खेल

खेल: न्यूजीलैंड के खिलाफ अभिषेक ने लगाई 'रिकॉर्ड्स की झड़ी' और युवराज सिंह ने विस्फोटक बल्लेबाज पर कसा तंज

अभिषेक ने 38 गेंदों पर 11 छक्कों और 9 चौकों की मदद से 113 रन की पारी खेली। इस पारी के साथ अभिषेक ने रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी है। भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा बचपन से युवराज सिंह को अपना आदर्श मानते रहे हैं।

फोटो: @BCCI
फोटो: @BCCI 

तीसरा टी20: अभिषेक शर्मा का विस्फोटक शतक, भारत ने न्यूजीलैंड को 6 विकेट से हराया

भारत ने हेनरी स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले को 6 विकेट से जीत लिया है। भारतीय टीम को जीत के लिए 199 रन का लक्ष्य मिला था। अभिषेक शर्मा के विस्फोटक शतक के दम पर टीम इंडिया ने 13.2 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त ले ली है।

भारत की तरफ से पारी की शुरुआत करने के लिए वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा उतरे। बाएं हाथ के दोनों विस्फोटक बल्लेबाजों ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की ऐसी धुनाई की कि पावर प्ले का नया रिकॉर्ड बन गया।

वैभव और अभिषेक ने 6 ओवर के पावर प्ले में 118 रन बनाए। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पावर प्ले का यह विश्व रिकॉर्ड है। इन 118 रनों में वैभव ने 17 गेंदों पर 4 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 44 रन बनाए, जबकि अभिषेक ने 20 गेंदों पर 7 चौकों और 6 छक्कों की मदद से 67 रन का योगदान दिया।

भारत को पहला झटका 133 के स्कोर पर लगा। वैभव सूर्यवंशी 19 गेंदों पर 45 रन बनाकर आउट हुए। अभिषेक शर्मा ने अपने अंतरराष्ट्रीय टी20 करियर का चौथा शतक लगाया। अभिषेक ने 38 गेंदों पर 11 छक्कों और 9 चौकों की मदद से 113 रन की पारी खेली।

20 बाउंड्री के साथ कूटे 113 रन, न्यूजीलैंड के खिलाफ अभिषेक ने लगाई 'रिकॉर्ड्स की झड़ी'

भारत के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ मंगलवार को हेनरी स्टेडियम में खेले गए टी20 सीरीज के तीसरे मुकाबले में 113 रन बनाए। 38 गेंदों की पारी में अभिषेक ने 11 छक्के और 9 चौके लगाए। इस दौरान उन्होंने वैभव सूर्यवंशी के साथ 7.1 ओवरों में 133 रन की साझेदारी की। इस पारी के साथ अभिषेक ने रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी है।

यह टी20 क्रिकेट में अभिषेक शर्मा का 11वां शतक था। इस लिस्ट में क्रिस गेल शीर्ष पर हैं, जिन्होंने अपने करियर में कुल 22 शतक लगाए। वहीं, बाबर आजम (13) इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं। क्विंटन डी कॉक (10), विराट कोहली (10) और डेविड वॉर्नर (10) संयुक्त रूप से चौथे पायदान पर मौजूद हैं।

अभिषेक शर्मा पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक शतक लगाने वाले खिलाड़ियों की सूची में संयुक्त रूप से दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। इस लिस्ट में ग्लेन मैक्सवेल और रोहित शर्मा संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं, जिन्होने 5-5 शतक लगाए हैं। करनबीर सिंह, फिल सॉल्ट, सूर्यकुमार यादव और अभिषेक शर्मा इस लिस्ट में 4-4 शतकों के साथ दूसरे पायदान पर मौजूद हैं।

फुल-मेंबर टीमों की तरफ से सबसे तेज शतक जड़ने वाले खिलाड़ियों की सूची में अभिषेक (30 गेंदें बनाम अफगानिस्तान, 2026) पहले ही शीर्ष पायदान पर थे, लेकिन न्यूजीलैंड के विरुद्ध वेलिंगटन में 35 गेंदों में शतक लगाकर इस लिस्ट में अभिषेक संयुक्त रूप से तीसरे पायदान पर भी शामिल हो गए हैं। उनके अलावा, डेविड मिलर (बनाम बांग्लादेश, 2017) और रोहित शर्मा (बनाम श्रीलंका, 2017) 35-35 गेंदों में यह कारनामा कर चुके हैं। सिकंदर रजा (33 गेंदें बनाम गाम्बिया, 2024) इस लिस्ट में दूसरे पायदान पर मौजूद हैं।

 अभिषेक शर्मा ने इस मुकाबले में अपनी पहली ही गेंद पर छक्का लगाया। अभिषेक (8 बार) टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार पहली गेंद पर छक्का लगाने वाले खिलाड़ियों की सूची में पहले पायदान पर हैं। इस लिस्ट में अफगानिस्तान के शफीकुल्लाह शिनवारी (6 बार), जबकि सूर्यकुमार यादव (5 बार) तीसरे स्थान पर मौजूद हैं।

विराट कोहली ने हैरी केन को 'बैलन डी'ओर' के लिए दी बधाई, कहा- आप इस सम्मान के हकदार हैं

भारतीय टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने इंग्लैंड के फुटबॉल कप्तान हैरी केन को प्रतिष्ठित बैलन डी'ओर अवॉर्ड से सम्मानित होने पर बधाई दी है। विराट ने कहा कि केन इस अवॉर्ड के हकदार हैं।

कोहली ने एक्स पर लिखा, "हैरी मेरे दोस्त, इतने सालों तक टॉप पर फुटबॉल खेलते हुए जिस लगन, कड़ी मेहनत और ईमानदारी से तुमने खुद को संभाला है, उसके लिए तुम इस अवॉर्ड के हर तरह से हकदार हो। तुम्हारे लिए सच में बहुत खुश हूं। भगवान तुम्हें और तुम्हारे परिवार को आशीर्वाद दें। वे सभी तुम पर बहुत गर्व करते होंगे, जैसे तुम्हें अपने सफर पर गर्व होता होगा। मेरी शुभकामनाएं हमेशा। बधाई हो।"

इंग्लैंड के कप्तान ने फ्रांस के काइलियन एम्बाप्पे और स्पेन के लामिन यामाल जैसे खिलाड़ियों को हराकर यह प्रतिष्ठित अवॉर्ड जीता। केन को यह अवॉर्ड लंदन पैलेडियम थिएटर में हुए समारोह में दिया गया।

अभिषेक ने आक्रामक शतकीय पारी के बाद युवराज की 12 गेंदों में अर्धशतक की चुनौती को किया खारिज

 भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा बचपन से युवराज सिंह को अपना आदर्श मानते रहे हैं, लेकिन अपने गुरु की 12 गेंदों में अर्धशतक जड़ने की चुनौती स्वीकार करने के लिए वह अभी तैयार नहीं हैं।

न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय में मंगलवार को मैच जिताऊ शतक लगाने वाले अभिषेक ने कहा कि इतनी कम गेंदों में 50 रन बनाना बिल्कुल आसान नहीं है।

भारत की छह विकेट की जीत के बाद ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ पुरस्कार के लिए चुने गये अभिषेक ने कहा, ‘‘मुझे नहीं पता कि उस समय युवराज किस तरह की क्रिकेट खेल रहे थे, लेकिन यह बिल्कुल भी आसान नहीं है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ कोई बल्लेबाज अगर इस तरह खेलने के इरादे से मैदान पर उतरता है तो भी यह आसान नहीं होगा। आप यूं ही मैदान पर जाकर 12 गेंदों में 50 रन नहीं बना सकते। ऐसा कभी-कभार ही होता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘एक बल्लेबाज के तौर पर हम ऐसे रिकॉर्ड के पीछे नहीं भागते। हमारा लक्ष्य हमेशा टीम को मैच जिताना होता है। खासकर वैभव के साथ हमारी यही योजना थी। हम श्रृंखला के बाकी मैचों में भी इसी अंदाज को जारी रखना चाहते हैं और इस बार हमारी योजना सफल रही।’’

आईसीसी रैंकिंग: वनडे बल्लेबाजों में स्मृति ने गंवाया 'नंबर 1' का ताज, हरमनप्रीत और दीप्ति को फायदा

भारतीय कप्तान स्मृति मंधाना ने महिला वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष स्थान गंवा दिया है। वहीं, जिम्बाब्वे के खिलाफ जारी वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन के चलते हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा की रैंकिंग में सुधार हुआ है।

जिम्बाब्वे के खिलाफ शुरुआती दो मुकाबलों में 32 और 0 के स्कोर पर आउट होने के कारण स्मृति मंधाना ने अपने महत्वपूर्ण रैंकिंग अंक गंवा दिए, जिससे साउथ अफ्रीकी कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट ने फिर से वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में 'नंबर 1' स्थान पर पहुंच गईं। मंधाना ने पहले वनडे में 32 रन बनाए थे, जबकि दूसरे मैच में वह बिना खाता खोले आउट हुई थीं।

 भारत ने तीन मुकाबलों की सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त बना ली है। अब विमेन इन ब्लू की निगाहें क्लीन स्वीप पर हैं। इस सीरीज के बाद जारी ताजा रैंकिंग में कई भारतीय खिलाड़ियों ने अपनी स्थिति बेहतर की है।

भारत की पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर वनडे बल्लेबाजों की सूची में दो स्थान ऊपर चढ़कर आठवें नंबर पर आ गई हैं, जबकि दीप्ति शर्मा चार स्थान की छलांग लगाकर 23वें नंबर पर पहुंच गई हैं। इन दोनों खिलाड़ियों ने दूसरे वनडे में शतक जड़े थे, जिसका फायदा उन्हें रैंकिंग में मिला है।

आईएएनएस और पीटीआई के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए