7 लाख रुपये का कर्ज भी लिया गया है, जिसे 3 साल में चुकाना है। यानी कंपनी ने अपना एक उच्च स्तरीय ढांचा तैयार कर लिया है, जिससे वह विकास की नई सीढ़ियां चढ़ने वाली है। इस कंपनी में अनीस और कहकशां के अलावा 2 मशीन संचालक, 2 मशीन सहायक और 3 अन्य सहायक भी स्थायी रूप से काम कर रहे हैं। जब काम अधिक होता है, तो ठेके पर सहायक बुलाए जाते हैं और उनकी मजदूरी तुरंत अदा कर दी जाती है। अनीस के अनुसार, किसी कंपनी की तरक्की के लिए यह बहुत जरूरी है, क्योंकि इससे विश्वास का रिश्ता कायम होता है। निश्चित रूप से सफलता की सीढ़ियां चढ़ने के लिए मालिक और कर्मचारी के बीच ‘भरोसा’ कायम होना बहुत जरूरी है। एक दिलचस्प बात यह भी है कि अशिक्षित अनीस साहिल ने अपनी पत्नी की पढ़ाई में कभी बाधा नहीं आने दी। कहकशां बी.कॉम कर चुकी हैं और अब वे लॉ की पढ़ाई कर रही हैं। यानी काम भी जारी है और पढ़ाई भी।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए