खेल

खेल: अक्षर ने चतुराई से पाकिस्तान के बल्लेबाजों को दिया चकमा और बाबर को टीम से बाहर करने की मांग उठी

पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने कहा, ‘‘अगर यह मेरे हाथ में होता तो मैं बाबर, शादाब और शाहीन को दोबारा टी20 टीम में नहीं चुनता।" पाकिस्तान की पारी के 11वें ओवर की चौथी गेंद के बाद अक्षर पटेल अपनी बाहें फैलाकर चेहरे पर संतोष भरी मुस्कान के साथ खड़े थे।

अक्षर ने चतुराई से पाकिस्तान के बल्लेबाजों को दिया चकमा
अक्षर ने चतुराई से पाकिस्तान के बल्लेबाजों को दिया चकमा फोटो: PTI

भारत के खिलाफ हार के बाद बाबर को टीम से बाहर करने की मांग उठी

पाकिस्तान की टी20 विश्व कप के मैच में चिर प्रतिद्वंद्वी भारत से 61 रन की हार के बाद स्टार बल्लेबाज बाबर आजम आलोचनाओं के घेरे में आ गए हैं तथा देश के कई पूर्व खिलाड़ियों ने कुछ अन्य सीनियर खिलाड़ियों के साथ-साथ उन्हें भी टीम से बाहर करने की मांग की है।

पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने कहा, ‘‘अगर यह मेरे हाथ में होता तो मैं बाबर, शादाब और शाहीन को दोबारा टी20 टीम में नहीं चुनता। उन्हें पाकिस्तान के लिए अच्छा प्रदर्शन करने के कई मौके मिले हैं, लेकिन कल वे फिर से नाकाम रहे।’’

अफरीदी ने कहा कि अब इस टी20 प्रारूप में युवा खिलाड़ियों को तैयार करने का समय आ गया है। शाहीन ने दो ओवर में 31 रन लुटाए वहीं बाबर को अक्षर पटेल ने पांच रन पर आउट किया।

पूर्व कप्तान जावेद मियांदाद हार पर विस्तार से बोलने को तैयार नहीं थे, लेकिन उन्होंने स्वीकार किया कि पाकिस्तान की क्रिकेट टीम दबाव में आने पर चुनौती पेश करने में नाकाम रही है।

मियांदाद ने कहा, ‘‘भाई बड़े मैचों में ही खिलाड़ियों को अपना जज्बा दिखाना होता है। हमारे खिलाड़ी ऐसा नहीं कर पाए।’’

बाबर का हमेशा समर्थन करने वाले एक अन्य पूर्व कप्तान मोहम्मद यूसुफ ने भी कहा कि इस करारी हार के बाद बाबर और शाहीन का टी20 करियर समाप्त हो जाना चाहिए।

यूसुफ ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘‘‘शाहीन, बाबर और शादाब का करियर अवसान पर है। पाकिस्तान की टी20 टीम को नए खिलाड़ियों की जरूरत है, कमजोर टीमों के खिलाफ खोखली जीत की नहीं।’’

Published: undefined

अक्षर ने चतुराई से पाकिस्तान के बल्लेबाजों को दिया चकमा

पाकिस्तान की पारी के 11वें ओवर की चौथी गेंद के बाद अक्षर पटेल अपनी बाहें फैलाकर चेहरे पर संतोष भरी मुस्कान के साथ खड़े थे। इस भारतीय हरफनमौला ने आईसीसी टी20 विश्व कप में सोमवार को यहां खेले गये ग्रुप ए के अहम मैच में इस गेंद पर पाकिस्तान के सर्वोच्च स्कोरर उस्मान खान (44) को इशान किशन से स्टंप कराया था।

जीत के लिए 176 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही पाकिस्तान की टीम का स्कोर उस्मान के आउट होने के बाद पांच विकेट पर 73 रन हो गया था और इसके साथ ही भारत की जीत लगभग पक्की हो गयी थी।

मैच के नजरिए से देखें तो इस खब्बू स्पिनर का जश्न इस एहसास का परिणाम था कि उन्होंने लगभग पाकिस्तान की जीत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया था। इसके पीछे हालांकि आत्मसंतुष्टि की भावना भी छिपी हो सकती है।

उस्मान ने अपनी 34 गेंदों की पारी में अक्षर के खिलाफ छह चौके जड़े थे, जिसमें दो मौकों पर लगातार चौके भी शामिल थे। लेकिन उनके आउट होने का क्षण ज्यादा नाटकीय नहीं था।

यह गेंद कुलदीप यादव या वरुण चक्रवर्ती की बड़े टर्न के साथ बल्लेबाज को चकमा देने वाली गेंद नहीं थी। अक्षर वैसे भी गेंद को बहुत ज्यादा टर्न कराने की जगह लेंथ में चतुराई से बदलाव कर बल्लेबाजों की परीक्षा लेते हैं।

Published: undefined

सुपर आठ में नहीं पहुंच पाने पर भी देश को गौरवान्वित करेंगे : राशिद

टी20 विश्व कप के सुपर आठ में प्रवेश अब अफगानिस्तान के हाथ में भले ही नहीं हो लेकिन कप्तान राशिद खान ने कहा कि टूर्नामेंट से जल्दी बाहर होने की दशा में भी उनकी टीम अपने खेल से देश को गौरवान्वित करेगी ।

अफगानिस्तान ने ग्रुप डी में यूएई को पांच विकेट से हराया जबकि दक्षिण अफ्रीका तीन मैचों में छह अंक के साथ सुपर आठ में पहुंच गया है ।

न्यूजीलैंड के तीन मैचों में चार अंक है और चेन्नई में कनाडा को हराने पर वह सुपर आठ में पहुंच जायेगा । ऐसे में अफगानिस्तान आखिरी मैच में कनाडा को हराने पर भी बाहर हो जायेगा ।

राशिद ने मैच के बाद कहा ,‘‘ हम सर्वश्रेष्ठ की उम्मीद कर रहे हैं । लेकिन अभी भी अगले दौर में पहुंचने की उम्मीद है । हमें कनाडा के खिलाफ सकारात्मक मानसिकता के साथ उतरना होगा ।’

उन्होंने कहा ,‘‘ अगले मैच में क्या होगा, कह नहीं सकते । यह टी20 क्रिकेट है और हम सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे । अगर सुपर आठ में नहीं भी पहुंचे तो भी ऐसे ही खेलकर अपने देशवासियों को गौरवान्वित करेंगे ।’’

Published: undefined

अजमतुल्लाह और जादरान ने अफगानिस्तान को यूएई पर पांच विकेट की जीत दिलाई

अजमतुल्लाह उमरजई के ऑलराउंड प्रदर्शन और सलामी बल्लेबाज इब्राहिम जादरान के अर्धशतक से अफगानिस्तान ने आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप डी मैच में सोमवार को यहां यूएई को पांच विकेट से हराकर सुपर आठ में जगह बनाने की अपनी धुंधली उम्मीदों को जीवंत रखा।

यूएई के 161 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगानिस्तान ने जादरान (53 रन, 41 गेंद, छह चौके, एक छक्का), दारविश रसूली (23 गेंद में 33 रन) और अजमतुल्लाह (21 गेंद में नाबाद 40 रन, तीन छक्के, दो चौके) की पारियों से 19.2 ओवर में पांच विकेट पर 162 रन बनाकर जीत दर्ज की।

पहले दो मैच में शिकस्त झेलने वाले अफगानिस्तान के ग्रुप में अब दो अंक हैं। यूएई के भी दो अंक हैं। दक्षिण अफ्रीका छह अंक के साथ सुपर आठ के लिए क्वालीफाई कर चुका है जबकि न्यूजीलैंड के चार अंक हैं। इन सभी टीम ने तीन-तीन मैच खेले हैं।

यूएई की ओर से जुनैद सिद्दिकी ने 23 जबकि मोहम्मद अरफान ने 30 रन देकर दो-दो विकेट चटकाए लेकिन टीम को जीत नहीं दिला पाए। इससे पहले अजमतु्ल्लाह (15 रन पर चार विकेट) और मुजीब उर रहमान (31 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने यूएई की टीम नौ विकेट पर 160 रन ही बना सकी।

Published: undefined

ऑस्ट्रेलिया ने हेज़लवुड की जगह स्टीव स्मिथ को टीम में शामिल किया

ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका के खिलाफ होने वाले टी20 विश्व कप के महत्वपूर्ण मैच से कुछ घंटे पहले सोमवार को चोटिल तेज गेंदबाज जोश हेज़लवुड की जगह बल्लेबाज स्टीव स्मिथ को टीम में शामिल कर दिया।

इस तरह स्मिथ ऑस्ट्रेलियाई टीम के 15वें सदस्य बन गए हैं।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने एक बयान में कहा, ‘‘स्मिथ को पिंडली की चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर होने वाले हेज़लवुड की जगह टीम में शामिल किया गया है। टीम के चिकित्सकों को उम्मीद थी कि वह (हेज़लवुड) टूर्नामेंट के अंतिम चरण में खेलने के लिए समय पर फिट हो जाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया।’’

इससे पहले चोटिल कप्तान मिचेल मार्श के कवर के तौर पर स्मिथ को श्रीलंका भेजा गया था। मार्श ऑस्ट्रेलिया के शुरुआती दोनों मैच में नहीं खेल पाए थे। उन्होंने हालांकि रविवार को टीम के साथ अभ्यास किया।

स्मिथ ने पिछले साल फरवरी के बाद से कोई टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है, लेकिन घरेलू प्रतियोगिताओं में उन्होंने इस प्रारूप में अच्छा प्रदर्शन किया है।

पीटीआई के इनपुट के साथ

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined