खेल

खेल: कुलदीप की कैरियर को लेकर कोच साइराज बहुतुले ने दिया अपडेट और कोलंबो टेस्ट के लिए श्रीलंका टीम का ऐलान

भारत के स्पिन गेंदबाजी कोच साइराज बहुतुले ने कहा, ‘‘कुलदीप शानदार गेंदबाजी कर रहे हैं। गॉल में परिस्थितियां अलग थीं।" श्रीलंका क्रिकेट ने भारत के खिलाफ रविवार से शुरू हो रहे दूसरे टेस्ट मैच के लिए टीम की घोषणा कर दी है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

कुलदीप टीम की योजना में शामिल, एक खराब प्रदर्शन काबिलियत का पैमाना नहीं: बहुतुले

भारत के स्पिन गेंदबाजी कोच साइराज बहुतुले ने कुलदीप यादव का बचाव करते हुए शुक्रवार को कहा कि बाएं हाथ का यह कलाई का स्पिनर टीम प्रबंधन की योजनाओं का हिस्सा है और एक मैच में खराब प्रदर्शन से उनकी काबिलियत तय नहीं होती।

पहले टेस्ट में कुलदीप को दोनों पारियों में कुल 25 ओवर गेंदबाजी करने के बाद सिर्फ एक विकेट मिला था। दूसरी ओर बाएं हाथ के युवा स्पिनर मानव सुथार और अनुभवी रविंद्र जडेजा ने मिलकर 14 विकेट लिए थे।

बहुतुले ने कहा, ‘‘कुलदीप शानदार गेंदबाजी कर रहे हैं। गॉल में परिस्थितियां अलग थीं। उन्हें एक अलग भूमिका निभानी पड़ी। कुलदीप हमेशा से मैच जिताने वाले गेंदबाज रहे हैं और टीम की योजना में शामिल हैं।’’

बहुतुले ने कहा, ‘‘ सभी स्पिनरों को नरम गेंद से परेशानी होती है। लेकिन बाएं हाथ के स्पिनर या ऑफ स्पिनर उंगलियों से गेंद को नियंत्रित कर लेते हैं, इसलिए उनके लिए यह थोड़ा आसान होता है। वहीं, लेग स्पिनर के लिए नरम गेंद से गेंदबाजी करना ज्यादा मुश्किल होता है, क्योंकि गेंद की सीम दबकर नीचे चली जाती है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ कलाई के स्पिनर के लिए नरम गेंद से गेंदबाजी करना ज्यादा मुश्किल होता है। गेंद की सीम नरम होने के कारण नीचे चली जाती है। ऐसे में गेंद को मनचाही तरह से घुमाना और उछाल हासिल करना चुनौतीपूर्ण हो जाता है।’’

बहुतुले ने कहा, ‘‘एक मैच के प्रदर्शन से किसी गेंदबाज का आकलन नहीं किया जा सकता। कुलदीप ने भी परिस्थितियों के मुताबिक अपनी भूमिका में बदलाव करने की पूरी कोशिश की।’’

गिल ने नेट पर बाएं हाथ के स्पिनरों का सामना किया, कुलदीप और राहुल ने अभ्यास नहीं किया

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट क्रिकेट मैच में बाएं हाथ के स्पिनरों के सामने अपने निराशाजनक प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए शुक्रवार को यहां इस तरह के गेंदबाजों के सामने कड़ा अभ्यास किया।

गॉल में खेले गए पहले टेस्ट में गिल बाएं हाथ के स्पिनर प्रभात जयसूर्या के हाथों दो बार आउट हुए। इस मैच में उन्होंने 16 और आठ रन बनाए। भारत ने यह मैच 165 रन से जीता। दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से यहां शुरू होगा।

गिल सही लाइन का अनुमान नहीं लगा पाने के कारण बाएं हाथ के परंपरागत गेंदबाजों के सामने संघर्ष करते हुए नजर आते हैं। पहले टेस्ट मैच में भी जयसूर्या को खेलने में उन्हें परेशानी हो रही थी।

टेस्ट क्रिकेट में 42 मैचों में गिल को बाएं हाथ के स्पिनरों ने 11 बार आउट किया है।

गिल ने सिंहली स्पोर्ट्स क्लब की नेट पर बाएं हाथ के स्पिनरों के खिलाफ जमकर अभ्यास किया। उन्होंने काफी समय तक मानव सुथार, रविंद्र जडेजा और कुछ स्थानीय गेंदबाजों का सामना किया।

भारत के स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले ने गिल के नेट सत्र के बारे में जानकारी दी और कहा कि वह कोलंबो की परिस्थितियों के अनुकूल ढलने की कोशिश कर रहे थे।

बहुतुले ने कहा, ‘‘जिस तरह से वह खेलते हैं, रन प्रवाह हमेशा बना रहता है। इसलिए वह पिच की स्थिति, पिच की गति का आकलन कर रहे हैं और यह अनुमान लगा रहे हैं कि वह किस तरह के शॉट लगा सकते हैं। वह खुद को परिस्थितियों के अनुसार ढाल रहे हैं।’’

श्रीलंका ने कोलंबो टेस्ट के लिए 14 सदस्यीय टीम का किया ऐलान, अराचिगे और मिशारा को मौका

श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने भारत के खिलाफ रविवार से शुरू हो रहे दूसरे टेस्ट मैच के लिए टीम की घोषणा कर दी है। 14 सदस्यीय टीम में ऑलराउंडर सहन अराचिगे और बल्लेबाज कामिल मिशारा को शामिल किया गया है।

 पहले टेस्ट के दौरान चोटिल हुए दिनेश चांदीमल दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं। उनके रिप्लेसमेंट रहे पासिंदु सोरियाबंदारा को भी टीम से बाहर रखा गया है। दूसरे ओपनर निशान मदुश्का को जगह नहीं मिली, जबकि गेंदबाजी ऑलराउंडर रमेश मेंडिस और तेज गेंदबाज दिलशान मदुश्का भी टीम में जगह नहीं बना सके।

 अराचिगे को भारत ए के खिलाफ उनके शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है। अराचिगे ने भारत ए के खिलाफ हाल ही में श्रीलंका ए क्रिकेट टीम की कप्तानी की थी और बेहतरीन बल्लेबाजी की थी। अराचिगे ने पहले मैच में 72 और दूसरे मैच में 127 रन की पारी खेली थी। दो अनाधिकारिक मैचों की सीरीज में भारतीय साई सुदर्शन के बाद अराचिगे दूसरे श्रेष्ठ स्कोरर रहे थे। अराचिगे को टेस्ट डेब्यू का इंतजार है।

श्रीलंका टीम: लाहिरू उदारा, कामिल मिशारा, पासिंदू सोरियाबंदारा, कामिंडू मेंडिस (उपकप्तान), धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), सहन अराचिगे, सोनल दिनुशा, निरोशन डिकवेला, केशरा नुवांथा, प्रभात जयसूर्या, मिलन रत्नायके, लाहिरू कुमारा, असिथा फर्नांडो, विश्वा फर्नांडो।

ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए प्लेइंग इलेवन का ऐलान किया 

ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश के खिलाफ शनिवार से दक्षिण मैके में शुरू हो रहे सीरीज के दूसरे और आखिरी टेस्ट के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन का ऐलान कर दिया है। मैथ्यू रेनशॉ की टीम में वापसी हुई है। वह ट्रेविस हेड के साथ पारी शुरुआत करेंगे। मार्नस लाबुशेन और नाथन लियोन भी प्लेइंग इलेवन में जगह बचाने में कामयाब रहे हैं।

 रेनशॉ फरवरी 2023 के बाद अपना पहला टेस्ट खेलेंगे। वह अपना आखिरी टेस्ट भारत के खिलाफ ही दिल्ली में खेले थे। उस समय वह नियमित ओपनर डेविड वार्नर के लिए कनकशन सब्स्टीट्यूट के तौर पर आए थे। रेनशॉ 14 टेस्ट मैचों की 24 पारियों में 1 शतक और 3 अर्धशतक लगाते हुए 645 रन बनाए हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर 184 है। रेनशॉ को पिछले मैच की दोनों पारियों में असफल रहे सलामी बल्लेबाज जेक वेदराल्ड की जगह टीम में शामिल किया गया है।

 मार्नस लाबुशेन लंबे समय से बड़ा स्कोर नहीं कर पा रहे हैं। डार्विन में खेले गए पिछले टेस्ट में भी दोनों पारियों में वह अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके थे। इसके बावजूद मैके टेस्ट के लिए प्लेइंग इलेवन में उनकी जगह बरकरार है। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान निश्चित रूप से इस बल्लेबाज मैके टेस्ट में बड़े स्कोर की उम्मीद करेंगे।

जैकब मार्टिन को 22 साल पुराने में पटियाला हाउस कोर्ट ने बरी किया

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज जैकब मार्टिन को पटियाला हाउस कोर्ट ने 22 साल पुराने एक मामले में बड़ी राहत दी है। 2004 के इस मामले में कोर्ट ने मार्टिन को सभी आरोपों से बरी कर दिया है।

 पूर्व क्रिकेटर पर फर्जी यूके आव्रजन स्टाम्प, यात्रा व्यवस्था और वित्तीय लेनदेन से जुड़ा आरोप लगाया गया था, जिसे साबित नहीं किया जा सका। अदालत को वित्तीय लेनदेन या अजवा स्पोर्ट्स क्लब पर उनके स्वामित्व या नियंत्रण से जुड़ा कोई भी ठोस और विश्वसनीय सबूत नहीं मिला। कई गवाह भी इन आरोपों को साबित करने में विफल रहे।

मीडिया से बात करते हुए मार्टिन ने बताया कि यह मामला 2004 में उनकी टीम के एक सदस्य द्वारा ब्रिटेन का वीजा समाप्त होने के बाद वहां रुकने और फर्जी आव्रजन स्टाम्प लगवाकर भारत लौटने के बाद शुरू हुआ था। मूल एफआईआर में उनका नाम नहीं था। बाद में उनका नाम मामले में जोड़ दिया गया।

आईएएनएस और पीटीआई के इनपुट के साथ