
अभिनेत्री आशा पारेख का नाम हिंदी सिनेमा के उस दौर से जुड़ा है, जब उनकी फिल्मों के गाने, उनका डांस और उनकी स्क्रीन मौजूदगी दर्शकों के बीच खूब पसंद की जाती थी, लेकिन एक समय ऐसा था कि जब उन्हें फिल्म में हीरोइन के तौर पर काम के लिए सिर्फ 11 रुपए मिले थे और कुछ दिनों की शूटिंग के बाद यह कहकर फिल्म से निकाल दिया गया कि वह 'स्टार मैटीरियल' नहीं हैं। इसके बाद जो हुआ, उसने आशा पारेख की पूरी जिंदगी बदल दी।
आशा पारेख का जन्म 2 अक्टूबर 1942 को मुंबई के सांता क्रूज में हुआ था। उन्हें बचपन से ही डांस का शौक था। महज आठ साल की उम्र में उन्होंने स्कूल के एक कार्यक्रम में डांस किया था। इसके लिए उन्होंने कथक और भरतनाट्यम की ट्रेनिंग भी ली थी। उनकी इस परफॉर्मेंस से प्रभावित होकर उन्हें फिल्मों में काम करने के मौके मिलने लगे। निर्देशक बिमल रॉय ने उन्हें स्टेज पर डांस करते देखा और बाल कलाकार के तौर पर फिल्म 'बाप बेटी' में काम दिया। इससे पहले वह 'मां', 'आसमान' और 'श्री चैतन्य महाप्रभु' जैसी फिल्मों में भी बाल कलाकार के रूप में नजर आ चुकी थीं।
आशा के करियर में सबसे बड़ा झटका तब लगा, जब उन्हें विजय भट्ट की फिल्म 'गूंज उठी शहनाई' में हीरोइन के तौर पर साइन किया गया। उन्हें साइनिंग अमाउंट के तौर पर 11 रुपए मिले थे। वह फिल्म को लेकर काफी खुश थीं, लेकिन कुछ दिनों की शूटिंग के बाद उन्हें फिल्म से हटा दिया गया। आशा ने खुद बताया था कि उन्हें कहा गया कि वे 'स्टार मैटीरियल' नहीं हैं। उनकी जगह अमीता को फिल्म में लिया गया। उस वक्त यह उनके लिए बड़ा झटका था।
इस रिजेक्शन के कुछ ही समय बाद उनकी किस्मत बदल गई। फिल्ममेकर नासिर हुसैन ने उन्हें 'दिल देके देखो' के लिए स्क्रीन टेस्ट के लिए बुलाया। आशा ने टेस्ट दिया और उन्हें फिल्म में मौका मिल गया। 1959 में आई इस फिल्म में उनके साथ शम्मी कपूर थे। फिल्म हिट रही और आशा पारेख को बतौर हीरोइन पहचान मिल गई।
इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। 1960 और 1970 के दशक में आशा पारेख हिंदी सिनेमा की प्रमुख अभिनेत्रियों में शामिल हो गईं। 'जब प्यार किसी से होता है', 'तीसरी मंजिल', 'लव इन टोक्यो', 'मेरे सनम', 'आए दिन बहार के', 'उपकार', 'कटी पतंग', 'आन मिलो सजना', 'कारवां' और 'मेरा गांव मेरा देश' जैसी फिल्मों में उनके काम को खूब पसंद किया गया। 'कटी पतंग' में उनके अभिनय के लिए उन्हें फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला।
आशा पारेख ने सिर्फ फिल्मों में अभिनय ही नहीं किया। उन्होंने निर्माता और निर्देशक के तौर पर भी काम किया। वह टीवी से भी जुड़ीं और गुजराती सीरियल 'ज्योति' का निर्देशन किया। उन्होंने 'कोरा कागज' जैसे टीवी प्रोजेक्ट से भी जुड़कर काम किया। इसके अलावा, वह सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन की अध्यक्ष रहीं और 1998 से 2001 तक केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सेंसर बोर्ड) की अध्यक्ष भी रहीं। वह इस पद पर पहुंचने वाली पहली महिला थीं।
अवॉर्ड्स की बात करें तो आशा पारेख को 1992 में पद्म श्री से सम्मानित किया गया। 2002 में उन्हें फिल्मफेयर लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड मिला और बाद में भारत सरकार ने उन्हें 2020 के दादा साहेब फाल्के पुरस्कार के लिए चुना। यह भारतीय सिनेमा का सबसे बड़ा सम्मान माना जाता है।
निजी जीवन की बात करें तो आशा पारेख ने शादी नहीं की। उन्होंने अपनी जीवनी आशा पारेख: द हिट गर्ल में अपनी जिंदगी से जुड़े दिलचस्प किस्से साझा किए हैं। आशा पारेख ने अपनी जिंदगी के 'हीरो' के बारे में बताया है और ये भी कि उन्होंने शादी आखिर की क्यों नहीं? उन्होंने कहा था, "हां, नासिर साहब एकमात्र ऐसे व्यक्ति थे, जिनसे मैंने प्यार किया। अगर मैं उन लोगों के बारे में नहीं लिखती जो मेरे जीवन में मायने रखते हैं, तो आत्मकथा लिखना बेकार होता।"
जी हां आशा पारेश ने नासिर हुसैन को टूटकर चाहा। 7 फिल्मों में उनके डायरेक्शन में काम भी किया। डेब्यू भी इन्हीं की फिल्म (दिल देके देखो) से किया था। उम्र का बड़ा फासला था लेकिन प्यार बेइंतहा था। इतना कि उनको अपने बच्चों से अलग करने का ख्याल भी दिल से निकाल दिया। उन्होंने एक इंटरव्यू में खुद ही कहा था मैं 'घर तोड़ने वाली' नहीं बनना चाहती थी। आशा पारेख के हुसैन संग दोस्ती के किस्से उस जमाने में इंडस्ट्री में खूब मशहूर थे।
आशा ने अपने इसी इंटरव्यू में कहा था, शादियां ऊपर से तय होती हैं और शायद इस मामले में भगवान मेरी जोड़ी बनाना ही भूल गए। मेरी शादी का संयोग ही नहीं था, इसलिए मेरी शादी नहीं हुई। हालांकि मेरी मां चाहती थी कि मेरी शादी किसी तरह हो जाए। शादी के लिए प्रपोजल आए थे, लेकिन कुछ जमा नहीं। मम्मी को किसी ने कहा था कि इसकी शादी मत करना। फिर भी उन्होंने बहुत कोशिश की, लेकिन वाकई में ऐसा ही हुआ। किसी ने भविष्यवाणी की थी कि शादी करेगी तो वो टिकेगी नहीं। मम्मी भी विश्वास नहीं करती थीं, इसलिए कहती थीं कि ऐसा नहीं हो सकता है। उन्होंने काफी कोशिश की थी कि मेरी शादी हो जाए, लेकिन नहीं हुई।
हिंदू पिता और मुस्लिम मां की इकलौती संतान आशा पारेख खुद को अकेला नहीं मानतीं। पिछले कुछ वर्षों से वो अपनी 'गर्ल्स गैंग' के साथ देश विदेश की सैर पर निकल जाती हैं। इनके दोस्तों में हेलन, वहिदा रहमान सरीखी वेटरन स्टार्स हैं। हेलन के कारण सलमान खान के परिवार से खास रिश्ता है आशा पारेख का। दबंग खान मानते हैं कि आशा जी अपने दोस्तों की हर संभव मदद करने को तैयार रहती हैं, सही मायने में वो सच्ची दोस्त हैं। कहते हैं कि फिल्म स्टार्स आएंगे जाएंगे लेकिन आशा पारेख दिलों में यूं ही बसी रहेंगी।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए