शख्सियत

मंगलेश डबरालः एक संवेदनशील कवि, जिनकी रचनाओं में सामाजिक अन्याय और पाखंड के खिलाफ उठती थी आवाज

मितभाषी और अपनी मान्यताओं में दृढ़ मंगलेश डबराल हिंदी साहित्य की उस परंपरा को आगे बढ़ाते हैं, जिसमें कविता समाज और मनुष्य की सच्चाई को बिना शोर के व्यक्त करती है।

मंगलेश डबरालः एक संवेदनशील कवि, जिनकी रचनाओं में सामाजिक अन्याय और पाखंड के खिलाफ उठती थी आवाज
मंगलेश डबरालः एक संवेदनशील कवि, जिनकी रचनाओं में सामाजिक अन्याय और पाखंड के खिलाफ उठती थी आवाज फोटोः IANS

आधुनिक हिंदी कविता के प्रमुख हस्ताक्षर, कवि, गद्यकार और वरिष्ठ पत्रकार मंगलेश डबराल हिंदी साहित्य जगत का एक ऐसा नाम है, जिनकी कविताएं पाठक को एक अलग अपनी दुनिया में ले जाती हैं, जो उसे अपनी ही लगती है। सरल, सौम्य और विनम्र व्यक्तित्व वाले कलमकार ने अपनी कविताओं में इंसानी संवेदनाओं को गहराई से उकेरा।

Published: undefined

मंगलेश डबराल का जन्म 16 मई 1948 को उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले के काफलपानी गांव में हुआ था। वह दिल्ली आए और उन्होंने प्रतिपक्ष जैसे पत्रों में काम किया। मंगलेश डबराल आधुनिक हिंदी कविता के उन महत्वपूर्ण कवियों में शामिल हैं जिन्होंने कविता में नए अनुभव और संवेदनाएं जोड़ीं। उनकी कविताओं में देशज महक के साथ इंसान के रागात्मक पक्षों को खूबसूरती से चित्रित किया गया है।

Published: undefined

उनके प्रकाशित कविता संकलनों में पहाड़ पर लालटेन, घर का रास्ता, हम जो देखते हैं और आवाज भी एक जगह है। उन्होंने राजस्थान के शिक्षक कवियों की कविताओं के संकलन रेत घड़ी का संपादन भी किया। वह विश्व साहित्य के प्रमुख कवियों पाब्लो नेरुदा, एर्नेस्टो कार्डिनल आदि के अनुवादक भी रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने हरमन हेस के उपन्यास सिद्धार्थ और बांग्ला लेखक नवारो भट्टाचार्य के संग्रह का भी सह-अनुवाद किया है।

Published: undefined

एक इंटरव्यू में मंगलेश डबराल ने बताया था कि कविता लिखने के बाद रचनाकार के अनुभव की मृत्यु हो जाती है और रचना का जीवन शुरू होता है। उन्होंने रघुवीर सहाय के कथन “कविता हुई नहीं कि मरी” को सही ठहराया। उन्होंने पत्रकारिता और कविता के बीच के संबंध पर कहा कि पत्रकारिता उन्हें शोर देती है और कविता उस शोर को संगीत में बदलने की कोशिश करती है। उन्होंने कहा कि दोनों क्षेत्रों में संतुलन बनाना चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन पत्रकारिता ने उनकी कविता को गहराई दी है।

Published: undefined

मंगलेश डबराल नागार्जुन को आदर्श मानते थे। वे उन विफल और संघर्षरत लोगों को श्रद्धांजलि देते रहे जो रास्ते में गिर पड़े लेकिन कोशिश करते रहे। उनकी कविताएं पाखंड, धूर्तता और सामाजिक अन्याय के खिलाफ भी बोलती हैं। मितभाषी और अपनी मान्यताओं में दृढ़ मंगलेश डबराल हिंदी साहित्य की उस परंपरा को आगे बढ़ाते हैं, जिसमें कविता समाज और मनुष्य की सच्चाई को बिना शोर के व्यक्त करती है।

Published: undefined