खेल

खेल: LSG-RCB मैच में भुवनेश्वर कुमार हासिल करेंगे खास उपलब्धि और 'श्रेयस का जल्दी आउट होना मैच का टर्निंग प्वाइंट'

आरसीबी के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के आईपीएल करियर का यह 200वां मैच होगा। पूर्व भारतीय ओपनर आकाश चोपड़ा के अनुसार, पीबीकेएस का एसआरएच के खिलाफ चेज कप्तान श्रेयस अय्यर के जल्दी आउट होने के कारण पटरी से उतर गया।

 आरसीबी के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के आईपीएल करियर का यह 200वां मैच होगा।
आरसीबी के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के आईपीएल करियर का यह 200वां मैच होगा।  

एलएसजी-आरसीबी मैच में भुवनेश्वर कुमार हासिल करेंगे खास उपलब्धि, कोहली, हेजलवुड और कोच एंडी फ्लावर ने दी बधाई

आईपीएल 2026 में गुरुवार की शाम इकाना स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच मुकाबला होना है। आरसीबी के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के आईपीएल करियर का यह 200वां मैच होगा। इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पहले विराट कोहली ने भुवनेश्वर कुमार की तारीफ की है। कोच एंडी फ्लावर और साथी तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने भी भुवनेश्वर को बधाई दी है।

आरसीबी के एक्स अकाउंट पर साझा किए गए वीडियो में कोहली ने कहा, "एक तेज गेंदबाज के तौर पर 200 मैच खेलना बड़ी बात है। मुझे पता है कि यह टी20 क्रिकेट है। भुवनेश्वर ने इतने सालों में हर फॉर्मेट में बहुत क्रिकेट खेला है। वह एक सफल गेंदबाज रहे हैं।"

 विराट ने कहा, "भुवी के बारे में जो बात मुझे सबसे अच्छी लगी, वह है उनकी गेम की समझ। वह शायद आईपीएल इतिहास के शीर्ष तीन तेज गेंदबाजों में से एक हैं। अगर आप उनकी इकॉनमी, विकेटों की संख्या, और हर गेम में फेंकी गई डॉट गेंदों की संख्या देखें, तो यह कमाल है। वह ऐसा इंसान है जिस पर आप हर बार दबाव में भरोसा कर सकते हैं। इतने सालों तक उस स्तर की स्किल बनाए रखना और उसे कार्यान्वित करना एक बड़ी उपलब्धि है।"

Published: undefined

श्रेयस का जल्दी आउट होना मैच का टर्निंग प्वाइंट था: आकाश चोपड़ा

पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 49वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के हाथों 33 रन से हार का सामना करना पड़ा। पूर्व भारतीय ओपनर आकाश चोपड़ा के अनुसार, पीबीकेएस का एसआरएच के खिलाफ चेज कप्तान श्रेयस अय्यर के जल्दी आउट होने के कारण पटरी से उतर गया। चोपड़ा ने इस विकेट को मैच का टर्निंग प्वाइंट बताया, जिसे मेहमान टीम 33 रनों से हार गई।

आकाश चोपड़ा ने 'जियोहॉटस्टार' पर कहा, "वे (पंजाब किंग्स) पहले ही दो विकेट गंवा चुके थे। एक आंकड़ा है कि अगर आप चेज करते समय पावरप्ले में दो या उससे ज्यादा विकेट गंवा देते हैं, तो लगभग 70 प्रतिशत मैचों में आप बैकफुट पर आ जाते हैं। यह (अय्यर) तीसरा विकेट था। पिच थोड़ी धीमी थी। मुझे पता है कि कूपर कॉनली ने बहुत अच्छा खेला, लेकिन ऐसी पिचों पर, आप अपने अनुभवी भारतीय बल्लेबाजों से उम्मीद करते हैं कि जब गेंद बल्ले पर आसानी से न आ रही हो, तो वे आपको मुश्किल से निकालें। ऐसे में, अगर श्रेयस जल्दी आउट हो जाते हैं, खासकर जब लक्ष्य बड़ा हो, तो मैच जीतना बहुत मुश्किल हो जाता है।

उन्होंने कहा, "दिल्ली के खिलाफ भी, ओपनर्स की शानदार शुरुआत के बावजूद, अगर श्रेयस के दो कैच न छूटे होते, तो शायद पंजाब वह मैच भी हार जाती। उनके बिना जीत मुमकिन नहीं थी। एक बार जब वह आउट हो गए, तो मैच लगभग हाथ से निकल चुका था।"

Published: undefined

डेविड वॉर्नर: शराब पीकर गाड़ी चलाने का मामला, अगली सुनवाई 24 जून को होगी

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर डेविड वॉर्नर पर शराब पीकर गाड़ी चलाने का आरोप लगा है। रैंडम ब्रेथ टेस्ट में उनका अल्कोहल लेवल कानूनी सीमा से दोगुने से ज्यादा पाया गया। मामला 5 अप्रैल का है, जब सिडनी के पूर्वी इलाके में पुलिस ने रोडसाइड जांच के दौरान उन्हें रोका था।

गुरुवार को वेवर्ली स्थानीय अदालत में इस मामले की पहली सुनवाई हुई। हालांकि, वार्नर को खुद कोर्ट में पेश होने की जरूरत नहीं पड़ी। उनके वकील, बॉबी हिल, ने अदालत को बताया कि पुलिस को कुछ रिप्रेजेंटेशन दिए गए हैं और उन पर जवाब आने तक मामले को आगे बढ़ाने की मांग की गई है। कोर्ट ने अगली सुनवाई 24 जून तय की है।

 वार्नर के वकील ने कहा कि क्रिकेटर अपनी गलती मानते हैं और उन्हें इस फैसले पर पछतावा है। हिल के मुताबिक, वार्नर ने एक दोस्त के अपार्टमेंट में तीन ग्लास वाइन पी थी और उसके बाद उबर लेने की बजाय खुद कार चलाने का फैसला किया, जिसे उन्होंने लापरवाही और बेवकूफी भरा कदम बताया।

Published: undefined

मजबूत बल्लेबाजी को देखते हुए आईपीएल में गेंदबाजों को बारीकी से तैयारी करनी होती है : फ्रेंकलिन

सनराइजर्स हैदराबाद के सहायक कोच जेम्स फ्रेंकलिन ने कहा कि आईपीएल में गेंदबाजों को बल्लेबाजों के आक्रामकता से रन बनाने के तरीकों की गहरी समझ होनी चाहिये ।

उन्होंने अपने इस तर्क को पैट कमिंस के उस दांव से जोड़ा जिसमें उन्होंने पंजाब किंग्स के सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य की 'पूल शॉट' खेलने की आदत का फायदा उठाया था।

सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान कमिंस ने आर्य को आफ स्टम्प के बाहर बाउंसर फेंका और अपर कट की बजाय आर्य ने पूल शॉट खेला जिससे गेंद डीप स्क्वेयर लेग पर खड़े एशान मलिंगा के हाथों में गई ।

फ्रेंकलिन ने मैच के बाद कहा ,‘‘ पैट कमिंस और मुख्य कोच डेनियल विटोरी को काफी बारीकी से जानकारी है और मुझे लगता है कि आईपीएल में बल्लेबाजी इतनी मजबूत है कि हर गेंदबाज को बारीकी से जानकारी होनी चाहिये । खासकर शीर्ष तीन या चार बल्लेबाजों को , विशेष तौर पर पावरप्ले में ।’’

फ्रेंकलिन ने कहा कि सनराइजर्स के गेंदबाजों को मैच से पूर्व फीडबैक से पंजाब के आक्रामक बल्लेबाजों के खिलाफ रणनीति तैयार करने में मदद मिली ।

Published: undefined

पाकिस्तान के खिलाफ श्रृंखला से टकराव के बावजूद आईपीएल के लिए रुकेंगे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी

 क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बृहस्पतिवार को पुष्टि की कि कप्तान पैट कमिंस सहित उसके खिलाड़ियों को आईपीएल 2026 में अपनी प्रतिबद्धता पूरी करने की स्वीकृति मिलेगी और उन्हें पाकिस्तान के खिलाफ 30 मई से शुरू हो रही तीन मैच की एकदिवसीय श्रृंखला के लिए छूट दी जाएगी।

आईपीएल का लीग चरण 24 मई को संपन्न होगा जबकि टूर्नामेंट का फाइनल 31 मई को खेला जाएगा।

ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के 23 मई को इस्लामाबाद पहुंचने का कार्यक्रम है जो आईपीएल का अंतिम चरण होगा।

सनराइजर्स हैदराबाद के एक सूत्र ने पीटीआई से कहा, ‘‘हां, हमें सूचना मिली है कि हमारी टीम में शामिल ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी आईपीएल के लिए रुकेंगे।’’

कप्तान कमिंस के अलावा ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड भी सनराइजर्स की टीम का हिस्सा हैं।

आईपीएल में खेल रहे ऑस्ट्रेलिया के अन्य खिलाड़ी जोश हेजलवुड, टिम डेविड (दोनों रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु), मिचेल मार्श, जोश इंग्लिस (दोनों लखनऊ सुपर जाइंट्स), जेवियर बार्टलेट, मार्कस स्टोइनिस, कूपर कोनोली (तीनों पंजाब किंग्स), मैथ्यू शॉर्ट (चेन्नई सुपरकिंग्स), मिचेल स्टार्क (दिल्ली कैपिटल्स) और कैमरन ग्रीन (कोलकाता नाइट राइडर्स) हैं।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

Published: undefined

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined