
भारत और इंग्लैंड के बीच एजबेस्टन में वनडे सीरीज का पहला मैच खेला जा रहा है। भारतीय टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने इस मैच में अपने वनडे करियर की एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
लंबे समय बाद वनडे फॉर्मेट में लौटे बुमराह ने इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक को आउट किया। ब्रूक के विकेट के साथ ही बुमराह ने वनडे करियर में 150 विकेट पूरे कर लिए।
वनडे फॉर्मेट में 150 विकेट लेने वाले बुमराह भारत के दसवें तेज गेंदबाज और ओवरऑल 16वें भारतीय गेंदबाज बने हैं। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने अपने 90वें मैच में यह उपलब्धि हासिल की है।
हैरी ब्रूक के विकेट के साथ ही बुमराह इंग्लैंड में सर्वाधिक वनडे विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। इंग्लैंड में बुमराह 31 विकेट ले चुके हैं। रवींद्र जडेजा 30 विकेट के साथ दूसरे नंबर पर हैं।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने सोमवार को इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले ऐतिहासिक टेस्ट मैच को 270 रन से अपने नाम किया। 'मास्टर-ब्लास्टर' सचिन तेंदुलकर ने लॉर्ड्स में खेले गए पहले महिला टेस्ट को क्रिकेट के लिए एक 'सुनहरा पल' बताया, जो महिला क्रिकेट के विकास में एक बड़ा कदम है।
भारत-इंग्लैंड के बीच यह ऐतिहासिक मुकाबला 4 दिन तक चला, जिसमें कुल 37,846 दर्शकों की मौजूदगी ने भी इस क्रिकेट दिग्गज को प्रभावित किया। तेंदुलकर का मानना है कि लॉर्ड्स में मिला यह समर्थन महिला क्रिकेट के लिए एक बहुत बड़े सफर की सिर्फ शुरुआत है। उन्होंने कहा, "मैं पढ़ रहा था कि चार दिनों में 30,000 से ज्यादा लोग आए थे, जो बहुत बढ़िया है। यह तो बस शुरुआत है। मुझे यकीन है कि आगे हमारे लिए और भी बड़ी चीजें होने वाली हैं।"
सोमवार को 'होम ऑफ क्रिकेट' (लॉर्ड्स) में मुकाबले के चौथे दिन की शुरुआत से पहले सचिन तेंदुलकर ने भारतीय टीम को संबोधित किया था। अपने खेल के दिनों में अनगिनत यादें बनाने वाले लॉर्ड्स मैदान पर वापस आकर तेंदुलकर ने कहा कि यहां पहली बार महिला टेस्ट का आयोजन खेल के लिए एक ऐतिहासिक मौका है।
तेंदुलकर ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के एक वीडियो में कहा, "फिर से हरे-भरे मैदान पर कदम रखकर अच्छा लग रहा है। महिला क्रिकेट के लिए यह एक बड़ा पल है क्योंकि मुझे याद है कि 1976 में - अगर मैं गलत नहीं हूं - तो महिलाओं का पहला वनडे यहीं खेला गया था। मुझे लगता है कि वह 40 ओवर का मैच था और सचमुच अब 50 साल बाद, हम यहां लॉर्ड्स में टेस्ट मैच खेल रहे हैं। मैंने हमेशा टेस्ट क्रिकेट को क्रिकेट का सबसे ऊंचा स्तर माना है। इसलिए यह एक शानदार मौका है। मैं इसे महिला क्रिकेट में एक सुनहरा पल कहूंगा। इसका पूरा श्रेय आईसीसी को जाता है। मुझे पता है कि भारत में कुछ साल पहले जय शाह ने यह पहल शुरू की थी और जब सैलरी में बराबरी की बात आई, तो महिला क्रिकेट को भी पुरुष क्रिकेट के बराबर ही फायदा मिला। आज यहां लॉर्ड्स में महिलाओं का टेस्ट मैच देखना दिल को छू लेने वाला है।"
इंग्लैंड के स्टार मिडफील्डर और उप-कप्तान डेक्लान राइस बीमारी से उबर चुके हैं, लेकिन अर्जेंटीना के खिलाफ फीफा विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में उनके खेलने पर अंतिम फैसला मैच से ठीक पहले लिया जाएगा। इंग्लैंड के मुख्य कोच थॉमस ट्यूशेल उनकी फिटनेस पर करीबी नजर बनाए हुए हैं और अंतिम निर्णय लेने से पहले आखिरी ट्रेनिंग सत्र का इंतजार करेंगे।
राइस नॉर्वे के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मुकाबले से पहले बीमार पड़ गए थे। रिपोर्ट के अनुसार, वह मैच से पहले तीन दिनों तक बिस्तर पर रहे। इसके बावजूद उन्होंने मुकाबले में शुरुआत की, लेकिन पहले हाफ में असहज दिखे और हाफ-टाइम पर उन्हें मैदान से बाहर बुला लिया गया। अब उनकी तबीयत पहले से काफी बेहतर है और उन्होंने सोमवार को टीम के साथ नियमित ट्रेनिंग भी की।
हालांकि बीमारी के अलावा राइस हैमस्ट्रिंग और पीठ दर्द की समस्या से भी जूझ रहे हैं। इसके बावजूद 27 वर्षीय मिडफील्डर को भरोसा है कि वह अर्जेंटीना के खिलाफ शुरुआती एकादश में जगह बनाने के लिए पूरी तरह तैयार होंगे। 78 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके राइस इस विश्व कप में इंग्लैंड के लगभग सभी मुकाबलों में शुरुआती टीम का हिस्सा रहे हैं। केवल पनामा के खिलाफ ग्रुप चरण का मैच वह चोट के कारण नहीं खेल पाए थे।
ब्रेंडन मैकुलम ने राष्ट्रीय टेस्ट कोच के तौर पर अपने नतीजों के लिए इंग्लैंड के क्रिकेट प्रशंसकों से माफी मांगी है और माना कि ‘अब किसी और को मौका देने का समय आ गया है।’
मैकुलम सीमित ओवरों की टीम के प्रभारी बने रहे लेकिन रविवार को उन्हें टेस्ट क्रिकेट में इस भूमिका से हटा दिया गया जो वह 2022 से संभाल रहे थे।
न्यूजीलैंड के इस खिलाड़ी ने पुष्टि की कि उन्हें हटाया गया था और उन्होंने खुद पद नहीं छोड़ा था जैसा कि इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने एक बयान में कहा था।
एजबेस्टन में सोमवार को उन्होंने कहा, ‘‘हां, मुझे पद से हटा दिया गया। मैं निराश था लेकिन साथ ही मैं इस फैसले का पूरा सम्मान करता हूं। हम नतीजों पर आधारित खेल में हैं और असल में हमारे नतीजे उतने अच्छे नहीं थे। अब किसी और को मौका देने का समय आ गया है।’’
इंग्लैंड के टेस्ट कोच के तौर पर मैकुलम का रिकॉर्ड 27 जीत, दो ड्रॉ और 20 हार का रहा। कप्तान बेन स्टोक्स के साथ उनके कार्यकाल को ‘बैजबॉल’ नाम दिया गया था। आक्रामक खेल ने टेस्ट क्रिकेट में नई जान फूंकी और शानदार नतीजे दिए। उनके कार्यकाल की शुरुआत में इंग्लैंड ने अपने पहले 11 टेस्ट मैच में से 10 जीते।
सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी के कंधे की समस्या के कारण उन्हें और चिराग शेट्टी को मंगलवार को यहां जापान ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में मैच के बीच से हटना पड़ा जबकि दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू ने मलेशिया की वोंग लिंग चिंग पर सीधे गेम में जीत दर्ज करके महिला एकल के दूसरे दौर में जगह बनाई।
सात्विक और चिराग की विश्व में चौथे नंबर की जोड़ी ने सिंगापुर ओपन जीतकर दो साल से चले आ रहे खिताबी सूखे को खत्म किया था। इसके बाद उन्होंने इंडोनेशिया ओपन में भाग नहीं लिया था। जापान ओपन में उन्होंने डेनमार्क के डेनियल लुंडगार्ड और मैड्स वेस्टरगार्ड से पहला गेम 19-21 से हारने के बाद हटने का फैसला किया।
भारतीय टीम के मुख्य युगल कोच टैन किम हर ने कहा कि भारतीय जोड़ी अगले सप्ताह होने वाले चीन ओपन में हिस्सा नहीं लेगी और अगस्त में भारत में होने वाली विश्व चैंपियनशिप के लिए अपनी फिटनेस हासिल करने के लिए चोट से उबरने की प्रक्रिया पर ध्यान देगी।
उन्होंने कहा, ‘‘सात्विक को ठीक होने में अभी कुछ समय लगेगा। विश्व चैंपियनशिप से पहले हमें कम से कम चार सप्ताह का समय मिलेगा जिससे हम पुरानी लय हासिल कर सकते हैं।’’
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए