
भारतीय महिला निशानेबाजी टीम ने एशियाई खेलों में मंगलवार को ट्रैप टीम स्पर्धा में रजत पदक जीतकर निशानेबाजी में देश का पदक अभियान जारी रखा। नीरू धांडा (118), आशिमा अहलावत (106) और मनीषा कीर (104) की भारतीय टीम ने कुल 328 अंक जुटाकर दूसरा स्थान हासिल किया। चीन की टीम 346 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीतकर शीर्ष पर रही। चीन की टीम में लियू शानशान, सुन युनोंग और झू जिंग्यू शामिल थीं।
कुवैत की अलहवाल शाहद, अब्दुलमलिक हजर और अलहवाल सारा की टीम ने कांस्य पदक अपने नाम किया। नीरू ने व्यक्तिगत स्पर्धा के आठ निशानेबाजों वाले फाइनल में भी जगह बनाई। उन्होंने कतर की रे बेसिल के साथ संयुक्त रूप से 118 अंक हासिल किए, जो एशियाई खेलों में क्वालीफिकेशन का नया रिकॉर्ड है। व्यक्तिगत स्पर्धा में आशिमा अहलावत 16वें और मनीषा कीर 23वें स्थान पर रहीं।
उधर, भारत को पुरुषों की ट्रैप टीम स्पर्धा में कोई पदक नहीं मिला। महिला टीम के रजत पदक के विपरीत पुरुष निशानेबाजों का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। भारत 339 अंकों के साथ छठे स्थान पर रहा। कुवैत ने 355 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि कतर ने 349 अंकों के साथ रजत और कजाकिस्तान ने 348 अंकों के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
इसके अलावा भारत ने एशियन गेम्स की महिला टीम स्क्वॉश स्पर्धा में ईरान को 3-0 से हरा दिया। तन्वी खन्ना ने नर्गेस सोल्तानी के खिलाफ पहला गेम 11-5 से जीतकर भारत को बढ़त दिलाई। दूसरे गेम में तन्वी के 3-0 से आगे होने के दौरान ईरानी खिलाड़ी ने मुकाबला छोड़ दिया। इसके बाद अनाहत सिंह ने फरिश्ते एघ्तेदारी को 11-5, 11-4, 11-7 से हराकर भारत की बढ़त 2-0 कर दी। जोशना चिनप्पा ने नजमेह को 11-1, 11-3, 11-9 से हराकर भारत की 3-0 से जीत पक्की कर दी।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए