
रणवीर सिंह ने ट्विटर पर अपने इस लुक का खुलासा किया। इसमें रणवीर मूंछों के साथ नजर आ रहे हैं और उनका हेयरस्टाइल भी काफी बदला हुआ है। कुल मिलाकर वह कपिल देव की तरह दिखाई दे रहे हैं। इस तस्वीर में रणवीर अपने हाथ में लेदर बॉल को उछालते दिख रहे हैं। इस तस्वीर के कैप्शन में रणवीर ने लिखा है, "मेरे खास दिन पर, यहां प्रस्तुत हैं हरियाणा हरिकेन कपिल देव।"
यह फिल्म साल 1983 के क्रिकेट वर्ल्ड कप में भारत की ऐतिहासिक जीत पर आधारित है। फिल्म में रणवीर पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी कपिल देव के किरदार में नजर आएंगे और अभिनेत्री दीपिका पादुकोण कपिल देव की पत्नी रोमी का किरदार निभाएंगी। अपनी शादी के बाद इस फिल्म से रणवीर और दीपिका वापस से साथ काम करने जा रहे हैं। इससे पहले ये दोनों 'पद्मावत', 'बाजीराव मस्तानी' और 'गोलियों की रासलीला राम-लीला' जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं।
रणवीर की तस्वीर पर क्रिकेटर शिखर धवन ने भी अपना रिएक्शन देते हुए कमेंट किया कि रणवीर बिल्कुल पाजी यानी कपिल देव जैसे लग रहे हैं। इसके साथ ही शिखर ने रणवीर को जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दीं।
'83' में आर. बद्री, आदिनाथ कोठारे, हार्डी संधू, चिराग पाटील, साकिब सलीम, जतिन सरना, पंकज त्रिपाठी, दिनकर शर्मा, जीवा, ताहिर राज भसीन, ऐमी विर्क, धर्य करवा, निशांत दहिया और साहिल खट्टर भी हैं। रिलायन्स एंटरटेनमेंट द्वारा प्रस्तुत यह फिल्म 10 अप्रैल, 2020 को हिंदी, तमिल और तेलुगू में रिलीज होगी।
आईएएनएस इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए