राजनीति

दतिया उपचुनाव में बीजेपी को करारा झटका, कांग्रेस के घनश्याम सिंह ने 6,016 मतों से पराजित किया

मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इसे दतिया की जनता की जीत, 2028 के विधानसभा चुनाव का शंखनाद और कांग्रेस नेताओं के सामूहिक प्रयास का नतीजा करार दिया।

दतिया उपचुनाव में बीजेपी को करारा झटका, कांग्रेस के घनश्याम सिंह ने 6,016 मतों से पराजित किया
दतिया उपचुनाव में बीजेपी को करारा झटका, कांग्रेस के घनश्याम सिंह ने 6,016 मतों से पराजित किया फोटोः सोशल मीडिया

मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में सत्तारूढ़ बीजेपी को करारा झटका लगा है। सोमवार को कांग्रेस के कद्दावर नेता घनश्याम सिंह ने आरएसएस की पृष्ठभूमि वाले बीजेपी के उम्मीदवार आशुतोष तिवारी को 6,016 मतों से हराकर एक बार फिर इस सीट पर कांंग्रेस का कब्जा बरकार रखा है।

जिला निर्वाचन अधिकारी और दतिया के जिलाधिकारी स्वप्निल वानखड़े ने बताया कि कांग्रेस प्रत्याशी ने 6,016 मतों से जीत दर्ज कर ली है। उन्होंने बताया कि 15वें और आखिरी दौर की मतगणना के बाद घनश्याम सिंह को 66757 से अधिक मत मिले, जबकि तिवारी को 60741 से अधिक मत प्राप्त हुए। आजाद समाज पार्टी के उम्मीदवार दामोदर यादव को 22527 मत मिले हैं जो तीसरे स्थान पर हैं।

इससे पहेल रुझानों में जीत के संकेत मिलते ही भोपाल स्थित कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय में जश्न की शुरुआत हो गई और पार्टी कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाईं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इसे दतिया की जनता की जीत, 2028 के विधानसभा चुनाव का शंखनाद और कांग्रेस नेताओं के सामूहिक प्रयास का नतीजा करार दिया।

जीतू पटवारी ने भोपाल में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि दतिया की जनता ने मध्य प्रदेश की बीजेपी नीत सरकार के भ्रष्टाचार, आतंक और अहंकार के चेहरे को बेनकाब कर दिया है।उन्होंने कहा कि पार्टी दतिया की जनता का जीवन भर आभारी रहेगी, जिन्होंने मध्य प्रदेश में 2028 के विधानसभा चुनाव का शंखनाद करते हुए बदलाव और बीजेपी की विदाई की नींव रख दी है।

जीतू पटवारी ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, उनके पुत्र और विधायक जयवर्धन सिंह, विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा और कमलेश्वर पटेल सहित कई अन्य नेताओं का नाम लेते हुए इसे पार्टी के सामूहिक प्रयास का नतीजा बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इसी तरह आगे भी एकजुट रहेगी और अगले विधानसभा चुनाव में बीजेपी को सत्ता से बाहर करेगी।

इससे पहले, मतगणना सोमवार सुबह आठ बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पॉलिटेक्निक कॉलेज में शुरू हुई। यह उपचुनाव कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को एक धोखाधड़ी के मामले में दिल्ली की अदालत द्वारा इस वर्ष अप्रैल में तीन वर्ष के कारावास की सजा सुनाई जाने के बाद आननफानन में उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त किए जाने के बाद कराया गया।

इसे भी पढ़ेंः दतिया उपचुनाव: कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह बोले- बदलाव चाहती है जनता, BJP सरकार से है बेहद नाराज

दतिया उपचुनाव में कांग्रेस के घनश्याम सिंह और बीजेपी के आशुतोष तिवारी सहित कुल 21 उम्मीदवार मैदान में थे। उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को हुए मतदान में 71.44 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। राजेंद्र भारती ने 2023 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी नेता और प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को 7,700 से अधिक मतों से पराजित किया था। इस उपचुनाव में बीजेपी ने मिश्रा को टिकट नहीं देकर तिवारी पर भरोसा जताया था।

इसे भी पढ़ेंः बांकीपुर उपचुनावः बीजेपी के 'गढ़' से उभरे प्रशांत किशोर, नितिन नवीन के करीबी नीरज कुमार को भारी मतों से हराया

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए