अपनी कप्तान में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को पांच आईपीएल खिताब जिताने वाले महेंद्र सिंह धोनी ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से संन्यास का ऐलान कर दिया है। माही अब फ्रेंचाइजी के साथ मेंटॉर की भूमिका में नजर आएंगे। चेन्नई सुपर किंग्स के मालिक एन. श्रीनिवासन का मानना है कि माही के बिना सीएसके की कल्पना नहीं की जा सकती है।
एन श्रीनिवासन ने बताया कि महेंद्र सिंह धोनी इस फ्रेंचाइजी के लिए क्या मायने रखते हैं। उन्होंने कहा, "एमएस धोनी के बिना सीएसके की कल्पना नहीं की जा सकती। लगभग दो दशकों तक, हम एक-दूसरे के साथ चले हैं और आगे बढ़े हैं—चाहे जीत हो, हार हो या बीच के उतार-चढ़ाव, हम हमेशा साथ रहे हैं। हमारा रिश्ता इतना मजबूत है, और इसकी एक ही वजह है: हम एक-दूसरे के इरादों पर कभी सवाल नहीं उठाते। इसी भरोसे ने इस सफर को मुमकिन बनाया है। साल 2008 में, मैंने जोर देकर कहा था कि धोनी को सीएसके का हिस्सा होना चाहिए... और यह मेरा अब तक का सबसे बेहतरीन फैसला साबित हुआ। सिर्फ इसलिए नहीं कि उन्होंने फ्रेंचाइजी के लिए इतनी उपलब्धियां हासिल कीं, बल्कि इसलिए कि वे एक बेहतरीन इंसान हैं। धोनी हमेशा हमारी पहचान का हिस्सा रहेंगे। यह हमेशा उनका अपना घर रहेगा।"
चेन्नई सुपर किंग्स की मालकिन, रूपा गुरुनाथ ने कहा, "एमएस धोनी जैसा खिलाड़ी जिंदगी में बस एक बार ही आता है। हम बहुत भाग्यशाली हैं और तहे दिल से आभारी हैं कि वे सीएसके की शुरुआत से ही हमारे साथ रहे हैं। आज यह टीम जो कुछ भी है, उसकी नींव उन्होंने ही रखी है। एमएस धोनी चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सिर्फ एक 'लीजेंड' से कहीं बढ़कर हैं। मैदान के अंदर और बाहर, उन्होंने हमें जो कुछ भी दिया है, वह अनमोल है। उनका नेतृत्व, विनम्रता, समर्पण और लाखों फैंस के साथ उनका जुड़ाव वाकई खास है।"
भारतीय तेज गेंदबाज गुरनूर बरार को पिछले सप्ताह खेले गए चौथे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज टिम सीफर्ट के आउट होने पर आक्रामक तेवर दिखाने के लिए मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने फटकार लगाई और उनके खाते में एक ‘डिमेरिट’ अंक जोड़ दिया।
आईसीसी ने कहा कि माउंट मोनगानुई में खेले गए मैच के दौरान गुरनूर ने सीफर्ट के आउट होने का जश्न आक्रामक अंदाज में मनाया जिसे विपक्षी बल्लेबाज का अपमान करने वाला माना जा सकता था।
आईसीसी ने बयान में कहा, ‘‘बरार को आईसीसी की खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ की आचार संहिता के नियम 2.5 का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया। यह नियम अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान किसी बल्लेबाज के आउट होने पर ऐसी भाषा, हरकतों या इशारों के इस्तेमाल से संबंधित है जो उसका अपमान करते हों या उस बल्लेबाज को आक्रामक प्रतिक्रिया देने के लिए उकसा सकते हों।’’
बयान के अनुसार, ‘‘इसके अलावा बरार के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक जोड़ा गया है। 24 महीने की अवधि में यह उनका दूसरा अपराध था जिससे उनके कुल दो डिमेरिट अंक हो गए हैं।’’
आईसीसी ने कहा कि बरार की हरकत से विपक्षी बल्लेबाज की ओर से भी आक्रामक प्रतिक्रिया हो सकती थी।
भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी आईपीएल के 2027 सत्र में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते नजर आएंगे।
लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) और राजस्थान रॉयल्स के बीच खिलाड़ियों की अदला-बदली हुई है। इसके तहत शमी और बाएं हाथ के स्पिनर एम. सिद्धार्थ राजस्थान रॉयल्स से जुड़ेंगे, जबकि इंग्लैंड के अनुभवी ऑलराउंडर सैम कुरेन लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम का हिस्सा बनेंगे। हाल ही में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने वाले शमी को राजस्थान रॉयल्स ने आठ करोड़ रुपये की संशोधित कीमत पर अपनी टीम में शामिल किया है।
शमी पिछले साल सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) से 10 करोड़ रुपये में लखनऊ सुपर जायंट्स से जुड़े थे। उनका नया करार हालांकि आठ करोड़ रुपये का होगा।
आईपीएल की ओर से मंगलवार को जारी बयान में कहा गया, ‘‘ दाएं हाथ के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी आगामी आईपीएल 2027 सत्र में लखनऊ सुपर जायंट्स से ट्रेड होने के बाद राजस्थान रॉयल्स का प्रतिनिधित्व करेंगे। लखनऊ ने उन्हें 10 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था, लेकिन अब वह आठ करोड़ रुपये की संशोधित कीमत पर राजस्थान रॉयल्स से जुड़ेंगे।”
पूर्व भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज दिनेश कार्तिक का मानना है कि युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अपनी क्रिकेट प्रतिभा से कहीं बड़ा ब्रांड बन चुके हैं और आधुनिक क्रिकेट की चुनौतियों से निपटने के लिए उन्हें मजबूत सहयोग और मार्गदर्शन की जरूरत होगी।
कार्तिक ने कहा कि 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी असाधारण प्रतिभा के धनी हैं और उनकी क्षमता उन्हें महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर की याद दिलाती है। वैभव इस साल की शुरुआत में भारत के लिए खेलने वाले सबसे कम उम्र के क्रिकेटर बने थे।
कार्तिक ने मुंबई में एक कार्यक्रम के दौरान कहा, ‘‘आजकल मैं जहां भी जाता हूं, लोग वैभव के बारे में ही पूछते हैं। यह वाकई दिलचस्प है। जब मैं 14 साल का था, तब इस बात की चिंता करता था कि गणित का होमवर्क कैसे पूरा करूं और आज यह बच्चा पूरी दुनिया में छाया हुआ है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इस तरह की प्रतिभा बार-बार देखने को नहीं मिलती। मेरी नजर में प्रतिभा के मामले में वैभव की जितनी चर्चा हो रही है, वैसी ही चर्चा पहले इसी देश के सचिन तेंदुलकर की होती थी। सचिन इस खेल के महानतम खिलाड़ियों में शामिल हैं। मुझे लगता है कि वैभव भी उसी तरह की प्रतिभा रखते हैं।’’
कार्तिक ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी प्रतिभा को निखारने और आगे बढ़ने के लिए वैभव को मजबूत सहयोग तंत्र की जरूरत होगी, क्योंकि आज के दौर में क्रिकेट की चुनौतियां दो दशक पहले की तुलना में काफी बदल गई हैं।
ऑस्ट्रेलिया और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम को देखते हुए अपना काम के बोझ को प्रबंधित करने के लिए आईपीएल 2027 से हटने का फैसला कर सकते हैं। एक खबर में यह दावा किया गया है।
‘क्रिकइन्फो’ के अनुसार हेड ने आगामी सत्र में नहीं खेलने के अपने फैसले से फ्रेंचाइजी को अवगत करा दिया है और सनराइजर्स उन्हें रिलीज कर सकती है।
यदि ऐसा होता है तो आईपीएल 2027 में हेड और अभिषेक शर्मा की सनराइजर्स की चर्चित सलामी जोड़ी एक साथ खेलती नजर नहीं आएगी।
हेड के हटने से सनराइजर्स की बल्लेबाजी को बड़ा झटका लग सकता है। हालांकि इससे फ्रेंचाइजी के पास 16 दिसंबर को गोवा में होने वाली नीलामी के लिए बड़ी रकम उपलब्ध हो सकती है।
हेड को सनराइजर्स ने 2025 की बड़ी नीलामी से पहले 14 करोड़ रुपये में रिटेन (अपने साथ बरकरार रखना) किया था। सभी फ्रेंचाइजी के लिए खिलाड़ियों को रिटेन और रिलीज करने की अंतिम मंगलवार 17 नवंबर है।
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए